Gold Price: अमेरिका में दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ना अब लगभग तय माना जा रहा है और इसकी सबसे बड़ी कीमत सोना चुका रहा है। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को सोना 3830 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गया, जो अक्टूबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। CME के FedWatch टूल के हिसाब से बाजार दिसंबर में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की 91 फीसदी संभावना देख रहा है, जबकि 50 बेसिस प्वाइंट की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना 9 फीसदी है।
फेड अधिकारियों के बयानों से बना माहौल
बाजार की ये सोच यूं ही नहीं बनी। फेड के अधिकारी लगातार महंगाई पर सख्त बोल रहे हैं। कैनसस सिटी फेड के प्रेसिडेंट जेफ श्मिड ने रविवार को कहा कि महंगाई अब भी बहुत ज्यादा है और कीमतों के दबाव को काबू में लाने के लिए सेंट्रल बैंक को अभी और काम करना है।
सैन फ्रांसिस्को फेड की प्रेसिडेंट मैरी डेली ने भी कहा कि लगातार बनी महंगाई के संकेत, खासकर सर्विसेज में, फेड की ओर से दरों में और बढ़ोतरी के तर्क को मजबूत करते हैं।
RBMC के इंडिपेंडेंट कंसल्टेंट रॉबिन भर के मुताबिक, अब फोकस इस बात पर है कि फेड अगली पॉलिसी मीटिंग में दरें 25 बेसिस प्वाइंट बढ़ाएगा या 50 बेसिस प्वाइंट। उन्होंने कहा कि फेड के कई अधिकारियों ने बड़ी बढ़ोतरी की संभावना की ओर इशारा किया है।
ब्याज दर बढ़ने से सोना क्यों टूटता है
सोने की सबसे बड़ी कमजोरी यही है कि उसे रखने पर कोई ब्याज नहीं मिलता। जब ब्याज दरें ऊपर जाती हैं, तो ब्याज देने वाले विकल्प ज्यादा फायदेमंद दिखने लगते हैं और सोने का आकर्षण घट जाता है।
दूसरी चोट डॉलर से आती है। दरें बढ़ने की उम्मीद से डॉलर मजबूत हुआ है और अप्रैल 2025 के बाद के सबसे मजबूत स्तर के आसपास बना हुआ है। सोने का भाव डॉलर में तय होता है, इसलिए डॉलर चढ़ने पर दूसरी करेंसी रखने वालों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है।
GMT के मुताबिक सुबह 9:37 बजे स्पॉट गोल्ड 0.6 फीसदी गिरकर 3855.87 डॉलर प्रति औंस पर था। कारोबार के दौरान ये 3830 डॉलर तक गया था। दिसंबर डिलीवरी वाला अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.7 फीसदी टूटकर 3860.10 डॉलर पर आ गया।
वॉर्श के बयान और FOMC मिनट्स से मिलेगा अगला इशारा
अब बाजार की नजर दो बड़े मौकों पर है। पहला, फेड चेयर केविन वॉर्श का बयान, जो सोमवार को बाद में आना है। दूसरा, बुधवार को आने वाले फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की अक्टूबर मीटिंग के मिनट्स। इन दोनों से अमेरिका में ब्याज दरों की आगे की राह को लेकर नए संकेत मिलेंगे, और सोने की अगली चाल भी काफी हद तक इन्हीं पर टिकी होगी।
चांदी समेत बाकी धातुएं भी लाल निशान में
सोने के साथ बाकी कीमती धातुएं भी फिसलीं। स्पॉट सिल्वर 2.7 फीसदी गिरकर 47.40 डॉलर पर आ गया। प्लेटिनम 1.9 फीसदी टूटकर 1465.43 डॉलर पर और पैलेडियम 1.4 फीसदी गिरकर 986.52 डॉलर पर रहा।
चांदी के लिए एक और बुरी खबर है। कंसल्टेंसी Metals Focus ने शुक्रवार को जारी रिसर्च में 2026 में दुनिया भर में चांदी की मांग 5 फीसदी घटने का अनुमान लगाया है। इसकी वजह ज्वेलरी की कमजोर मांग और सोलर सेल में चांदी का कम इस्तेमाल बताई गई है, क्योंकि ऊंचे दाम के चलते इसके विकल्प तेजी से अपनाए जा रहे हैं।