11 दिन मौज से घूमा वियतनाम और बचाए 36,500 रुपये, इस इंडियन ने निकाला कमाल का तरीका

यूजर ने वियतनाम में ऐसे स्टोर को खोजा जो वैट के सही पेपर देते हैं। जिससे जो मैकबुक भारत में करीब 1.85 लाख रुपये का था, वही उसे वियतनाम में सिर्फ 1.48 लाख रुपये में मिल गया। यानी करीब 36,500 रुपये की बचत मिली। यूजर का ये अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अपडेटेड Aug 03, 2025 पर 7:20 PM
भारत में मैकबुक और आईफोन काफी महंगे हैं (Photo: Canva)

वियतनाम भारतीयों के फेवरेट डेस्टिनेशन में से एक है। हर साल लाखों भारतीय यहां पर छुट्टियां मनाने जाते हैं। वियतनाम बजट ट्रैवलर्स के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है, यहां आप कम खर्च में ही शानदार ट्रिप का एक्सपीरिएंस कर सकते हैं। वहीं एक रेडिट यूजर ने वियतनाम घूमने का एक अनोखा तरीका निकाला। यूजर का ये अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक यूजर ने r/macoffer सबरेडिट पर पोस्ट करते बताया कि, "वह भारत से कम कीमत पर मैकबुक खरीदने के लिए वियतनाम गए थे। लेकिन उनकी पैसे बचाने की ये योजना हनोई में 11 दिनों की रोमांचक यात्रा की बन गई। इसमें घर से काम करना, घूमना-फिरना और अंत में एक नया मैकबुक खरीदना शामिल था।"

यूजर ने शेयर की ये स्टोरी


यूजर ने बताया, "भारत में मैकबुक और आईफोन काफी महंगे हैं क्योंकि इनमें इम्पोर्ट ड्यूटी और जीएसटी शामिल होता है।" वियतनाम में ऐप्पल प्रोडक्ट्स भारत के मुकाबले सस्ते मिलते हैं और टूरिस्ट को वैट रिफंड की सुविधा भी मिलती है। इसी वजह से उसने सबसे सस्ती रिटर्न फ्लाइट बुक की, हनोई पहुंचा और वहां न सिर्फ अपने काम पर ध्यान दिया बल्कि अच्छे सौदे ढूंढ़ने में भी जुट गया।

कितना लगा पूरा किराया

यूजर ने वियतनाम में ऐसे स्टोर को खोजा जो वैट के सही पेपर देते हैं और एयरपोर्ट पर रिफंड प्रक्रिया पूरी की। जिससे जो मैकबुक भारत में करीब 1.85 लाख रुपये का था, वही उसे वियतनाम में सिर्फ 1.48 लाख रुपये में मिल गया। यानी करीब 36,500 रुपये की बचत मिली। इसमें सबसे दिलचस्प बात ये थी कि लैपटॉप की कीमत जोड़कर उसकी पूरी यात्रा का खर्च लगभग 2.08 लाख रुपये हुआ, लेकिन टैक्स रिफंड के बाद ये घटकर 1.97 लाख रुपये हो गया। अगर मैकबुक की कीमत निकाल दें तो वियतनाम में फ्लाइट, होटल, खाना और बाकी खर्च मिलाकर उसकी पूरी छुट्टी सिर्फ 48,000 रुपये में पूरी हो गई।

लोगों ने किया कमेंट

यूजर ने कहा, "मैंने असल में एक छुट्टी भी मना ली और इसके साथ मैकबुक भी खरीदे, वह भी भारत में सिर्फ मैकबुक खरीदने से कम कीमत में।" यूजर की ये कहानी वायरल हो रही है और कई लोग अब इसी तरह का प्लान बनाने लगे। कुछ तो दुबई या वियतनाम जाकर आईफोन और दूसरे ऐप्पल प्रोडक्ट्स खरीदने की सोच रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा, "ये थोड़ा पागलपन है, लेकिन अब ये मेरी टू-डू लिस्ट में शामिल हो गया है!"

Europe: यूरोप में बसने का बना रहे हैं प्लान? भारतीयों के लिए ये देश हैं सबसे किफायती ऑप्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।