बेहद सस्‍ती हो गई हैं इंटरनेशनल ट्रिप, केवल 70 हजार रुपए में कर सकते हैं इन देशों की यात्रा!

कई देशों में भारतीयों के लिए वीजा नियम आसान हो गए हैं। वहीं पास के इंटरनेशनल डेस्टिनेशन कम खर्च में बढ़िया एक्सपीरिएंस देते हैं। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस सोमवार को पड़ने से 24 से 26 जनवरी तक तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड मिल रहा है, जिसे इस्तेमाल करके कम पैसों में एक छोटी इंटरनेशनल ट्रिप आसानी से प्लान की जा सकती है

अपडेटेड Jan 10, 2026 पर 8:51 PM
Story continues below Advertisement
ये छोटा लेकिन शानदार ब्रेक इंटरनेशनल ट्रिप प्लान करने के लिए बिल्कुल सही मौका है(Photo: Canva)

अगर आप विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब विदेश घूमने के लिए न तो लंबी छुट्टी लेने की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की है। कई देशों में भारतीयों के लिए वीजा की प्रक्रिया आसान हो गई है और आस-पास के कई इंटरनेशनल टूरिस्ट स्पॉट कम बजट में अच्छा एक्सपीरिएंस देते हैं। अगर सही समय पर आपको एक लंबा वीकेंड मिल जाए, तो आप कम पैसों में भी विदेश घूमकर अच्छा महसूस कर सकते हैं। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस सोमवार के दिन पड़ रहा है, जिससे 24 से 26 जनवरी तक लगातार तीन दिन की छुट्टी मिल सकती है। ये तीन दिनों तक की छुट्टी लेकर आप कम दाम में इंटरनेशनल ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

70 हजार से कम में घूम सकते हैं

ये छोटा लेकिन शानदार ब्रेक इंटरनेशनल ट्रिप प्लान करने के लिए बिल्कुल सही मौका है, जो आपकी जेब पर भी ज्यादा भारी नहीं पड़ेगा। फ्लाइट के दाम, वीजा नियम और जनवरी के आखिरी हफ्ते के होटल किराए को देखते हुए, कई ऐसे देश हैं जहां भारतीय 70,000 रुपये प्रति व्यक्ति से कम में घूम सकते हैं। ये अनुमान दिल्ली से फ्लाइट, तीन रात के ठहरने, बजट एयरलाइन, मिड-रेंज होटल और खाने-पीने व लोकल ट्रांसपोर्ट पर सोच-समझकर खर्च करने के आधार पर लगाया गया है। अगर आप कपल या ग्रुप में यात्रा करते हैं, तो खर्च और भी कम हो सकता है।


मलेशिया (कुआलालंपुर)

कुआलालंपुर मलेशिया का एक साफ-सुथरा और बजट में घूमने वाला शहर है, जहां 2–3 दिनों की ट्रिप आराम से की जा सकती है। यहां पेट्रोनास ट्विन टावर्स, बाटू केव्स और KLCC पार्क जैसी फेमस जगहें देखने को मिलती हैं, जबकि चाइनाटाउन और बुकिट बिंटांग में शॉपिंग और स्ट्रीट फूड का मजा लिया जा सकता है। शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सस्ता और आसान है। भारतीय यात्रियों को 30 दिन तक वीजा-फ्री एंट्री मिलती है (ऑनलाइन अराइवल फॉर्म जरूरी है)। सस्ता खाना, छोटी दूरी और किफायती होटल होने की वजह से करीब 65,000 से 70,000 रुपये के बजट में कुआलालंपुर 2–3 दिनों के लिए बढ़िया विकल्प बन जाता है।

भूटान (पारो और थिम्पू)

भूटान उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जो शांति, प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के बीच समय बिताना चाहते हैं। 3 से 5 दिनों की ट्रिप में आप पारो में टाइगर्स नेस्ट मॉनेस्ट्री तक ट्रेक कर सकते हैं और थिम्पू में मठ, बुद्ध डोरडेनमा की विशाल मूर्ति और पारंपरिक बाजार देख सकते हैं। हिमालयी माहौल, कम दूरी और सस्ती रहने की जगहों की वजह से भूटान की यात्रा 50,000 से 65,000 रुपये के बजट में हो सकती है। भारतीय यात्रियों को वीजा की जरूरत नहीं होती, एंट्री परमिट पहुंचने पर मिल जाता है, हालांकि हर दिन 1,200 रुपये की सस्टेनेबल डेवलपमेंट फीस देनी होती है। कुल मिलाकर, 70,000 रुपये से कम में भूटान एक सुकून भरी और यादगार इंटरनेशनल ट्रिप बन सकता है।

थाईलैंड (बैंकॉक के साथ क्राबी या पटाया)

थाईलैंड भारतीय यात्रियों के लिए एक पसंदीदा और बजट में घूमने वाला देश है, जहां शहर की रौनक और खूबसूरत बीच दोनों का मजा मिलता है। 3 से 5 दिनों की ट्रिप में आप बैंकॉक के ग्रैंड पैलेस, वाट अरुण और स्ट्रीट फूड के लिए मशहूर याओवारात घूम सकते हैं, इसके बाद आराम और समंदर के नज़ारों के लिए क्राबी या पटाया जा सकते हैं। अगर फ्लाइट और होटल समय पर बुक कर लिए जाएं, तो जनवरी जैसे व्यस्त महीने में भी यह ट्रिप 65,000 से 70,000 रुपये के अंदर पूरी हो सकती है। भारतीय यात्रियों को थाईलैंड में 60 दिन तक वीजा-फ्री एंट्री मिलती है। सस्ती फ्लाइट्स, ठीक-ठाक होटल और लोकल अनुभवों की वजह से थाईलैंड लंबे वीकेंड के लिए एक बढ़िया और किफायती ऑप्शन है।

श्रीलंका (कोलंबो के साथ गाले या बेंटोटा)

श्रीलंका कम समय और कम बजट में घूमने के लिए एक बेहतरीन इंटरनेशनल डेस्टिनेशन है। 3 से 5 दिनों की ट्रिप में आप कोलंबो के बाजार, मंदिर और कैफे देख सकते हैं। वहीं गाले के फोर्ट की पुरानी गलियों में घूम सकते हैं या बेंटोटा के खूबसूरत बीच पर आराम कर सकते हैं। छोटी फ्लाइट दूरी, सस्ते होटल और किफायती लोकल खाने की वजह से ये ट्रिप 55,000 से 65,000 रुपये के बजट में आराम से हो सकती है। भारतीय यात्रियों के लिए यहां इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (ETA) जरूरी है, जो फिलहाल मुफ्त है। कुल मिलाकर, बीच, संस्कृति और अच्छे खाने का मजा लेने के लिए श्रीलंका 70,000 रुपये से कम बजट में एक शानदार विकल्प है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।