नीला, सफेद और नारंगी कलर में भी होता है भारत का पासपोर्ट, जानें क्‍या होता है अंतर और किसमें म‍िलता है ज्‍यादा फायदा?

देश से बाहर घूमने के लिए पासपोर्ट सबसे जरूरी डाक्युमेंट होता है। यह न सिर्फ पहचान पत्र की तरह काम करता है बल्कि आपकी भारतीय नागरिकता भी बताता है। भारत में ज्यादातर लोगों को नीले रंग का पासपोर्ट मिलता है, लेकिन इसके अलावा कई कलर के पासपोर्ट भी होते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में

अपडेटेड Aug 22, 2025 पर 11:42 PM
आइए जानते हैं किसको किस कलर का पासपोर्ट मिलता है

अगर आप देश के बाहर कही पर घूमने का प्लान कर रहे हैं तो आपके लिए पासपोर्ट सबसे जरूरी डाक्युमेंट है। भारत सरकार अपने नागरिकों को पासपोर्ट देती है। ये पासपोर्ट आपकी आई कार्ड की तरह काम करता है और ये बताता है कि आप भारत के नागरिक है। आमतौर पर लोगों को भारत सरकार नीला कलर का पासपोर्ट देती है। ज्यातादर लोगों के पास इसी कलर का पासपोर्ट होता है। लेकिन क्या आपको पता है कि इसके अलावा भारत में तीन और कलर के भी पासपोर्ट मिलते हैं।

नीला कलर के अलावा भारत में लोगों को रेड (मरून), सफेद और नारंगी कलर के पासपोर्ट भी मिलते हैं। हर कलर के पासपोर्ट को अलग-अलग लोगों को दिया जाता है। आइए जानते हैं किसको किस कलर का पासपोर्ट मिलता है

नीला पासपोर्ट 


भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल नीला पासपोर्ट का किया जाता है। इसे साधारण पासपोर्ट कहा जाता है। ये पासपोर्ट विदेश में पढ़ाई, नौकरी, बिजनेस या घूमने-फिरने जैसे कामों के लिए काम आता है। लाखों भारतीयों के पास यही पासपोर्ट होता है। अब इसमें बायोमेट्रिक चिप भी दी जा रही है, जिससे यात्रा करना और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पहले से आसान और सुरक्षित हो गई है।

सफेद पासपोर्ट

सफेद पासपोर्ट सिर्फ सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और सेना के लोगों को दिया जाता है जब वे 'सरकारी काम' से विदेश जाते हैं। यह पासपोर्ट दिखाता है कि वे आधिकारिक काम पर हैं। कभी-कभी उन्हें इमिग्रेशन पर खास सुविधा भी मिल सकती है। इस पासपोर्ट को इएमर्जेंसी केस में भी जारी क‍िया जाता है। सफेद पासपोर्ट में भी अब 'RFID चिप' लगी होती है, जिससे इसे सुरक्षित रखा जा सके और इसमें कोई गड़बड़ी न हो।

रेड पासपोर्ट

रेड या मरून रंग का पासपोर्ट राजनयिकों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और उनके परिवारों के लिए होता है। यह पासपोर्ट खासतौर पर उन राजनयिकों को दिया जाता है जो विदेश में भारतीय दूतावासों या वाणिज्य दूतावासों में काम करते हैं। इस पासपोर्ट से उन्हें कई देशों में जल्दी वीजा मिल जाता है या कई जगहों पर बिना वीजा भी जाने की अनुमति होती है। अब यह पासपोर्ट भी ई-पासपोर्ट के रूप में दिया जाता है, जिसमें चिप लगी होती है, ताकि यह और सुरक्षित हो और दुनिया भर में आसानी से मान्य हो।

नारंगी पासपोर्ट

नारंगी पासपोर्ट उन नागरिकों को दिया जाता है जो 'ईसीआर' (Emigration Check Required) की कैटेगरी में आते हैं। आमतौर पर ये वे लोग होते हैं जिनकी पढ़ाई पूरी नहीं हुई होती या जो काम के लिए कुछ खास देशों में जा रहे होते हैं। इस पासपोर्ट का मतलब है कि ऐसे यात्रियों को विदेश जाने से पहले खास इमिग्रेशन जांच करानी होगी।

आपके पासपोर्ट का रंग बहुत कुछ बताता है। नीला पासपोर्ट आम लोगों के लिए होता है, सफेद सरकारी काम के लिए, लाल राजनयिकों और बड़े अधिकारियों के लिए और नारंगी उन लोगों के लिए जिनकी विदेश जाने से पहले खास चेकिंग जरूरी होती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।