दीपावली के बाद अब UPI पेमेंट पर लगेगा चार्ज? ₹2,000 से ऊपर के ट्रांजैक्शन वाले नियम पर ये है अपडेट

UPI MDR Charges: क्या दिवाली बीतते ही अब आपके गूगल पे, फोनपे और पेटीएम से पेमेंट करने पर एक्स्ट्रा चार्ज कटेगा? ₹2,000 से ऊपर के डिजिटल पेमेंट्स पर 0.4% मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR को दिवाली बाद लागू करने की बात NPCI ने कही थी। क्या इसका असर आपकी जेब पर पड़ेगा या सिर्फ दुकानदारों को यह शुल्क देना होगा? जानिए

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 2:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
NPCI ने पहले इन नए शुल्कों को 15 अक्टूबर से लागू करने का फैसला किया था, लेकिन...

UPI MDR Charges Post Diwali Update: दिवाली का त्योहार बीत चुका है और कल, 11 नवंबर को भाई दूज के साथ ही त्योहारी सीजन समाप्त हो रहा है। ऐसे में अब देश भर के व्यापारियों और आम लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि UPI पेमेंट्स पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR कब से लागू होगा।

आपको बता दें कि NPCI ने पहले इन नए शुल्कों को 15 अक्टूबर से लागू करने का फैसला किया था, लेकिन त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसे दिवाली के बाद तक के लिए टाल दिया था। अब जल्द ही एनपीसीआई की ओर से नई तारीख के ऐलान की संभावना जताई जा रही है।

क्यों टाली गई थी MDR लागू करने की तारीख?


NPCI ने 13 अक्टूबर को जारी अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया था कि यूपीआई एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने त्योहारों के दौरान व्यापारियों और ग्राहकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ से बचने के लिए इसे स्थगित किया था।

एनपीसीआई ने कहा था, 'त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए, कुछ चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई पेमेंट्स पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा, जिसकी तारीख की अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी।'

MDR लगेगा तो क्या होगा?

एनपीसीआई द्वारा 15 सितंबर को जारी एफएक्यू (FAQs) के अनुसार, नए शुल्क नियम इस प्रकार होंगे:

₹2,000 से ऊपर के पेमेंट्स पर 0.4% चार्ज: ₹2,000 से अधिक मूल्य के योग्य पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई पेमेंट्स पर 0.4% का MDR लगेगा।

₹300 की अधिकतम सीमा: बड़ी रकम के पेमेंट्स पर राहत देते हुए चार्ज की अधिकतम सीमा ₹300 तय की गई है। जैसे अगर कोई मर्चेंट ₹1 लाख का यूपीआई पेमेंट रिसीव करता है, तो 0.4% के हिसाब से ₹400 शुल्क बनता है, लेकिन कैपिंग की वजह से उसे अधिकतम ₹300 ही शुल्क देना होगा।

विशेष सेक्टर्स के लिए रियायती दरें: रेलवे, टेलीकॉम, बीमा और फ्यूल (पेट्रोल-डीजल) जैसे मर्चेंट सेग्मेंट्स के लिए ₹2,000 से ऊपर के पेमेंट्स पर 0.4% के बजाय ₹5 प्रति ट्रांजेक्शन का फ्लैट कंसेशनल एमडीआर लगेगा।

कैपिटल मार्केट के लिए 0.02%: म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, स्टॉक ब्रोकर्स को दिए जाने वाले पेमेंट्स पर 0.02% (अधिकतम ₹300) का एमडीआर लागू होगा।

क्या आम ग्राहकों को जेब से देने होंगे एक्स्ट्रा पैसे?

नहीं! आम यूपीआई यूजर्स के लिए राहत की बात यह है कि यह शुल्क मर्चेंट-साइड ट्रांजेक्शन फीस है। इसका मतलब है कि एमडीआर का भुगतान केवल पेमेंट प्राप्त करने वाले व्यापारी को करना होगा, न कि भुगतान करने वाले ग्राहक को।

क्या एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को पैसा ट्रांसफर रहेगा फ्री?

हां, पूरी तरह मुफ्त रहेगा! प्रस्तावित एमडीआर नियम पर्सन-टू-पर्सन (P2P) यूपीआई ट्रांसफर पर लागू नहीं होंगे। दोस्तों और परिवार के सदस्यों को पैसे भेजना, बिल स्प्लिट करना या अपने ही एक बैंक खाते से दूसरे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करना पहले की तरह पूरी तरह से फ्री रहेगा।

कब तक हो सकता है आधिकारिक तारीख का ऐलान?

एनपीसीआई की तरफ से संशोधित तारीख की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है। इससे पहले एनपीसीआई ने दिवाली के तुरंत बाद इसे लागू करने की बात कही थी, इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने में ही NPCI अधिसूचना जारी कर नई प्रभावी तारीख का ऐलान कर देगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।