ओमान सरकार 31 अगस्त 2025 से निवेशकों के लिए अपना नया गोल्डन वीजा कार्यक्रम लॉन्च करने जा रही है। इस योजना का मकसद वैश्विक स्तर पर विदेशी निवेश आकर्षित करना, व्यवसाय के लिए आसान माहौल बनाना और डिजिटल व्यापार में तेजी लाना है। यह गोल्डन वीजा कार्यक्रम ओमान को निवेशकों के लिए स्थिर और विश्वसनीय केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
क्या है ओमान गोल्डन वीजा?
यह प्रोग्राम निवेशकों और उनके परिवारों को 5 या 10 वर्ष के लिए नवीनीकरणीय निवास परमिट प्रदान करता है। इसके तहत निवेशक, उनकी पत्नी, 25 वर्ष से कम आयु के बच्चे और आश्रित माता-पिता बिना स्थानीय प्रायोजन के ओमान में रह सकते हैं, काम कर सकते हैं और शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकतर निवेश अचल संपत्ति, कंपनी के स्वामित्व या पूंजी निवेश के माध्यम से किया जाता है। विशेष रूप से रियल एस्टेट, आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा तथा पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। निवेशकों को फ्रीहोल्ड क्षेत्रों में संपत्ति खरीदने का अधिकार भी मिलता है और टैक्स में छूट दी जाती है।
ओमान सरकार 'अल मजीदा कंपनीज' योजना के तहत उच्च प्रदर्शन करने वाली स्थानीय कंपनियों को समर्थन देगी। इसके साथ ही 'ओमान बिजनेस' प्लेटफार्म पर व्यावसायिक पंजीकरणों के इलेक्ट्रॉनिक हस्तांतरण की नई सुविधा भी शुरू होगी, जिससे व्यापार प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, गति और लागत में कमी आएगी। गोल्डन वीजा धारकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा व्यवस्था का लाभ प्राप्त होता है। यह कार्यक्रम निवेशकों को न केवल आर्थिक रूप से बल प्रदान करता है, बल्कि उनके परिवार की सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।
यह पहल ओमान के आर्थिक विविधीकरण के ‘विजन 2040’ योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य तेल निर्भरता घटाकर नवाचार और स्थायी विकास को बढ़ावा देना है। विजयश्री बिन मोहम्मद अल दुहानी ने बताया कि यह कार्यक्रम एक मजबूत और स्थायी व्यवसायिक वातावरण बनाने में सहायक होगा। ओमान दिग्गज निवेशकों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो दीर्घकालिक निवास एवं व्यवसायिक वृद्धि के अवसरों की तलाश में हैं। गोल्डन वीजा इस दिशा में उनकी महत्वपूर्ण सहायत होगी।