IRCTC ने गोल्डन चैरियट लग्जरी ट्रेन को अपग्रेड किया, 4 लाख रुपये तक के टिकट वाली ये टूरिस्ट ट्रेन कहां-कहां घुमाती है? चेक करिए
ट्रेन के अंदर सोशलाइजिंग और डाइनिंग के लिए तीन जगह तैयार की गई हैं। रुचि (Ruchi) और नलपाक (Nalapaka) नाम के दो फाइन-डायनिंग रेस्तरां हैं। यहां मेहमानों को प्रीमियम क्रॉकरी पर बेहतरीन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा मदिरा (Madira) नाम का एक एक्सक्लूसिव लाउंज बार है, जहां मेहमान सफर के दौरान आराम से बैठकर विभिन्न पेय पदार्थों का आनंद ले सकते हैं
रेलवे ने मशहूर लग्जरी ट्रेन गोल्डन चैरियट (The Golden Chariot) को बिल्कुल नए और अपग्रेड अवतार में पेश किया है।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने 2026-27 के पर्यटन सीजन के लिए अपनी मशहूर लग्जरी ट्रेन गोल्डन चैरियट (The Golden Chariot) को बिल्कुल नए और अपग्रेड अवतार में पेश किया है। दक्षिण भारत के समृद्ध इतिहास और खूबसूरत नजारों की सैर कराने वाली इस ट्रेन को इस तरह दोबारा डिजाइन किया गया है जो पुराने जमाने के शाही अहसास के साथ-साथ आधुनिक सुख-सुविधाओं का अनूठा संगम पेश करता है। अधिकारियों के मुताबिक इस अपग्रेडेशन में यात्रियों की सहूलियत, सुरक्षा और ऑनबोर्ड अनुभव पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस ट्रेन की कीमत पैकेज के हिसाब 4 लाख रुपये तक भी जाती है। यह शाही ट्रेन पर्यटकों को दक्षिण भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता का दीदार कराएगी, जिसमें विरासत शहर, प्राचीन मंदिर, ऐतिहासिक स्मारक और खूबसूरत समुद्र तट शामिल हैं।
एएनआई और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबि अपग्रेड की गई गोल्डन चैरियट लग्जरी ट्रेन के अंदर कदम रखते ही आपको एक शांत और आलीशान माहौल का अहसास होगा। इसके डिब्बों में हल्के रंगों के चुनिंदा अपहोल्स्ट्री, रोशनी को बिखेरती चमकदार लकड़ी की सतहें, शानदार लिनेन से सजे केबिन और सुगंधित बाथ एमेनिटीज दी गई हैंय़
खान-पान के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के क्रॉकरी और सफेद लिनेन का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा एंटरटेनमेंट के लिए स्मार्ट टीवी और वाई-फाई स्ट्रीमिंग की सुविधा दी गई है। इससे यात्री अपने केबिन को प्राइवेट सिनेमा में बदल सकते हैं। सुरक्षा के लिए पूरी ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे (CCTV) और आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम लगाए गए हैं। इसमें यात्रियों की मदद के लिए एक प्रशिक्षित और बेहतरीन हॉस्पिटैलिटी टीम तैनात रहेगी।
गोल्डन चैरियट ट्रेम की केबिन कैसी है, मिलती हैं ये आलीशान सुविधाएं
इस लग्जरी ट्रेन में कुल 40 केबिन बनाए गए हैं। इनमें एक बार में अधिकतम 80 यात्री सफर कर सकते हैं। यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केबिन कुछ इस तरह डिजाइन किए गए हैं-
13 डबल-बेड केबिन
26 ट्विन-बेड केबिन
1 विशेष केबिन (दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया)
ट्रेन के अंदर सोशलाइजिंग और डाइनिंग के लिए तीन जगह तैयार की गई हैं। रुचि (Ruchi) और नलपाक (Nalapaka) नाम के दो फाइन-डायनिंग रेस्तरां हैं। यहां मेहमानों को प्रीमियम क्रॉकरी पर बेहतरीन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा मदिरा (Madira) नाम का एक एक्सक्लूसिव लाउंज बार है, जहां मेहमान सफर के दौरान आराम से बैठकर विभिन्न पेय पदार्थों का आनंद ले सकते हैं। यात्रा की थकान मिटाने और सेहत के लिए ट्रेन में आरोग्य स्पा एंड फिटनेस सेंटर भी बनाया गया है। यहां आयुर्वेदिक तेलों से कुशल थेरेपी दी जाएगी और आधुनिक उपकरणों से लैस एक छोटा जिम भी मौजूद रहेगा।
कहां-कहां घुमाती है यह ट्रेन? (पैकेज और रूट्स)
IRCTC ने 2026-27 सीजन के लिए कई आकर्षक और चुनिंदा टूर पैकेज की घोषणा की है। ये पैकेज दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों को कवर करते हैं-
प्राइड ऑफ कर्नाटक (Pride of Karnataka - 05 रातें / 06 दिन): यह इस ट्रेन का फ्लैगशिप रूट है। 6 दिन की यह यात्रा बेंगलुरु से शुरू होकर बांदीपुर, मैसूर, हलेबीडु, चिक्कमगलुरु, हम्पी और गोवा होते हुए वापस बेंगलुरु पर समाप्त होती है।
ज्वेल्स ऑफ साउथ (Jewels of South - 05 रातें / 06 दिन): यह सफर ऐतिहासिक शहरों और तटीय खूबसूरती को आपस में जोड़ता है। इसके तहत ट्रेन बेंगलुरु, मैसूर, कांचीपुरम, महाबलीपुरम, तंजावुर, चेट्टीनाड, कोचीन और चेरतला होते हुए वापस बेंगलुरु लौटती है।
ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटक (Glimpses of Karnataka - 03 रातें / 04 दिन): जो यात्री कम समय में घूमना चाहते हैं, उनके लिए यह छोटा चार दिन का पैकेज भी दिया गया है। इसके तहत ट्रेन बेंगलुरु से शुरू होकर बांदीपुर, मैसूर और ऐतिहासिक हम्पी की सैर कराते हुए वापस बेंगलुरु पहुंचती है।
कितना है टिकट का किराया?
आधिकारिक वेबसाइट (goldenchariot.org) के अनुसार, गोल्डन चैरियट के डीलक्स केबिन के लिए टिकट की कीमतें इस प्रकार तय की गई हैं:
प्राइड ऑफ कर्नाटक विद गोवा पैकेज के लिए टिकट की कीमत 4,20,680 रुपये है।
ज्वेल्स ऑफ साउथ पैकेज के लिए भी टिकट की कीमत 4,20,680 रुपये है।
ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटकके छोटे टूर के लिए टिकट की कीमत 2,80,450 रुपये तय की गई है।
इस पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह से फ्रिक्शनलेस। इस टिकट की कीमत में ही ट्रेन के अंदर का सारा भोजन, चुनिंदा पेय पदार्थ, एसी गाड़ियों में गाइडेड साइटसीइंग, स्मारकों की एंट्री फीस और आईटीनरी के अनुसार बाहर के निर्धारित स्थानों पर होने वाला भोजन शामिल है। यानी यात्रियों को अलग से कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना होगा।
बुकिंग पर मिल रही है 20%+5% की भारी छूट
IRCTC ने 2026-27 सीजन के कुछ चुनिंदा डिपार्चर (ट्रेन छूटने की तारीखों) के लिए विशेष प्रमोशनल ऑफर की घोषणा की है। केबिन की उपलब्धता के आधार पर, सभी देशों के नागरिकों (भारतीय और विदेशी) को निर्धारित यात्राओं के बेस टैरिफ पर 20% की सीधी छूट दी जाएगी। जो यात्री 30 जून 2026 या उससे पहले अपना एडवांस पेमेंट पूरा कर लेंगे, उन्हें 5% का एक्स्ट्रा अर्ली-बर्ड डिस्काउंट भी मिलेगा। यानी समय पर बुकिंग करने वाले यात्रियों को कुल मिलाकर बड़ी बचत का मौका मिलेगा।
इन तारीखों की बुकिंग पर मिलेगा डिस्काउंट ऑफर का लाभ:
24 अक्टूबर 2026 - प्राइड ऑफ कर्नाटक
31 अक्टूबर 2026 - ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटक
19 दिसंबर 2026 - ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटक
26 दिसंबर 2026 - प्राइड ऑफ कर्नाटक
02 जनवरी 2027 - प्राइड ऑफ कर्नाटक
30 जनवरी 2027 - प्राइड ऑफ कर्नाटक
06 फरवरी 2027 - ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटक
20 फरवरी 2027 - ज्वेल्स ऑफ साउथ
27 फरवरी 2027 - प्राइड ऑफ कर्नाटक (प्राइड ऑफ कर्नाटक)