US Supreme Court Decision: अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के रेसिप्रोकल टैरिफ रद्द करने के फैसले से सोने और चांदी को पंख लग गए। दोनों कीमती मेटल्स की कीमतों में देश और विदेश दोनों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 1.5 फीसदी उछलकर 5,071.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इधर, भारत में कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में भी गोल्ड फ्यूचर्स में शाम के कारोबार में जबर्दस्त तेजी दिखी। हालांकि, सोने की कीमतों पर उम्मीद से कमजोर अमेरिकी जीडीपी डेटा और डॉलर में नरमी का भी असर पड़ा।
एक दिन में चांदी में 11000 रुपये का उछाल
विदेशी बाजार में यूएस गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल डिलीवरी) 1.7 फीसदी के उछाल के साथ 5,080.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। सिल्वर स्पॉट तो 5.8 फीसदी के उछाल के साथ 82.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इधर, भारत में MCX में शाम के कारोबार में गोल्ड फ्यूचर्स और सिल्वर फ्यूचर्स में जोरदार उछाल देखने को मिला। गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल डिलीवरी) 2,174 रुपये यानी 1.4 फीसदी चढ़कर 1,56,993 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। सिल्वर फ्यूचर्स 10,649 रुपये यानी 4.41 फीसदी के उछाल के साथ 2,52,042 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।
US सुप्रीम कोर्ट के फैसले से इनवेस्टर्स काफी उत्साहित
उधर, 20 फरवरी को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी जबर्दस्त उछाल देखने को मिला। बताया जाता है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के ट्रंप टैरिफ को खत्म करने के फैसले से इनवेस्टर्स खुश हैं। उम्मीद है कि सोमवार यानी 23 फरवरी को इंडियन स्टॉक मार्केट्स और कमोडिटी मार्केट्स उछाल के साथ ओपन होंगे। शनिवार और रविवार को भारतीय शेयर बाजार और कमोडिटी बाजार बंद रहते हैं। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 20 फरवरी को कहा कि ट्रंप ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया है। इसे ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इन वजहों से सोने और चांदी में तेजी जारी रहने के आसार
एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल सोने और चांदी में तेजी जारी रह सकती है। इसकी बड़ी वजह वैश्विक अनिश्चितता है। अमेरिका और ईरान के बीच टकराव बढ़ रहा है। अमेरिका ने खाड़ी इलाके में सामरिक रूप से अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि उसने ईरान पर हमले को लेकर ठोस प्लान बना लिया है। अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है तो इससे जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ेगा। इससे बुलियन खासकर सोने की चमक बढ़ेगी। ऐसे में सोना नया ऑल टाइम हाई बना सकता है। बड़ी गिरावट के बाद चांदी की कीमतें अट्रैक्टिव लेवल पर हैं। चांदी का इंडस्ट्रियल इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। इससे सप्लाई के मुकाबले इसकी डिमांड ज्यादा है।
अनिश्चितता बढ़ने पर सोने और चांदी में बढ़ जाती है दिलचस्पी
दुनिया में टेंशन और अस्थिरता बढ़ने पर बुलियन की चमक बढ़ जाती है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के ट्रंप टैरिफ खत्म करने के फैसले के बाद ट्रंप ने नया 10 फीसदी टैरिफ लगा दिया है। लेकिन, इसे किस तरह से लागू किया जाएगा, इसे लेकर अनिश्चितता है। इस बीच, अमेरिकी सरकार ने अपनी एजेंसियों से एक्सपोर्ट पर रेसिप्रोकल टैरिफ की वसूली तुरंत बंद करने को कहा है। ऐसे में सवाल है कि अमेरिकी सरकार एक्सपोर्ट्स से वसूले गए टैरिफ को कब रिफंड करेगी। इन सवालों का जवाब मिलने तक इनवेस्टर्स की ज्यादा दिलचस्पी बुलियन खासकर गोल्ड में बने रहने की उम्मीद है।