
जीरो पॉइंट, सिक्किम (Zero Point, Sikkim)

जीरो पॉइंट उत्तरी सिक्किम में भारत-चीन बॉर्डर के पास है। यह करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर है और साल के ज्यादातर समय बर्फ से ढका रहता है। यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियां और चारों ओर फैले सफेद पहाड़ बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं। बर्फबारी का मजा लेने और शानदार नजारों के लिए हर साल बड़ी संख्या में टूरिस्ट यहां पहुंचते हैं।
किब्बर, हिमाचल प्रदेश (Kibber, Himachal Pradesh)

हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में बसा किब्बर भारत के सबसे ऊंचाई पर बसा गांव है। यह समुद्र तल से करीब 4,200 मीटर की ऊंचाई पर है। यहां से बर्फ से ढके पहाड़, खुला नीला आसमान और शांत घाटियां दिखाई देती हैं। किब्बर वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी भी यहीं है, जहां हिम तेंदुआ (स्नो लेपर्ड), नीली भेड़ और कई दुर्लभ जानवर पाए जाते हैं। आपको पहाड़ और एडवेंचर पसंद हैं, तो यह जगह जरूर घूमनी चाहिए।
गुहार मोती, गुजरात (Guhar Moti, Gujarat)
गुहार मोती गुजरात के कच्छ जिले का सबसे पश्चिम में बसा गांव है। यह भारत-पाकिस्तान सीमा के बहुत पास है। यहां चारों ओर नमक वाले मैदान, दलदली इलाके और समुद्र का नजारा देखने को मिलता है। यह इलाका नारायण सरोवर के पास होने के कारण नेचर लवर और पक्षियों को देखने के शौकीनों के बीच भी काफी पॉपुलर है। यहां का शांत माहौल और बारिश में हरियाली लोगों को अपनी ओर अट्रैक्ट करता है।
गुरेज घाटी, जम्मू और कश्मीर (Gurez Valley, Jammu and Kashmir)
गुरेज घाटी जम्मू-कश्मीर की सबसे खूबसूरत और शांत घाटियों में से एक है। यह लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास किशनगंगा नदी के किनारे बसी है। चारों ओर ऊंचे पहाड़, हरे-भरे मैदान, लकड़ी के घर और बहती नदी इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। पुराने समय में यह इलाका भारत और मध्य एशिया के बीच बिज़नेस करने का रास्ता हुआ करता था। भीड़ से दूर सुकून भरी जगह पर जाना चाहते हैं, तो गुरेज घाटी परफेक्ट है।
माना गांव , उत्तराखंड (Mana Village, Uttarakhand)
माना गांव उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम के पास है और इसे लंबे समय से भारत का आखिरी गांव कहा जाता है। यह तिब्बत सीमा से पहले पड़ता है। इस गांव का संबंध महाभारत की कई कहानियों से भी माना जाता है। यहां सरस्वती नदी, भीम पुल, व्यास गुफा और गणेश गुफा कई धार्मिक और ऐतिहासिक जगह हैं। पहाड़ों के बीच बसा यह छोटा-सा गांव अपनी सुंदरता और शांत माहौल के कारण टूरिस्ट को अट्रैक्ट करता है।
काहो, अरुणाचल प्रदेश (Kaho, Arunachal Pradesh)
काहो भारत के सबसे पूर्व में बसे गांवों में से एक है। यह अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले में भारत-चीन बॉर्डर के पास है। कहा जाता है कि भारत में सबसे पहले सूरज की किरणें इसी इलाके में दिखाई देती हैं। यहां का शांत वातावरण, हरे-भरे पहाड़ और जनजातियों की संस्कृति टूरिस्ट को अलग एक्सपीरियंस देती है।
इंदिरा पॉइंट भारत का सबसे दक्षिणी स्थान है, जो ग्रेट निकोबार द्वीप पर स्थित है। यहां बना लाइटहाउस इस जगह की सबसे बड़ी पहचान है। साल 2004 में आई सुनामी के बाद इस इलाके का कुछ हिस्सा समुद्र में धंस गया था। फिर भी यह जगह अपनी खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व के कारण खास मानी जाती है। यहां का नीला समुद्र और शांत वातावरण देखने लायक होता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।