अब विदेश (Abroad) घूमने के लिए मोटा बैंक बैलेंस होना जरूरी नहीं है। एशिया के कई खूबसूरत देश ऐसे हैं, जहां आप 1 लाख रुपये से कम बजट में यादगार इंटरनेशनल ट्रिप (international trip) का आनंद ले सकते हैं। खूबसूरत बीच, बर्फीले पहाड़, नीली झीलें, मॉडर्न शहर और शानदार नाइटलाइफ जैसी कई चीजों का मजा बिना जेब पर ज्यादा बोझ डाले लिया जा सकता है:
Philippines (फिलीपींस)– साफ नीला समुद्र और खूबसूरत आइलैंड
अगर आप सफेद रेत वाले बीच, क्रिस्टल क्लियर पानी और खूबसूरत आइलैंड घूमना चाहते हैं, तो फिलीपींस बेहतरीन डेस्टिनेशन है। पालावान, बोराके और सेबू जैसे आइलैंड्स पर स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग (scuba diving) और आइलैंड हॉपिंग (island hopping) का मजा लिया जा सकता है। फ्लाइट, होटल, लोकल ट्रांसपोर्ट और खाने-पीने का खर्च मिलाकर 5 से 6 दिन की ट्रिप करीब 75 हजार से 95 हजार रुपये में आराम से पूरी की जा सकती है।
Malaysia (मलेशिया)– शहर और नेचर का शानदार मेल
मलेशिया उन लोगों के लिए शानदार जगह है जो एक ही ट्रिप में मॉडर्न शहर, बीच और हरियाली का आनंद लेना चाहते हैं। कुआलालंपुर (Kuala Lumpur), लंगकावी और जेंटिंग हाइलैंड्स (Genting Highlands) जैसी जगहें हर तरह के ट्रैवलर को पसंद आती हैं। अगर पहले से प्लानिंग कर टिकट बुक करें, तो 5 से 6 दिन की ट्रिप लगभग 60 हजार से 85 हजार रुपये के बजट में आसानी से हो सकती है।
Sri Lanka (श्रीलंका)– बीच, पहाड़ और चाय के बागान
कम बजट में विदेश घूमने की बात हो, तो श्रीलंका सबसे अच्छे ऑप्शन में गिना जाता है। यहां खूबसूरत बीच, चाय के बागान (tea garden), पहाड़ और ऐतिहासिक मंदिर एक ही ट्रिप में देखने को मिल जाते हैं। भारत के करीब होने की वजह से फ्लाइट भी थोड़े सस्ती मिल जाती है और 5 से 6 दिन की ट्रिप करीब 50 हजार से 75 हजार रुपये में पूरी की जा सकती है।
Hong Kong (हांगकांग)– स्काईलाइन, डिज्नीलैंड और शॉपिंग
अगर आपको ऊंची इमारतें, डिज्नीलैंड, शानदार स्काईलाइन और शॉपिंग पसंद है, तो हांगकांग शानदार ऑप्शन है। भारतीय ट्रैवलर को यहां तय अवधि तक वीजा-फ्री एंट्री (visa-free entry) भी मिलती है। हालांकि दूसरे देशों के मुकाबले यहां खर्च थोड़ा ज्यादा हो सकता है, लेकिन अच्छी प्लानिंग के साथ 4 से 5 दिन की ट्रिप लगभग 80 हजार से 1 लाख रुपये के अंदर पूरी की जा सकती है।
Laos (लाओस)– नीले झरने और शांत प्राकृतिक नजारे
भीड़-भाड़ से दूर शांत और प्राकृतिक जगहों पर घूमना चाहते हैं, तो लाओस आपके लिए परफेक्ट है। यहां नीले झरने (blue waterfalls), बौद्ध मंदिर (Buddhist temple) और पहाड़ सुकून भरा एक्सपीरियंस देते हैं। होटल और लोकल ट्रांसपोर्ट भी ज्यादा महंगे नहीं हैं, इसलिए 5 से 6 दिन की ट्रिप करीब 55 हजार से 80 हजार रुपये के बजट में आसानी से हो सकती है।
Kazakhstan (कजाकिस्तान)– बिग अल्माटी झील और यूरोप जैसे नजारे
अगर कम बजट में यूरोप जैसे नजारों का एक्सपीरियंस लेना चाहते हैं, तो कजाकिस्तान जरूर जाएं। बिग अल्माटी लेक (Big Almaty Lake), बर्फ से ढके पहाड़ और मॉडर्न शहर यहां की सबसे बड़ी खासियत हैं। फ्लाइट और होटल पहले से बुक करने पर 5 से 6 दिन की पूरी ट्रिप लगभग 65 हजार से 90 हजार रुपये में आराम से प्लान की जा सकती है।
Vietnam (वियतनाम)– नाइटलाइफ और शानदार नजारे
वियतनाम अपनी रंगीन नाइटलाइफ, स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड, खूबसूरत बीच और प्राकृतिक नजारों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यहां घूमना भी काफी किफायती माना जाता है। फ्लाइट, होटल और खाने-पीने समेत 5 से 6 दिन की ट्रिप करीब 60 हजार से 85 हजार रुपये के बजट में आराम से पूरी हो सकती है।