10 दिन में चितवन, पोखरा, काठमांडू, पशुपतिनाथ समेत पूरा नेपाल घुमाकर लाएगी भारतीय रेलवे की ये खास ट्रेन! स्टॉपेज, रूट, पैकेज सब जानिए

ट्रेन में कुल 156 सीटें उपलब्ध हैं, जिन्हें तीन कैटेगरी (First AC, Second AC, Third AC) में बांटा गया है। इस स्पेशल टूर पैकेज के किराए की बात करें, तो आईआरसीटीसी ने इसे ट्रेन की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रियों की संख्या (शेयरिंग) के आधार पर तय किया है

अपडेटेड May 21, 2026 पर 9:51 PM
Story continues below Advertisement
नेपाल घुमाकर लाएगी भारतीय रेलवे की ये खास ट्रेन!

अगर आप भी इस चिलचिलाती गर्मी के बीच भारत से दूर पहाड़ों और वादियों की गोद में बसे नेपाल की यात्रा करने का मन बना रहे हैं, तो भारतीय रेलवे आपके लिए एक बेहद शानदार मौका लेकर आया है। आईआरसीटीसी (IRCTC) ने एक खास पशुपतिनाथ (नेपाल) दर्शन यात्रा टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस पैकेज के जरिए यात्रियों को एक ही टूर में चितवन नेशनल पार्क, पोखरा, मनकामना और काठमांडू (पशुपतिनाथ मंदिर) समेत पूरे नेपाल के प्रमुख डेस्टिनेशन को बेहद करीब से देखने का मौका मिलेगा। आइए जानते हैं इस शानदार और आलीशान ट्रेन सफर का पूरा रूट, स्टॉपेज, टाइमिंग और किराए के बारे में सबकुछ।

आईआरसीटीसी का यह स्पेशल टूर 9 रात और 10 दिनों का है। खास बात यह है कि यह पूरा सफर भारतीय रेलवे की बेहद आलीशान डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के जरिए कराया जाएगा। यह टूर 12 जून 2026 को मध्य प्रदेश के इंदौर से शुरू होने जा रहा है।

ट्रेन का रूट और बोर्डिंग-डीबोर्डिंग स्टॉपेज


इस टूरिस्ट ट्रेन की सबसे अच्छी बात यह है कि मध्य प्रदेश के कई बड़े स्टेशनों से यात्री इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं:

बोर्डिंग स्टॉपेज (यहां से ट्रेन पकड़ सकते हैं): इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना।

डीबोर्डिंग स्टॉपेज (वापसी में यहां उतर सकते हैं): सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, सीहोर, शुजालपुर, उज्जैन और इंदौर ।

ट्रेन यात्रियों को लेकर सीधे बिहार के रक्सौल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जहां से सड़क मार्ग के जरिए नेपाल बॉर्डर पार कराया जाएगा ।

10 दिनों का पूरा डे-वाइज शेड्यूल (Itinerary Details)

  • दिन 1 (12 जून): रात 23:00 बजे इंदौर से रक्सौल के लिए ट्रेन रवाना होगी।
  • दिन 2 (13 जून): पूरा दिन ट्रेन का सुहाना सफर (वाया प्रयागराज छिवकी, डीडीयू, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी)।
  • दिन 3 (14 जून): रक्सौल स्टेशन आगमन। यहां से यात्रियों को नेपाली कोच (एसी बस) के जरिए चितवन ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन के बाद नदी किनारे सनसेट व्यू पॉइंट का दीदार और नाइट स्टे।
  • दिन 4 (15 जून): सुबह-सुबह चितवन नेशनल पार्क में एलीफेंट सफारी या जीप सफारी का रोमांच। इसके बाद खूबसूरत वादियों वाले शहर पोखरा के लिए रवानगी, रास्ते में लंच और शाम को फेवा झील का दीदार।
  • दिन 5 (16 जून): सुबह सारंगकोट व्यू पॉइंट से शानदार सनराइज का नजारा। इसके बाद विंध्यवासिनी मंदिर, डेविस फॉल्स और गुप्तेश्वर महादेव गुफा की सैर।
  • दिन 6 (17 जून): पोखरा से काठमांडू की यात्रा (210 किमी)। रास्ते में प्रसिद्ध मनकामना देवी मंदिर के दर्शन। शाम को काठमांडू के लोकल मार्केट में शॉपिंग के लिए फ्री टाइम।
  • दिन 7 (18 जून): काठमांडू में लोकल साइटसीइंग। इसमें विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर, दरबार स्क्वायर, रॉयल पैलेस और स्वयंभूनाथ मंदिर के वीआईपी दर्शन शामिल हैं।
  • दिन 8 (19 जून): काठमांडू से वापस रक्सौल स्टेशन के लिए रवानगी। रात 22:00 बजे इंदौर वापसी के लिए ट्रेन खुलेगी।
  • दिन 9 (20 जून): ट्रेन में आरामदायक वापसी का सफर।
  • दिन 10 (21 जून): सतना, जबलपुर, भोपाल होते हुए इंदौर आगमन और यात्रा का सुखद समापन।

पैकेज में क्या-क्या है शामिल?

आईआरसीटीसी के इस पैकेज को लेने के बाद आपको अपनी जेब से कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना है। इसमें डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन की अलग-अलग श्रेणियों में सफर शामिल है। इसके अलावा नेपाल में कुल 5 रातों के लिए 3-स्टार या उसके समकक्ष होटल में रुकने की व्यवस्था (1 रात चितवन, 2 रात पोखरा और 2 रात काठमांडू) शामिल है। इसी पैकेज में सफर के दौरान सुबह की चाय, ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर (केवल शुद्ध शाकाहारी खाना) भी शामिल है। आपको ट्रेन के अंदर बने आधुनिक रेस्टोरेंट में ऑनबोर्ड खाना परोसा जाएगा।

इसके साथ नेपाल में सभी साइटसीइंग के लिए लग्जरी एसी कोच (बस) की व्यवस्था है। पूरे सफर में आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर साथ रहेंगे और ट्रेन में सिक्योरिटी गार्ड्स तैनात रहेंगे। साथ ही इसमें यात्रियों का ट्रैवल इंश्योरेंस भी शामिल है।

कितना है किराया (Tour Price Chart)?

ट्रेन में कुल 156 सीटें उपलब्ध हैं, जिन्हें तीन कैटेगरी (First AC, Second AC, Third AC) में बांटा गया है। इस स्पेशल टूर पैकेज के किराए की बात करें, तो आईआरसीटीसी ने इसे ट्रेन की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रियों की संख्या (शेयरिंग) के आधार पर तय किया है।

अगर आप सबसे बजट-फ्रेंडली कम्फर्ट कैटेगरी (AC III Tier) में सफर करते हैं, तो अकेले यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति किराया ₹72290 है, जबकि दो लोगों या तीन लोगों के साथ रुकने पर यह किराया घटकर क्रमशः 62710 रुपये और 61340 रुपये प्रति व्यक्ति हो जाता है। इसी तरह, 5 से 11 साल के बच्चे के लिए (बिना बेड के) आपको ₹56335 खर्च करने होंगे।

अगर आप थोड़ा और आराम चाहते हैं और डीलक्स कैटेगरी (AC II Tier) चुनते हैं, तो सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया ₹86130 प्रति व्यक्ति है। दो लोगों के साथ शेयर करने पर यह ₹76550 और तीन लोगों के साथ शेयर करने पर ₹75185 प्रति व्यक्ति रहेगा। इस श्रेणी में बच्चे का किराया ₹70175 तय किया गया है।

सबसे आलीशान और वीआईपी अनुभव देने वाली सुपीरियर कैटेगरी की बात करें, तो इसमें अकेले सफर करने वाले यात्री के लिए प्रति व्यक्ति किराया ₹99980 है। वहीं, डबल शेयरिंग के साथ यह ₹90400 और ट्रिपल शेयरिंग के साथ ₹89035 प्रति व्यक्ति हो जाता है। इस प्रीमियम क्लास में बच्चे के लिए किराया ₹84,025 रखा गया है।

जरूरी बात: आईआरसीटीसी के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए किसी वीज़ा (Visa) की जरूरत नहीं है। हालांकि, नेपाल सरकार के इमिग्रेशन विभाग के नियमों के अनुसार यात्रियों के पास अपनी पहचान के लिए वैलिड ओरिजिनल पासपोर्ट (Passport) या वोटर आईडी कार्ड (Voter ID) होना अनिवार्य है।

बुकिंग कैसे करें: इस लिमिटेड सीट वाले पैकेज की बुकिंग के लिए आप आईआरसीटीसी की आधिकारिक टूरिज्म वेबसाइट (irctctourism.com) पर जाकर 'WZDBG03' पैकेज कोड के जरिए अपनी सीट बुक कर सकते हैं।

इस बारे में पूरी जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर यहां क्लिक कर देखी जा सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।