Vasant Panchami 2026: अबूझ मुहूर्त के बावजूद इस साल बसंत पंचमी पर नहीं होंगे शुभ कार्य, अस्त अवस्था में है ये ग्रह

Vasant Panchami 2026: इस साल बसंत पंचमी का पर्व 23 जनवरी को बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। स्वर की देवी मां सरस्वती को समर्पित इस दिन पर माना जाता है कि अबूझ मुहूर्त रहता है। लेकिन इस साल अबूझ मुहूर्त के बावजूद शुभ कार्य नहीं हो पाएंगे। आइए जानें इसकी वजह

अपडेटेड Jan 16, 2026 पर 9:47 PM
Story continues below Advertisement
अबूझ मुहूर्त पर आप कोई शुभ कार्य बिना पंचांग देखे किसी भी समय कर सकते हैं।

Vasant Panchami 2026: बसंत पंचमी का त्योहार हर साल माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। ये दिन साल के उन कुछ दिनों में से एक माना जाता है, जिसमें शुभ कार्य बिना मुहूर्त देखे भी किए जा सकते हैं। माना जाता है कि इस दिन अबूझ मुहूर्त होता है। जो लोग अन्य मुहूर्त पर शुभ कार्य नहीं कर पाते हैं, वे बसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त में कर लेते हैं। लेकिन इस साल विद्या, स्वर और ज्ञान की देवी मां सरस्वती को समर्पित इस त्योहार पर शादी, मुंडन या गृह प्रवेश जैसे शुभ काम नहीं हो पाएंगे। आइए जानें इसकी क्या वजह है

बसंत पंचमी की तारीख

इस साल बसंत पंचमी 23 जनवरी दिन शुक्रवार को है। पंचांग के अनुसार, माघ शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 23 जनवरी को मध्यरात्रि 02 बजकर 28 मिनट से 24 जनवरी को मध्यरात्रि 01 बजकर 46 मिनट तक है। उदयातिथि के अनुसार, पर्व 23 जनवरी को मनाया जाएगा।

बसंत पंचमी पर अबूझ मुहूर्त

बसंत पंचमी को पूरे दिन अबूझ मुहूर्त होता है। यानी इस दिन आप कोई शुभ कार्य बिना पंचांग देखे किसी भी समय कर सकते हैं। अबूझ मुहूर्त को स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना जाता है। बसंत पंचमी के अलावा अबूझ मुहूर्त महाशिवरात्रि, फुलेरा दूज, अक्षय तृतीया पर भी होता है।

इस साल नहीं होंगे मांगलिक कार्य


अबूझ मुहूर्त के बावजूद इस बार बसंत पंचमी पर मांगलिक कार्य नहीं होंगे, क्योंकि शुक्र अस्त चल रहे हैं। मांगलिक कार्यों को करने के लिए शुक्र और गुरु ग्रह का शुभ स्थिति में होना जरूरी है। शुक्र को भौतिक सुख, सुविधाओं, प्रेम आदि का कारक माना जाता है। पंचांग के अनुसार, शुक्र ग्रह 11 दिसंबर 2025 को सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर अस्त हुआ था। तब से शुक्र ग्रह 53 दिनों तक अस्त रहेगा। शुक्र ग्रह का उदय 1 फरवरी 2026 को शाम 06 बजकर 27 मिनट पर होगा। उसके बाद से ही शुभ कार्य होंगे। इसी वजह से जनवरी में विवाह के शुभ मुहूर्त नहीं हैं।

बसंत पंचमी पर शुभ मुहूर्त

ब्रह्म मुहूर्त : तड़के 05:26 बजे से सुबह 06:20 बजे तक

अभिजीत मुहूर्त : दोपहर 12 बजकर 12 मिनट से दोपहर 12 बजकर 54 मिनट तक

निशिता मुहूर्त : देर रात 12:06 ए एम से लेकर 01:00 ए एम तक

राहुकाल : दिन में 11 बजकर 13 मिनट से दोपहर 12 बजकर 33 मिनट तक

यमगण्ड : दोपहर 03:13 बजे से लेकर शाम 04:33 बजे तक

सरस्वती पूजा का शुभ मुहूर्त

बसंत पंचमी के दिन विद्या, ज्ञान, कला और स्वर की देवी मां सरस्वती की पूजा करते हैं। इस बार सरस्वती पूजा का मुहूर्त सुबह 07:13 बजे से लेकर दोपहर 12:33 बजे तक है।

Mauni Amavasya Kab Hai 2026: मौनी अमावस्या पर बन रहा सर्वार्थ सिद्धि योग, जानें पितरों के श्राद्ध का समय और स्नान-दान का मुहूर्त

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।