क्या आपकी SIP उम्मीद से कम रिटर्न दे रही? ये 5 कारण हो सकते हैं जिम्मेदार

SIP का रिटर्न उम्मीद से कम क्यों दिख रहा है? सिर्फ बाजार की गिरावट ही वजह नहीं है। निवेश की अवधि, फंड का चुनाव, SIP की रकम और बाजार गिरने पर लिया गया फैसला भी रिटर्न पर बड़ा असर डाल सकता है। जानिए पांच वजहें।

अपडेटेड Sep 13, 2026 पर 3:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SIP का फायदा लंबे समय में ज्यादा साफ दिखाई देता है।

हर महीने SIP में पैसा जा रहा है, लेकिन जब पोर्टफोलियो देखते हैं तो रिटर्न उम्मीद के मुताबिक नहीं दिखता। ऐसे में कई निवेशक सोचने लगते हैं कि कहीं फंड का चुनाव ही गलत तो नहीं था। लेकिन कम रिटर्न के पीछे सिर्फ फंड जिम्मेदार नहीं होता। निवेश की अवधि से लेकर बाजार की चाल तक कई चीजें इसका असर डालती हैं।

1. SIP को पूरा समय नहीं मिला

SIP का फायदा लंबे समय में ज्यादा साफ दिखाई देता है। अगर आपने कुछ महीने या 1-2 साल पहले निवेश शुरू किया है तो रिटर्न कम या निगेटिव भी दिख सकता है। खासकर इक्विटी फंड में बाजार के उतार-चढ़ाव का असर जल्दी दिखाई देता है। इसलिए छोटी अवधि के रिटर्न को देखकर तुरंत फैसला लेने से बचना चाहिए।


2. बाजार का दौर कमजोर रहा

SIP बाजार से जुड़ा निवेश है। बाजार में गिरावट आती है तो पोर्टफोलियो का रिटर्न भी प्रभावित होता है। हालांकि, गिरते बाजार में SIP जारी रहने से एक फायदा होता है। आपकी तय रकम से ज्यादा यूनिट खरीदी जाती हैं। बाजार में तेजी लौटने पर ये यूनिट रिटर्न बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।

3. फंड का चुनाव सही नहीं रहा

हर म्यूचुअल फंड एक जैसा प्रदर्शन नहीं करता। कई निवेशक पिछले साल के शानदार रिटर्न को देखकर फंड चुन लेते हैं। बाद में प्रदर्शन कमजोर पड़ सकता है। इसलिए सिर्फ रिटर्न देखकर फंड चुनना सही तरीका नहीं है। बेंचमार्क, कैटेगरी के दूसरे फंड और लंबे समय के प्रदर्शन को भी देखना चाहिए।

4. SIP की रकम कम है

कई बार समस्या रिटर्न की नहीं, निवेश की रकम की होती है। अगर आपका लक्ष्य बड़ा है लेकिन SIP छोटी है तो अच्छा रिटर्न मिलने के बावजूद अंतिम कॉर्पस उम्मीद से कम रह सकता है। ऐसे में आय बढ़ने के साथ SIP में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी करना यानी Step-up SIP मददगार हो सकता है।

5. बाजार गिरते ही SIP रोक देना

बाजार में गिरावट देखकर SIP बंद करना आम गलती है। इससे कम कीमत पर यूनिट खरीदने का मौका छूट जाता है। इसी तरह बाजार तेजी में आने पर दोबारा निवेश शुरू करना भी सही रणनीति नहीं हो सकती। SIP का फायदा नियमित निवेश और लंबे समय तक बने रहने से मिलता है।

कम रिटर्न दिखे तो क्या करें?

सबसे पहले देखें कि SIP कितने समय से चल रही है। फिर फंड के प्रदर्शन की तुलना उसके बेंचमार्क और समान कैटेगरी के फंडों से करें। अगर बाजार कमजोर है लेकिन आपका फंड अपनी कैटेगरी के मुकाबले ठीक प्रदर्शन कर रहा है, तो सिर्फ कम रिटर्न देखकर SIP बंद करने की जरूरत नहीं है।

वहीं, अगर फंड लंबे समय से लगातार कमजोर प्रदर्शन कर रहा है तो पोर्टफोलियो की समीक्षा जरूर करनी चाहिए। SIP में धैर्य जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि खराब फंड को हमेशा पकड़े रहें।

EPF Calculator: पीएफ से भी बनाया जा सकता है एक करोड़ रुपये का फंड! जानिए इसके लिए मंथली कितना करना होगा इन्वेस्टमेंट

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।