रिकॉर्ड जीत के बाद नमन धीर के मुरीद हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, समझिए कैसे टीम इंडिया के लिए बन गए तुरुप का इक्का!

न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड 226 रनों का पीछा करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने 15 गेंदों में 42 रन बनाने वाले नमन धीर के संयम और ऑलराउंड प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

अपडेटेड Oct 22, 2026 पर 7:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Shreyas Iyer Naman Dhir

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने 226 रनों का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल कर सबको हैरान कर दिया। इस रिकॉर्ड तोड़ जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर युवा ऑलराउंडर नमन धीर के मुरीद हो गए हैं। कप्तान श्रेयस ने नमन धीर की दबाव की स्थितियों में शांत और संयमित रहने की क्षमताकी जमकर तारीफ की और उन्हें टीम इंडिया के लिए एक बड़ा एसेट बताया। संजू सैमसन (33 गेंदों में 67 रन) की तूफानी शुरुआत के बाद मिडिल ऑर्डर में लड़खड़ाई टीम इंडिया की पारी को श्रेयस अय्यर (28 गेंदों में 42 रन) और नमन धीर (15 गेंदों में नाबाद 42 रन) ने संभाला और 2 गेंद रहते जीत दिला दी।

दबाव में नमन धीर का शांत स्वभाव बड़ी ताकत

मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने नमन धीर के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले महीने ही अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले नमन टीम को कई बेहतरीन विकल्प दे रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने कहा कि, 'नमन हमें गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में कई विकल्प देते हैं। विशेष रूप से बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी काफी असरदार साबित हो सकती है। इस मैदान पर उनके दो-तीन महत्वपूर्ण ओवर मैच का रुख पलट सकते हैं। आज उन्होंने जिस तरह का शांत और संयमित रवैया दिखाया, उन्हें बल्लेबाजी करते देखना वास्तव में शानदार था।' हालांकि इस पहले मुकाबले में नमन धीर को गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला, लेकिन बल्ले से उन्होंने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई।


न्यूज एजेंसी पीटीआई ने इस मैच से जुड़ी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारतीय टीम सीरीज की शुरुआत से सिर्फ दो दिन पहले ही न्यूजीलैंड पहुंची थी जिसके चलते खिलाड़ी जेट लैग की समस्या से जूझ रहे थे। इस पर मुस्कुराते हुए कप्तान अय्यर ने कहा क् शायद अब हमें इस जेट लैग को भूल जाना चाहिए। मैच की परिस्थितियों पर बात करते हुए श्रेयस ने बताया कि जब भारतीय टीम ने गेंदबाजी शुरू की थी तब पिच थोड़ी धीमी खेल रही थी और गेंद रुक कर आ रही थी। पर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, मैदान पर ओस आने लगी और पिच समतल हो गई। गेंद बल्ले पर काफी अच्छी तरह से आने लगी। इसी का फायदा उठाकर न्यूजीलैंड ने 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

ओपनर्स का आक्रामक रवैया और टीम की रणनीति

कप्तान अय्यर ने 226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने में ओपनर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के योगदान को निर्णायक बताया। पावरप्ले के 6 ओवरों में भारत ने 1 विकेट पर 94 रन बनाकर मैच की नींव रख दी थी। ओपनिंग जोड़ी पर बात करते हुए श्रेयस ने कहा कि, 'उन्हें यह बताने की जरूरत नहीं है कि अपना काम कैसे करना है। वे अच्छी तरह जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। जब वे एक बार लय में आ जाते हैं, तो मैच को हमारे पक्ष में सेट कर देते हैं। हमारे लिए बाकी काम सिर्फ पारी को संभालना और मैच को फिनिश करना होता है।

न्यूजीलैंड कप्तान मिचेल सैंटनर ने स्वीकार की खामियां

दूसरी तरफ न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि उनकी टीम पावरप्ले के दौरान भारतीय ओपनरों को रोकने में नाकाम रही। सेंटनर ने कहा कि उनकी टीम आगे आने वाले मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए अपनी रणनीतियों को और बेहतर करेगी। पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने के बाद भारतीय टीम शनिवार 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के इसी हेगली ओवल मैदान पर दूसरा मुकाबला खेलने उतरेगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।