उत्तर प्रदेश में सरकारी विभागों की वेबसाइट, कंप्यूटर नेटवर्क और ऑनलाइन सेवाओं को साइबर हमलों से बचाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब प्रदेश के सरकारी डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करने की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर को दी गई है। आईआईटी कानपुर का साइबर सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब (C3iHub) उत्तर प्रदेश में साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर (UP-CSOC) स्थापित करेगा। इस पूरी परियोजना पर 104.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हमारे सहयोगी लोकल 18 के रिपोर्टर अखंड प्रताप सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सेंटर स्थापित करने के साथ ही शुरुआती तीन साल तक इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी आईआईटी कानपुर के C3iHub के पास रहेगी। इस सेंटर के जरिए सरकारी विभागों के डिजिटल सिस्टम पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों और संभावित साइबर हमलों की पहचान की जाएगी।
