आदित्य धर की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फैंस को ये फिल्म काफी पसंद आ रही है। ये यह स्पाई-थ्रिलर सिर्फ शानदार एक्टिंग और दमदार एक्शन के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खास शूटिंग लोकेशंस के लिए भी चर्चा में है। इस फिल्म की शूटिंग अलग-अलग लोकेशनों पर की गई है, जो कहानी का अहम हिस्सा हैं। हर लोकेशन ने कहानी को एक अलग पहचान और गहराई दी है। संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। आइए जानते हैं कहां-कहां पर हुई है फिल्म की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग जुलाई 2024 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से शुरू हुई थी। ये शहर अपनी अलग-अलग लोकेशन और आधुनिक लुक की वजह से फिल्ममेकर्स का पसंदीदा माना जाता है। ऊंची इमारतें और भीड़भाड़ वाली सड़कें एक्शन सीन के लिए बेहतरीन साबित हुईं। आदित्य धर ने पाकिस्तान में सेट कुछ दृश्यों को दिखाने के लिए बैंकॉक का इस्तेमाल किया, जहां धमाके, चेज सीन और आमने-सामने की लड़ाइयों को फिल्माया गया, जिससे फिल्म की शुरुआत को जबरदस्त एक्शन का देखने को मिला।
नवंबर 2024 में फिल्म की शूटिंग अमृतसर में हुई, जहां गोल्डन टेंपल के पास कुछ अहम सीन फिल्माए गए। आदित्य धर ने इस जगह को सिर्फ दिखाने के लिए नहीं, बल्कि कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ने के लिए किया। धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से खास जगह होने के बावजूद, स्थानीय प्रशासन की मदद से भीड़ के बीच भी शूटिंग आराम से पूरी कर ली गई।
मुंबई फिल्म की शूटिंग का सबसे बड़ा केंद्र रहा। फरवरी 2025 में फिल्मिस्तान स्टूडियोज में कुछ मुश्किल इनडोर सीन शूट किए गए, वहीं मड आइलैंड पर समुद्र तट और शहर के माहौल में आउटडोर सीन फिल्माए गए। इसके बाद जुलाई 2025 में विले पार्ले की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में एक खास डांस सीन शूट हुआ, जहां इंडस्ट्रियल माहौल ने इसे अलग लुक दिया। ये फिल्म के उन कुछ पलों में से था, जहां गंभीर कहानी के बीच थोड़ा कमर्शियल रंग भी दिखाया गया।
अगस्त 2025 में फिल्म की शूटिंग लद्दाख में हुई, जहां लेह के पास पत्थर साहिब इलाके में जरूरी सीन फिल्माए गए। यहां की कठिन जमीन और तेज हवाओं ने एक्शन दृश्यों को और असरदार बना दिया। शूटिंग के दौरान कुछ समय के लिए काम रुका, क्योंकि टीम के कुछ सदस्य बीमार हो गए थे। फिर भी रणवीर सिंह ने अक्टूबर 2025 तक अपने मुश्किल सीन पूरे कर लिए।
मई 2025 में फिल्म की टीम ने डोंबिवली–मानकोली ब्रिज पर बड़े एक्शन सीन शूट किए। यहां गाड़ियों के स्टंट और तेज रफ्तार पीछा करने वाले सीन फिल्माए गए, जो शूट करना आसान नहीं था। इसके लिए खास अनुमति और अच्छी प्लानिंग की जरूरत पड़ी। इन दृश्यों ने फिल्म को तेज और दमदार लुक दिया और यह लोकेशन फिल्म के अहम एक्शन सीन की पहचान बन गई।
फिल्म की शूटिंग पंजाब के खेड़ा गांव में भी हुई, जहां सीमा पार के सीन दिखाने के लिए खास सेट लगाए गए और पाकिस्तानी झंडे लगाए गए। शूटिंग देखकर गांव के लोग हैरान भी थे और एक्साईटेड भी।