Diwali Rush: दिवाली पर घर जाने और घूमने-फिरने की जबरदस्त होड़ के बीच हवाई किराए आसमान छू रहे है। भारी डिमांड और फ्लाइट्स में बुकिंग फुल होने की वजह से कई रूट्स पर टिकट की कीमत ₹40,000 तक पहुंच गई है। ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म के अनुसार, कई लोकप्रिय रूट्स पर किराए में 50-100% तक की वृद्धि हुई है, जिससे यात्री हैरान हैं। आइए आपको बताते हैं किन रूट्स पर कितना बढ़ा है किराया।
कितना महंगा हुआ सफर? प्रमुख रूट्स का हाल
Cleartrip के आंकड़ों के मुताबिक, बेंगलुरु से कानपुर जैसे कुछ रूट्स पर एक तरफा किराया ₹40,000 तक पहुंच गया है, जो सबसे बड़ा उछाल है। प्रमुख शहरों के बीच का ये है किराया:
मुंबई से पटना: किराया ₹9,584 से बढ़कर ₹14,540 हो गया है।
बेंगलुरु से लखनऊ: किराया ₹6,720 से बढ़कर ₹9,899 हो गया है।
पुणे से नागपुर: दिवाली की भीड़ में किराया ₹19,000 तक पहुँच गया है।
हैदराबाद: EaseMyTrip के अनुसार, हैदराबाद से लगभग सभी प्रमुख रूट्स पर किराए में भारी बढ़ोतरी हुई है, जहां किराया सामान्य ₹4,500 से ₹6,500 की तुलना में ₹11,500 से ₹16,500 तक जा पहुंचा है।
Thrillophilia ने बताया कि दिवाली के ठीक अगले दिन की उड़ानों में डिमांड और कीमतों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली से पटना का किराया 19% बढ़कर ₹20,000 हो गया है।
'पहले पूजा, फिर प्लेन' इस दिवाली चल रहा नया ट्रैवल ट्रेंड
इस बार दिवाली पर यात्रियों में एक नया पैटर्न देखने को मिल रहा है, जिसे 'आजदीये, कल उड़ान' कहा जा रहा है। लोग दिवाली की पूजा अपने घर पर खत्म करते हैं और छुट्टियों का लुफ्त उठाने के लिए अगली सुबह ही उड़ान का प्लान बना रहे हैं। WanderOn के अनुसार, 17 से 30 अक्टूबर के बीच फ्लाइट बुकिंग में पिछले साल के मुकाबले 60-65% की वृद्धि हुई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली पर भारत आने वाले अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में 67% की भारी वृद्धि हुई है, जिसमें UAE, US और दक्षिण कोरिया से लोग बड़ी संख्या में लौट रहे हैं।