अगर आप खेलों के शौकिन है तो आपके लिए अच्छी खबर है। इस साल स्पोर्ट्स लवर्स के लिए का बेहद रोमांचक होने वाला है। इस साल टी20 वर्ल्ड कप और कई बड़े मल्टी-स्पोर्ट इवेंट्स का आयोजन होने वाला है। साल 2026 की शुरुआत भारत में होने वाले शानदार क्रिकेट से होगी। जनवरी के महीने में भारतीय टीम न्यूजीलैंड से वनडे और टी20 में भिडे़गी। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलते नजर आएंगे। वहीं इसके बाद फरवरी-मार्च में टीम इंडिया अपने घर में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने उतरेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के लिए एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
दिल्ली में इंडियन ओपन बैडमिंटन का आयोजन होगा और साथ ही जनवरी में महिला प्रीमियर लीग (WPL) का भी आयोजन होगा। भारत की वर्ल्ड कप जीत के बाद WPL का महत्व और बढ़ गया है।
मार्च–अप्रैल में इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांच देखने को मिलेगा। मार्च के आखिर में साइप्रस और प्राग जैसे शहर भी खेलों की वजह से चर्चा में रहेंगे वहीं जून में फुटबॉल के FIFA वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। 23वें फीफा विश्व कप का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई के बीच होगा। इसी समय भारत की महिला टीम यूनाइटेड किंगडम में वर्ल्ड T20 खेलेगी, जबकि पुरुष टीम भी जुलाई में यूके का दौरा करेगी। इसके बाद 23 जुलाई से 2 अगस्त तक खेलों का फोकस ग्लासगो पर होगा, जहां कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित किए जाएंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स खत्म होने के कुछ ही हफ्तों बाद हॉकी एक बार फिर सुर्खियों में होगी, क्योंकि नीदरलैंड्स और बेल्जियम में हॉकी वर्ल्ड कप शुरू होने वाला है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में मेडल जीतने के इरादे से उतरेगी। खास बात ये है कि वर्ल्ड कप के तुरंत बाद टीम को एशियन गेम्स में भी खेलना होगा, जहां उन्हें फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना पड़ेगा। एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का मतलब सीधे ओलंपिक क्वालिफिकेशन होगा, इसलिए खिलाड़ियों के लिए दांव और उत्साह दोनों ही सबसे ऊंचे स्तर पर होंगे।
मैदान पर दिखेंगे नीरज चोपड़ा
हॉकी वर्ल्ड कप के साथ-साथ दिल्ली में बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन भी होगा। इस टूर्नामेंट में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी घरेलू फैंस के सामने शानदार प्रदर्शन कर एशियन गेम्स से पहले एक खास जीत दिलाना चाहेंगे। इसके बाद टीम नागोया, जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए रवाना होगी। इन तमाम आयोजनों के बीच नीरज चोपड़ा भी डायमंड लीग में एक बार फिर मैदान में उतरेंगे। वह 2025 की निराशाओं को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहेंगे और एशियन गेम्स में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने पर नजर होगी।
आखिर में भारत अगस्त में भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ फिर से रेड बॉल यानी टेस्ट क्रिकेट खेला जाएगा। इसके बाद अक्टूबर में टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद अहम साबित हो सकता है। भारत को न्यूजीलैंड में लंबे समय से टेस्ट जीत नहीं मिली है, ऐसे में ये सीरीज शुभमन गिल और उनकी टीम के लिए एक बड़ी और कड़ी चुनौती होगी। कुल मिलाकर 2026 खेलों के लिहाज से उतार-चढ़ाव और रोमांच से भरा साल होने वाला है।