अगर आप कहीं पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। इंडिगो ने यात्रियों के लिए ‘ग्रेट कनेक्शन्स सेल’ ऑफर शुरू किया है। इस ऑफर के तहत लोगों को घरेलू (डोमेस्टिक) और अंतरराष्ट्रीय (इंटरनेशनल) रूट्स की कनेक्टिंग फ्लाइट्स की कीमत पर तगड़ा ऑफर मिलने वाला है। वहीं इंडिगो का ये ऑफर कम ही समय के लिए है। आप इस सेल का लाभ 17 सितंबर 2026 तक ही उठा सकते हैं। वहीं ऑफर के तहत 18 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे। आइए जानते हैं इसके बारे में सबकुछ
इंडिगो एयरलाइन का ये ऑफर केवल कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर ही लागू होगा। इंडिगो की इस सेल में घरेलू कनेक्टिंग फ्लाइट का एक तरफ का किराया 3,999 रुपये और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 8,999 रुपये से शुरू होगा। इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को फ्लाइट रवाना होने से कम से कम तीन दिन पहले टिकट बुक करनी होगी। एयरलाइन के मुताबिक, इस सेल का उद्देश्य यात्रियों को कनेक्टिंग और एक से ज्यादा शहरों की यात्रा कम खर्च में करने का मौका देना है।
इन सेवाओं पर भी मिलेगी छुट
इंडिगो की सेल में यात्रियों को कुछ अतिरिक्त सेवाएं भी कम कीमत पर मिलेंगी। इंडिगो स्विच की कीमत 199 रुपये से शुरू होगी, जबकि सीधे इंडिगो से टिकट बुक करने पर 6ई फेयर होल्ड की सुविधा 49 रुपये से मिल सकेगी। वहीं, फास्ट फॉरवर्ड की सुविधा इंडिगो के ट्रैवल पार्टनर्स समेत सभी बुकिंग चैनल पर 299 रुपये से उपलब्ध होगी। कस्टमर टिकट और इन सेवाओं की बुकिंग इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, 6ईस्काई, व्हाट्सऐप या चुने हुए ट्रैवल पार्टनर्स के जरिए कर सकते हैं।
ये बात ध्यान देने वाली है कि 3,999 रुपये और 8,999 रुपये का शुरुआती किराया हर फ्लाइट में नहीं मिलेगा। कम किराए वाली सीटें सीमित हैं और टिकट की कीमत यात्रा के रूट, तारीख और सीटों की उपलब्धता के हिसाब से बदल सकती है। इसलिए कम कीमत में टिकट पाने के लिए जल्द बुकिंग करना बेहतर रहेगा। इंडिगो के मुताबिक, एयरलाइन के पास 430 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। कंपनी हर दिन करीब 2,200 उड़ानें संचालित करती है। इन फ्लाइट्स के जरिए देश के 95 से ज्यादा शहरों के साथ-साथ 40 अंतरराष्ट्रीय जगहों को भी जोड़ा जाता है।