यूरोप में घूमना हर किसी का सपना होता है। यहां के सुंदर नजारे, रोमांटिक शहर और बर्फीले पहाड़ हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं। यूरोप की ट्रिप काफी महंगी होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में ही कुछ ऐसी जगहें हैं जहां आप बिना विदेश गए यूरोप जैसी वाइब महसूस कर सकते हैं। भारत में कई जगहों पर शांत नदियों, ऊंचे पहाड़ों और सुंदर लोकेशन्स के बीच घूमते हुए आपको ऐसा लगेगा जैसे आप वेनिस, ग्रीस या स्विट्जरलैंड में हों। आइए जानते हैं उन बेहद खूबसूरत जगहों के बारे में जो आपको यूरोप जैसा एक्सपीरिएंस दे सकती हैं।
स्विट्जरलैंड की जगह कश्मीर/हिमाचल प्रदेश
अगर आपको बर्फीले पहाड़, हरी-भरी घाटियां और शांत माहौल पसंद है, तो इसके लिए स्विट्जरलैंड जाने की जरूरत नहीं है। कश्मीर का गुलमर्ग और हिमाचल की खज्जियार और तीर्थन वैली भी उतनी ही खूबसूरत लगती हैं। यहां पाइन के जंगल, आरामदायक कॉटेज और बर्फ से ढके नजारे किसी को भी पसंद आ जाएं। आप स्कीइंग कर सकते हैं या बस गर्म कहवा पीते हुए इन खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकते हैं। यहां घूमने का सही समय दिसंबर से मार्च तक का सबसे बेहतरीन है, वहीं हरियाली देखने के लिए अप्रैल से जून सबसे अच्छा रहता है।
वेनिस अपनी खूबसूरत नहरों के लिए दुनिया भर में फेमस है, लेकिन भारत का एलेप्पी भी उतना ही सुंदर और रोमांटिक लगता है। केरल के बैकवॉटर में हाउसबोट पर घूमते हुए शांत पानी, नारियल के पेड़ों की लाइनें और छोटे-छोटे गांव बहुत अच्छा माहौल बनाते हैं। यहां बहती हाउसबोट में बैठकर फ्रेश केरल फूड का खाना भी एक अलग ही मजा देता है। इस खूबसूरती को देखकर एलेप्पी को वेनिस का भारतीय रूप कहना बिल्कुल सही लगता है। एलेप्पी घूमने का सबसे अच्छा समय सितंबर से फरवरी के बीच माना जाता है, जब मौसम सुहावना रहता है और बैकवॉटर भी बिल्कुल शांत दिखते हैं। एलेप्पी में आप यहां का पारंपरिक केरल फूड, खासकर सीफूड, करीमीन फ्राई और नारियल से बनी मिठाइयां खा सकते हैं।
अगर आपको ग्रीस जैसी खूबसूरत गलियां और रंग-बिरंगे घर देखना चाहते हैं, तो पांडिचेरी इसके लिए एक बढ़िया जगह है। यहां सफेद–नीले रंग के मकान, फ्रेंच अंदाज वाली शांत सड़कें, समुद्र किनारे आराम करने के लिए बीच और प्यारे कैफे सब कुछ मिल जाता है। आप समुद्र के पास बैठकर कॉफी और क्रोइसैन्ट का मजा ले सकते हैं और रंगीन दीवारों वाली गलियों में आराम से घूम सकते हैं। अपनी धीमी रफ्तार और यूरोपियन फील के कारण पांडिचेरी भारत का एक सुंदर बीच टाउन लगता है जो ग्रीस की याद दिलाता है। पांडिचेरी घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च माना जाता है, जब मौसम आरामदायक होता है
पेरिस को प्यार का शहर कहा जाता है, उदयपुर को भारत का रोमांटिक शहर कहना बिल्कुल सही होगा। यहां की सुंदर झीलें, पुराने महल और शांत सनसेट माहौल को बेहद खास बना देते हैं। लेक पिछोला के पास कैंडल-लाइट डिनर करना उतना ही खूबसूरत लगता है जितना पेरिस में रात को चमकता हुआ एफिल टॉवर देखना। अपने पार्टनर के साथ एक खूबसूरत और यादगार ट्रिप के लिए उदयपुर बहुत ही बढ़िया जगह है। उदयपुर घूमने का सबसे अच्छा समय सितंबर से मार्च तक माना जाता है, जब मौसम आरामदायक होता है
अमाल्फी कोस्ट की जगह गोवा
अगर आपको धूप, समुद्र और बीच पर आराम करना पसंद है, तो गोवा आपके लिए एक बढ़िया ऑप्शन है। साउथ गोवा की शांति और नॉर्थ गोवा की मस्ती मिलकर इसे अमाल्फी कोस्ट जैसी कोस्टल फील देते हैं। यहां आपको सुन्दर बीच, स्वादिष्ट खाना, लाइव म्यूजिक और अच्छे कैफे सब मिल जाते हैं। गोवा की यही खूबी है कि यहां आकर हर किसी का मन करता है कि वह फिर से वापस आए। गोवा आने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से फरवरी माना जाता है, जब मौसम सुहावना होता है।