सुनहरे खेत, बादलों की चादर और पुरानी गलियां! सितंबर में घूमने के लिए परफेक्ट है ये 3 शहर

सितंबर का महीना घूमने के लिए कई मायनों में खास हो सकता है। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम और नजारों का अपना अलग रंग देखने को मिलता है। नेचर, एडवेंचर, लोकल फूड और संस्कृति पसंद करने वालों के लिए यहां कई दिलचस्प एक्सपीरियंस मौजूद हैं। इस बार विदेश घूमने का मन है, तो इन जगहों को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते है।

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 4:51 PM

सितंबर में घूमने का प्लान बना रहे हैं और ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां मौसम सुहावना हो, नजारे खूबसूरत हों और घूमने के साथ कुछ नया एक्सपीरियंस भी मिले। तो वियतनाम एक शानदार ऑप्शन हो सकता है। सितंबर के दौरान यहां कुछ जगहें अपने खास मौसम और खूबसूरत नजारों की वजह से टूरिस्ट को अट्रैक्ट करती हैं।

पहाड़ों के बीच सुनहरे खेत और सुबह-सुबह बादलों की चादर देखने को मिलती है। वहीं कुछ जगहों पर लोकल खाना, संस्कृति और शहर की पुरानी गलियों का अलग ही एक्सपीरियंस मिलता है। इस महीने वियतनाम घूमने की सोच रहे हैं, तो इन तीन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल कर सकते हैं।

 


खाऊ फा में पैराग्लाइडिंग

पैराग्लाइडिंग

उत्तर-पश्चिमी वियतनाम का खाऊ फा सितंबर में घूमने के लिए काफी खास जगह बन जाता है। यहां पहाड़ों के बीच फैले धान के खेत इस मौसम में धीरे-धीरे सुनहरे रंग में बदलने लगते हैं। ऊंचाई से इन खेतों को देखने का एक्सपीरियंस बेहद खूबसूरत होता है। एडवेंचर पसंद करने वाले टूरिस्ट यहां प्रोफेशनल पायलट के साथ टैंडम पैराग्लाइडिंग भी कर सकते हैं। ऊपर से नीचे फैली घाटी और सीढ़ीनुमा खेतों का नजारा सफर को यादगार बना देता है। यहां अगस्त के आखिर से अक्टूबर के बीच पैराग्लाइडिंग का अच्छा समय माना जाता है। 2026 में तू ले कम्यून में 30 अगस्त से 30 सितंबर तक पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल भी मनाया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के गांवों में वहां के लोगों की लाइफस्टाइल और संस्कृति को करीब से देखने का मौका मिलता है। टूरिस्ट पारंपरिक घरों में रुकने के साथ कपड़े बुनने और लोकल आर्ट को समझ सकते हैं। सितंबर के बीच से अक्टूबर की शुरुआत तक आसपास के इलाकों में सुनहरे धान के खेतों का नजारा और भी खूबसूरत दिखाई देता है।

 

दा लाट में बादलों का नजारा

baadal

वियतनाम का दा लाट अपनी ठंडी हवा, हरियाली और खूबसूरत पहाड़ी वातावरण के लिए जाना जाता है। अगस्त और सितंबर में यहां सुबह के समय बादलों और कोहरे का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। इसके लिए टूरिस्ट को सुबह जल्दी उठकर ऊंची पहाड़ियों की ओर जाना पड़ता है। सूर्योदय से पहले पहाड़ियों पर पहुंचने पर नीचे घाटी में बादलों की सफेद चादर दिखाई देती है, जिसके पीछे से निकलती सूरज की पहली किरणें पूरे माहौल को बेहद खूबसूरत बना देती हैं। सितंबर में दा लाट जाने की एक और खास वजह यहां शुरू होने वाला परसिमन का मौसम है। यहां फलों से लदे पेड़ देखने को मिलते हैं। टूरिस्ट परसिमन के बागानों में घूम सकते हैं, पेड़ों से फल तोड़ने का मजा ले सकते हैं। खूबसूरत पहाड़ों, चाय के बागानों और फलों के बगीचों की वजह से यह जगह नेचर और फोटोग्राफी पसंद करने वालों को खूब पसंद आ सकती है।

 

हनोई का ओल्ड क्वार्टर

old biul

सितंबर के बीच से हनोई में मौसम में बदलाव महसूस होने लगता है और शहर में शरद ऋतु का खूबसूरत माहौल दिखाई देने लगता है। ऐसे मौसम में हनोई के पुराने क्वार्टर की गलियों में घूमना शानदार होता है। पुरानी बिल्डिंग, छोटी-छोटी गलियां, कैफे और आसपास की हलचल शहर को खास बनाती है। होआन किएम झील के आसपास टहलते हुए भी मौसम और शहर की खूबसूरती का मजा लिया जा सकता है। हनोई घूमने आएं तो यहां के लोकल खाने को जरूर ट्राई करें। सुबह गर्मागर्म फो से दिन की शुरुआत कर सकते हैं और इसके बाद बन चा, बन थांग या हनोई स्टाइल के बान्ह कुओन जैसे लोकल डिशेस का टेस्ट ले सकते हैं। पुराने क्वार्टर में छोटी गलियों के बीच बने कैफे में बैठकर कॉफी पीना भी एक अच्छा एक्सपीरियंस है। सितंबर में ट्रेडिशनल इवेंट, लोक संगीत, शेर नृत्य और खास तरह की मिठाइयां अट्रैक्शन का हिस्सा होती हैं।

 

सितंबर में वियतनाम घूमना चाहते हैं तो इन तीनों जगहों पर आपको बिल्कुल अलग-अलग तरह के एक्सपीरियंस मिलेंगे। खाऊ फा में एडवेंचर और सुनहरे खेतों का नजारा, दा लाट में बादलों और नेचर की खूबसूरती और हनोई में लोकल खाना व पुराना कल्चर को पास से देखने का मौका मिलेगा। यदि मौका मिले, तो सितंबर की छुट्टियों में वियतनाम की इन खूबसूरत जगहों पर जरूर विजिट करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।