होटल बुक करते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले कमरे का किराया देखते हैं और जहां कम कीमत दिखती है, वहीं बुकिंग करने का मन बना लेते हैं। लेकिन सिर्फ कम किराया देखकर होटल चुनना हमेशा सही नहीं होता। कई बार शुरुआत में कम कीमत दिखाई जाती है, लेकिन बुकिंग के आखिरी समय पर टैक्स, सर्विस चार्ज या दूसरी फीस जुड़ जाती है। ऐसे में जो कमरा पहले सस्ता लग रहा था, उसकी कुल कीमत काफी बढ़ सकती है।
इसके अलावा होटल की जगह, वहां पहुंचने की सुविधा और खाने-पीने का खर्च भी आपकी ट्रैवल के बजट पर असर डाल सकता है। यदि होटल बहुत दूर है या कमरे की कीमत में जरूरी फैसिलिटी शामिल नहीं हैं, तो बाद में अलग से खर्च करना पड़ सकता है। इसलिए होटल बुक करने से पहले सिर्फ कमरे का किराया न देखें, बल्कि उससे जुड़ी जरूरी बातों की भी अच्छी तरह जांच कर लें। इससे आप अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर होटल चुन पाएंगे और ट्रिप में बेवजह की परेशानी से भी बच सकेंगे।
कम कीमत देखकर बुकिंग न करें
होटल की लोकेशन जरूर देखें
होटल सस्ता है, इसका मतलब यह नहीं कि वह आपके लिए सही जगह पर भी है। होटल शहर के सिटी सेंटर या घूमने वाली जगहों से बहुत दूर है, तो रोज आने-जाने में काफी समय और पैसा खर्च हो सकता है। इसलिए होटल बुक करने से पहले नक्शे पर उसकी जगह देख लें। आसपास बस, ट्रेन या मेट्रो की फैसिलिटी चेक कर लें। इससे होटल लेने से आने-जाने का खर्च कम किया जा सकता है।
ट्रैवल का प्लान कभी-कभी अचानक बदल सकता है। ऐसे में आपने ऐसी बुकिंग की है जिसे रद्द नहीं किया जा सकता या जिसकी तारीख बदली नहीं जा सकती, तो आपका पैसा फंस सकता है। इसलिए होटल बुक करने से पहले रद्द करने और तारीख बदलने के पॉलिसी ध्यान से पढ़ें। ट्रैवल डेट पूरी तरह तय नहीं है, तो ऐसी बुकिंग चुनना बेहतर है जिसमें जरूरत पड़ने पर चेंज की ऑप्शन मिल सके।
सिर्फ कमरे का किराया देखकर होटल बुक करने के बजाय यह भी देखें कि नाश्ता या कोई और भोजन कीमत में शामिल है या नहीं। खाने की सुविधा नहीं है, तो रोज बाहर खाना खाने में अतिरिक्त पैसे खर्च हो सकते हैं। इसलिए होटल की कीमत के साथ खाने का खर्च भी जोड़कर देखें। कई बार थोड़ा महंगा कमरा, जिसमें नाश्ता शामिल हो, कुल खर्च के हिसाब से बेहतर हो सकता है।
होटल बुक करते समय मिलने वाली छूट और दूसरी फैसिलिटी को नजरअंदाज करने से आप बचत का मौका खो सकते हैं। बुकिंग से पहले अलग-अलग जगहों पर कमरे की कीमत की तुलना करें और स्पेशल डिस्काउंट ऑफर भी चेक करें। थोड़ी रिसर्च करके आप अपने बजट में बेहतर होटल बुक कर सकते हैं।
इस तरह होटल चुनते समय थोड़ी सी समझदारी आपकी पूरी ट्रिप को कम्फर्टेबल बना सकती है। फैसला जल्दबाजी में लेने के बजाय अपनी जरूरत, फैसिलिटी और ट्रैवल एक्सपीरियंस को ध्यान में रखें। सही होटल को चुनना आपकी छुट्टी को ज्यादा सुकूनभरा और यादगार बना सकता है।