Summer Travel Tips: इस गर्मी घूमने का प्लान है? जानिए भारत की कुछ कम भीड़ वाली खूबसूरत जगहें

Best Summer Holiday Destinations: इस गर्मी भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशनों की बजाय ऐसी शांत और कम चर्चित जगहों का रुख करें, जहां ठंडा मौसम, खूबसूरत नजारे और सुकूनभरा माहौल आपका इंतजार कर रहा हो। ये ऑफबीट डेस्टिनेशंस गर्मी से राहत देने के साथ-साथ भीड़ और शोर-शराबे से दूर यादगार छुट्टियों का शानदार अनुभव भी देते हैं

अपडेटेड May 09, 2026 पर 9:10 AM
Story continues below Advertisement
Best Summer Holiday Destinations: भीड़ और ट्रैफिक से दूर, ये हिल स्टेशन देंगे असली रिलैक्सिंग फील

गर्मियों की छुट्टियां आते ही ज्यादातर लोगों का पहला ख्याल किसी ठंडी पहाड़ी जगह पर घूमने जाने का होता है। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि मशहूर हिल स्टेशन भीड़, ट्रैफिक और महंगे खर्चों की वजह से पहले जैसे सुकूनभरे नहीं रहे। हर तरफ होटल्स की लंबी बुकिंग, पर्यटकों की भीड़ और शोर-शराबा ट्रिप का मजा कम कर देता है। ऐसे में कई लोग अब ऐसी जगहों की तलाश कर रहे हैं, जहां प्रकृति करीब हो, मौसम सुहावना हो और मन को सुकून मिल सके।

भारत में आज भी कई ऐसे खूबसूरत डेस्टिनेशंस मौजूद हैं, जो अभी भीड़भाड़ से दूर हैं और अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए खास पहचान रखते हैं। यहां आप शहरों की भागदौड़ से दूर कुछ शांत पल बिता सकते हैं और गर्मी से राहत के साथ यादगार सफर का आनंद ले सकते हैं।

चोपता, उत्तराखंड


उत्तराखंड का चोपता उन लोगों के लिए किसी सपने जैसी जगह है, जो शांति और हरियाली के बीच वक्त बिताना चाहते हैं। इसे “मिनी स्विट्जरलैंड ऑफ इंडिया” भी कहा जाता है। ऊंचे पहाड़, हरे-भरे घास के मैदान और ठंडी हवाएं यहां की खूबसूरती को और खास बनाती हैं।

यह जगह ट्रैकिंग, कैंपिंग और बर्ड वॉचिंग के लिए काफी मशहूर है। आसपास मौजूद शिव मंदिर इसे धार्मिक महत्व भी देते हैं। गर्मियों में यहां का मौसम बेहद सुहावना रहता है, इसलिए यह गर्मी से राहत पाने के लिए शानदार विकल्प है।

शंगढ़, हिमाचल

हिमाचल प्रदेश की सैंज वैली में बसा शंगढ़ अभी भी ज्यादा लोगों की नजरों से दूर है। यही वजह है कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता अब भी शांत और साफ-सुथरी नजर आती है। हरे मैदान, देवदार के जंगल और ताजी हवा इस जगह को बेहद खास बनाते हैं।

यहां से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क भी काफी करीब है, जिसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा मिला हुआ है। अगर आप शांत माहौल में कुछ दिन बिताना चाहते हैं, तो शंगढ़ एक बेहतरीन जगह हो सकती है।

कनाताल, उत्तराखंड

कनाताल उन हिल स्टेशनों में शामिल है, जहां अभी भी ज्यादा भीड़ नहीं पहुंची है। ये जगह अपने शांत वातावरण और खूबसूरत नजारों के लिए जानी जाती है। यहां का सुरकंडा देवी मंदिर श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है, जबकि कौड़िया जंगल ट्रैकिंग पसंद करने वालों के लिए शानदार जगह है।

इसके अलावा टिहरी झील में बोटिंग का मजा भी लिया जा सकता है। रात में खुले आसमान के नीचे कैंपिंग और तारों को निहारना यहां के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल है।

तवांग, अरुणाचल प्रदेश

अगर आप हिमालय की असली खूबसूरती देखना चाहते हैं, तो तवांग जरूर जाना चाहिए। अरुणाचल प्रदेश में स्थित ये जगह अपनी शांत वादियों और बर्फीले पहाड़ों के लिए मशहूर है। यहां का तवांग मठ भारत का सबसे बड़ा बौद्ध मठ माना जाता है।

इसके अलावा नुरानंग वॉटरफॉल, ऊंचाई पर बनी झीलें और सेला पास के खूबसूरत रास्ते सफर को यादगार बना देते हैं। यहां का शांत माहौल मन को पूरी तरह रिलैक्स कर देता है।

हाफलोंग, असम 

असम का हाफलोंग उन लोगों के लिए शानदार जगह है, जो कम बजट में खूबसूरत और शांत ट्रिप प्लान करना चाहते हैं। नीली पहाड़ियां, अनानास के बाग और हरियाली यहां की पहचान हैं।

यहां नेचर वॉक, ट्रैकिंग और बोटिंग जैसी कई एक्टिविटीज का मजा लिया जा सकता है। हाफलोंग झील और पनिमुर वॉटरफॉल की खूबसूरती देखने लायक होती है। सबसे अच्छी बात यह है कि यहां ज्यादा भीड़ नहीं होती, जिससे सफर और भी आरामदायक बन जाता है।

लाल रेत, ताड़ के पेड़ और मीठे पानी के फव्वारे... तमिलनाडु के इस 'Red Desert' की खूबसूरती देख आप भी कहेंगे 'वॉव'!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।