संजू सैमसन का तूफान और भारत ने रचा इतिहास! न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा रन-चेज कर जीता मैच, ऐसा रहा पल पल का रोमांच

संजू सैमसन (67) और नमन धीर (नाबाद 42) की तूफानी पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 226 रनों के लक्ष्य को हासिल कर T20I इतिहास का सबसे बड़ा रन-चेज दर्ज किया।

अपडेटेड Oct 22, 2026 पर 6:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
India vs New Zealand T20

भारतीय क्रिकेट टीम ने क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में इतिहास रच दिया है। विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन की आतिशी पारी और अंत में नमन धीर के धमाकेदार खेल के दम पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशन क्रिकेट इतिहास के अपने सबसे बड़े रन-चेज कर लिया है। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

न्यूजीलैंड का बड़ा स्कोर: फिन एलन और ग्लेन फिलिप्स की आंधी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम की तरफ से ओपनर फिन एलन ने सिर्फ 24 गेंदों पर 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली। मिडिल ऑर्डर में उतरे विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 82 रनों की शानदार पारी खेली। फिलिप्स ने अपनी पारी के दौरान 40 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। एक तरह से भारतीय गेंदबाज किवी टीम के बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करते ही नजर आए।


संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तूफानी शुरुआत

पहाड़ जैसे 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहद आक्रामक शुरुआत दी। साल 2026 में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए संजू सैमसन ने मात्र 33 गेंदों पर 67 रनों की धुआंरदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 4 शानदार छक्के लगाए। यह इस साल उनकी 26 पारियों में आठवीं फिफ्टी रही। अभिषेक शर्मा ने भी 12 गेंदों पर 29 रनों का योगदान दिया और एडम मिल्ने के एक ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर महफिल लूटी। पावरप्ले के शुरुआती ओवरों में ही भारत ने बिना किसी नुकसान के 94 रन बना लिए थे और मैच पूरी तरह भारत की पकड़ में नजर आ रहा था।

मिडिल ऑर्डर धाराशायी हुआ और कीवी स्पिनरों ने की वापसी

पावरप्ले के बाद मैच ने अचानक रोमांचक मोड़ लिया। क्राइस्टचर्च के मैदान की बड़ी बाउंड्री और कीवी स्पिनरों ने मैच का पासा पलट दिया। न्यूजीलैंड के स्पिनरों मिचेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने मध्य के ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। भारत ने मात्र 7 रनों के भीतर अपने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। देखते ही देखते भारत का स्कोर बिना नुकसान के 93 रन से गिरकर 11वें ओवर में 122 रन पर 4 विकेट हो गया। ईशान किशन और तिलक वर्मा जैसी बड़े शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। संजू सैमसन के आउट होने के बाद मैच में न्यूजीलैंड की वापसी हो गई थी।

कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर ने दिलाई ऐतिहासिक जीत

एक समय संकट में दिख रही भारतीय पारी को कप्तान श्रेयस अय्यर और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संभाला। कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 42 रन बन , जबकि अक्षर पटेल ने भी 24 रनों का अहम योगदान दिया। जब मैच अंतिम ओवरों में बेहद रोमांचक हो गया था तब क्रीज पर उतरे नमन धीर ने सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। नमन धीर और निचले क्रम के बल्लेबाजों के विस्फोटक हमलों के दम पर भारत ने 19.4 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने यह मुकाबला 2 गेंद शेष रहते 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार,24 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।