मुंबई से कही दूर पहाड़ों की खूबसूरती देखने के लिए इस बार सिक्किम और पश्चिम बंगाल की हसीन वादियां बहुत ही खूबसूरत हैं। जिसके लिए IRCTC का स्पेशल टूर पैकेज आपको एक ही सफर में गंगटोक और दार्जिलिंग जैसे खूबसूरत हिल स्टेशनों की सैर कराने वाला है। पहाड़, बादलों से घिरी सड़कें और ठंडी हवाओं के बीच यह सफर बहुत ही खुशनुमा बन सकता है।
इस ट्रिप के लिए आपको अलग-अलग चीजों की प्लानिंग में ज्यादा समय नहीं लगाना पड़ेगा। सितंबर से अक्टूबर तक चलने वाला यह टूर कुल 6 रात और 7 दिनों का है। यदि आप मुंबई से निकलकर नॉर्थ ईस्ट की खूबसूरती पास से देखना चाहते हैं, तो यह पैकेज आपके लिए खास ऑफर लेकर आया है।
गंगटोक और दार्जिलिंग में घूमने का मौका
इस टूर में आपको सबसे पहले गंगटोक घूमने का मौका मिलेगा। सिक्किम की राजधानी गंगटोक अपने खूबसूरत पहाड़ों, बौद्ध मठों और शांत माहौल के लिए जानी जाती है। यहां घूमते हुए आपको पहाड़ी नजारे और साफ-सुथरी रोड देखने को मिलेंगी। इसके बाद दार्जिलिंग की सैर होगी। दार्जिलिंग अपने चाय के बागानों, हरे-भरे पहाड़ों और खूबसूरत मौसम के लिए पॉपुलर है। सुबह के समय यहां से कंचनजंगा की बर्फीली चोटियों पर पड़ती सूरज की रोशनी देखना शानदार है।
मुंबई से बागडोगरा तक फ्लाइट
इस पूरे सफर के लिए फ्लाइट की सुविधा भी पैकेज में शामिल है। यात्रा मुंबई से शुरू होगी और बागडोगरा एयरपोर्ट तक जाएगी। आने वाली फ्लाइट मुंबई से सुबह 7:35 बजे रवाना होकर सुबह 10:50 बजे बागडोगरा पहुंचेगी। वहीं वापसी के दिन बागडोगरा से फ्लाइट सुबह 11:30 बजे मिलेगी और दोपहर 2:20 बजे तक मुंबई पहुंचा देगी। मतलब आने-जाने के लिए आपको अलग से फ्लाइट टिकट का इंतजाम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
होटल बुकिंग और प्लानिंग की टेंशन खत्म
IRCTC के इस पैकेज में ट्रिप की जरूरी कई फैसिलिटी मिलेगी। मुंबई से बागडोगरा आने-जाने की फ्लाइट, घूमने के लिए कैब और अलग-अलग जगहों के बीच आने-जाने की फैसिलिटी पैकेज में दी गई है। ठहरने के लिए होटल बुकिंग भी की जाएगी, जिससे हर जगह होटल ढूंढ़ने की परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही खाने की सुविधा और पूरे टूर में मदद के लिए गाइड या एस्कॉर्ट भी मौजूद रहेगा। इससे खासकर परिवार के साथ ट्रैवल करने वालों के लिए ट्रिप काफी आसान है।
बजट के हिसाब से चुनें अपना पैकेज
इस 7 दिन के टूर की कीमत ₹56,200 प्रति व्यक्ति से शुरू होती है। यदि आप अकेले ट्रैवल करते हैं, तो आपको ₹71,500 खर्च करने होंगे। दो लोगों के एक कमरे में रहने पर किराया ₹56,800 प्रति व्यक्ति है, तीन लोगों के एक कमरे में रहने पर यह ₹56,200 प्रति व्यक्ति हो जाता है। बच्चों के लिए भी अलग किराया है। 5 से 11 साल के बच्चे के लिए एक्स्ट्रा बेड के साथ ₹38,800 और बिना बेड के ₹37,900 देने होंगे। 2 से 5 साल के बच्चे के लिए बिना बेड का किराया ₹22,800 है। 0 से 2 साल के शिशु के लिए शुल्क बुकिंग के समय IRCTC ऑफिस में नकद देना होगा।
एक साथ पैसे देने की जरूरत नहीं
यदि पूरा पैकेज अमाउंट एक साथ देना आपके लिए मुश्किल है, तो IRCTC ने पार्ट-पेमेंट का ऑप्शन भी रखा है। ऑनलाइन बुकिंग करते समय आप इस ऑप्शन को चुन सकते हैं। इसमें शुरुआत में पैकेज की कुल कीमत का 30 परसेंट पेमेंट करना होगा और बाकी 70 परसेंट रकम बाद में डिपॉजिट कर सकते है। इससे ट्रिप की बुकिंग करना थोड़ा आसान हो सकता है। बुकिंग और पेमेंट से जुड़ी डिटेल की जानकारी के लिए IRCTC Tourism की ऑफिशल वेबसाइट irctctourism.com पर चेक कर सकते हैं।