Hotel Safety Tips: सफर में होटल सेफ्टी की ये ट्रिक आएगी काम, जानिए कैसे सिर्फ बोतल से मिलेगा अलर्ट

Hotel Safety Tips: होटल में चेक-इन करते समय अक्सर लोग सुरक्षा को हल्के में ले लेते हैं, जो आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकता है। अगर आप भी ऐसी स्थिति से बचना चाहते हैं, तो एक आसान ट्रिक जान लें—सिर्फ एक पानी की बोतल की मदद से आप पता लगा सकते हैं कि बेड के नीचे कोई छिपा है या नहीं

अपडेटेड May 31, 2025 पर 10:45 AM
Hotel Safety Tips: होटल चुनने से पहले उसके इलाके का क्राइम रेट जरूर चेक करें।

बाहर घूमने जाना सबको पसंद होता है—नए शहर, नई जगहें और कुछ दिन की छुट्टी का मजा। लेकिन जब हम ट्रैवल की प्लानिंग करते हैं, तो अक्सर टिकट, होटल और घूमने की जगहों पर ही ध्यान देते हैं। हम मान लेते हैं कि अगर होटल फाइव स्टार है तो सबकुछ परफेक्ट ही होगा। मगर क्या आपने कभी होटल की सुरक्षा को लेकर भी सोचा है? कई बार बड़े-बड़े होटलों में भी सेफ्टी में चूक हो जाती है, जिसका खामियाजा मेहमानों को भुगतना पड़ता है। खासकर अगर आप अकेले ट्रैवल कर रहे हैं, तो सावधानी और सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है। कुछ आसान सी ट्रिक्स और थोड़ी समझदारी आपको किसी भी खतरे से बचा सकती है।

इसलिए अब सिर्फ पैकिंग की नहीं, बल्कि पर्सनल सेफ्टी प्लानिंग की भी जरूरत है। अगली बार होटल में चेक-इन करने से पहले जरूर अपनाएं ये जरूरी टिप्स, जो आपकी यात्रा को बना सकते हैं पूरी तरह सुरक्षित।

बोतल से करें सुरक्षा जांच


कुछ फ्लाइट अटेंडेंट्स ने एक दिलचस्प टिप शेयर की है जो आपको होटल के कमरे में एंट्री करते ही आजमानी चाहिए। कमरे में घुसते ही एक पानी की खाली बोतल लें और उसे बेड के नीचे सरका दें।

जानिए बोतल से क्या पता चलेगा?

अगर बोतल पलंग के दूसरी ओर से निकल जाती है, तो बेड के नीचे कोई नहीं है। लेकिन अगर वो फंस जाए या वापस लौट आए, तो अलर्ट हो जाइए! इसका मतलब है कि नीचे कुछ हो सकता है—शायद कोई छिपा हुआ व्यक्ति या सामान।

बिना झुके करें पलंग की जांच

अक्सर लोग बेड के नीचे झांकने से कतराते हैं, लेकिन ये ट्रिक बिना झुके ही आपको अंदर की खबर दे सकती है। यानी एक छोटा-सा ट्रिक, लेकिन आपकी सुरक्षा के लिए बड़ा काम।

सूटकेस को बनाइए सुरक्षा

एक और आसान तरीका है—अपने सूटकेस को कमरे के दरवाजे के पास रखें। अगर कोई दरवाजा खोलने की कोशिश करता है, तो सूटकेस की आवाज से आप तुरंत सतर्क हो सकते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

होटल चुनने से पहले उसके इलाके का क्राइम रेट जरूर चेक करें।

देख लें कि होटल में सीसीटीवी, अच्छी लाइटिंग और सुरक्षित एंट्री है या नहीं।

अपने कमरे की डिटेल किसी अनजान से शेयर न करें।

कीमती सामान होटल सेफ में ही रखें।

चाहें तो एक छोटा डोर स्टॉपर साथ ले जाएं, जो दरवाजे को अंदर से और मजबूत बना दे।

छोटी ट्रिक्स, बड़ी सुरक्षा

याद रखें, होटल चाहे कितना भी बड़ा और ब्रांडेड क्यों न हो, सुरक्षा को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए अगली बार जब भी ट्रैवल करें, तो इन आसान टिप्स को जरूर आजमाएं और बेफिक्र होकर अपनी ट्रिप का मजा लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।