देश के बाहर घूमने का बना रहे हैं प्लान तो ये जगहें हैं बेस्ट, मिलती है डायरेक्ट फ्लाइट

साल 2025 खत्म होने से पहले अगर आप विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अब कई देशों के लिए डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट आसानी से उपलब्ध हैं। पहले जहां लंबा ले-ओवर या फ्लाइट बदलने की झंझट होती थी, अब नए नॉन-स्टॉप रूट्स की वजह से यात्रा तेज और आरामदायक हो गई है

अपडेटेड Nov 17, 2025 पर 7:55 PM
Story continues below Advertisement
अब डायरेक्ट फ्लाइट की वजह से यात्रा काफी आसान हो गई है

साल 2025 खत्म होने में अब कुछ ही महीने बचा है। अगर आप साल खत्म होने से पहले देश के बाहर कही घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए विदेश की इन जगहों पर जा सकते हैं। यहां जाने के लिए आपको सीधी फ्लाइट भी मिल जाएगी। 2025 में कई देशों के लिए डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट बढ़ गई हैं। पहले कई देशों तक पहुंचने के लिए लंबा ले-ओवर, फ्लाइट बदलना या रातभर एयरपोर्ट पर रुकना पड़ता था, लेकिन अब डायरेक्ट फ्लाइट की वजह से यात्रा काफी आसान हो गई है। इन नए नॉन-स्टॉप रूट्स में से कई शुरू भी हो चुके हैं, जो आपके सफर और भी आरामदायक हो जाएगा। आइए जानते हैं इसके बारे में

दिल्ली से मनीला

भारत के दिल्ली से मनीला के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो गई है, जिससे फिलीपींस पहुंचना बहुत आसान हो गया है। भारतीयों को 14 दिनों के लिए वीजा-फ्री एंट्री मिलता है, इसलिए ये जगह समुद्र तट पसंद करने वालों की नई पसंद बनती जा रही है। मनीला से यात्री इंट्रामुरोस की पुरानी गलियों, बोराके और पलावन के खूबसूरत बीचों और 7,000 से ज्यादा आईलैंड की प्राकृतिक सुंदरता को आसानी से देख सकते हैं। साफ पानी, रंग-बिरंगे कोरल और कई शानदार द्वीपों की सैर के लिए मनीला एक बेहतरीन शुरुआत है।


कोलकाता/दिल्ली से गुआंगजौ, चीन

पांच साल बाद गुआंगझौ के लिए डायरेक्ट फ्लाइट फिर शुरू हो गई हैं, जिससे भारतीय यात्रियों का चीन के बड़े व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्र से दोबारा सीधा जुड़ाव हो गया है। अब चमकते स्काईलाइन, रौनक से भरे नाइट मार्केट, पुराने मंदिर और मशहूर कैंटोनीज खाना सिर्फ एक नॉन-स्टॉप फ्लाइट की दूरी पर हैं। इससे दक्षिणी चीन की यात्रा पहले से काफी आसान और आरामदायक हो गई है। भारतीय यात्रियों को यहां जाने के लिए चीन का वीजा लेना जरूरी है।

कोलकाता से सिएम रीप, कंबोडिया

सीएम रीप के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने के बाद अब मशहूर अंगकोर वाट तक पहुंचना पहले से कहीं आसान हो गया है। आप यहां पर घने जंगलों और पानी से घिरे प्राचीन मंदिरों को आराम से देख सकते हैं। ता प्रोम जैसे खूबसूरत पुराने खंडहरों में घूम सकते हैं और अंगकोर के ऊंचे शिखरों के बीच उगते सूरज का शानदार नजारा भी बिना किसी कनेक्टिंग फ्लाइट के झंझट के देख सकते हैं। भारतीय यात्रियों को यहां आगमन पर वीजा की सुविधा मिलती है।

मुंबई से क्राबी, थाईलैंड

अब भारत से थाईलैंड के खूबसूरत क्राबी तक डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध हैं। ऊंची चूना पत्थर की पहाड़ियां, हरे पन्ना जैसे पानी वाले पूल, मैंग्रोव जंगल और नीली खाड़ियां क्राबी को आराम और रोमांच दोनों का शानदार मेल बनाते हैं। यहाँ आप रॉक क्लाइंबिंग कर सकते हैं, समुद्री गुफाओं में कयाकिंग कर सकते हैं। अब इसके लिए बैंकॉक या फुकेत के चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं है। भारतीय यात्री यहा 60 दिनों तक वीजा-फ्री मरह सकते हैं।

हैदराबाद/बेंगलुरु से हो ची मिन्ह सिटी, वियतनाम

हैदराबाद और बेंगलुरु से हो ची मिन्ह सिटी के लिए सीधी उड़ान शुरू होने के बाद वियतनाम की लोकप्रियता और बढ़ गई है। ये शहर फ्रांसीसी अंदाज की इमारतों, खूबसूरत रूफटॉप कैफे, कलरफुल बाजार और मजेदार नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। यहां से यात्री कू ची टनल, मेकांग डेल्टा जैसी फेमस जगहों की सैर कर सकते हैं और आगे हनोई, दनांग और हा लॉन्ग बे भी आसानी से जा सकते हैं। भारतीयों को यहां आने के लिए 90 दिनों तक मान्य ई-वीजा की जरूरत होती है।

पुणे से दुबई

पुणे से दुबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से अब वहां पहुंचना बहुत आसान हो गया है। दुबई अपने बुर्ज खलीफा, बड़े शॉपिंग मॉल, पारंपरिक बाजारों, खूबसूरत बीच और मजेदार डेजर्ट सफारी के लिए फेमस है। ये सीधा मार्ग दुबई को पहले से कहीं ज्यादा करीब और सुविधाजनक बना देता है। भारतीय यात्रियों को यहाँ आगमन पर वीजा की सुविधा मिलती है।

पुणे से बैंकॉक

पुणे से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से अब थाईलैंड की राजधानी पहुंचना बहुत आसान हो गया है। अब मुंबई या दिल्ली में रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। इस फ्लाइट से यात्री बैंकॉक के खूबसूरत मंदिर, स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड, तैरते मॉर्केट और मजेदार रूफटॉप बार तक जल्दी पहुंच सकते हैं। यहां से पटाया, हुआ हिन और थाईलैंड के मशहूर द्वीपों तक जाना भी आसान है। भारतीयों के लिए थाईलैंड में वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है।

मुंबई से त्बिलिसी, जॉर्जिया

मुंबई से अब त्बिलिसी, जॉर्जिया की राजधानी के लिए डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध है, जिसे यूरोप के छुपे हुए खूबसूरत शहरों में से एक माना जाता है। त्बिलिसी अपनी पत्थर वाली सड़कों, सल्फर बाथ, रंग-बिरंगे कैफे, स्ट्रीट आर्ट, खूबसूरत पहाड़ी नजारों और दुनिया की सबसे पुरानी वाइन तैयार करने वाली जगहों के लिए फेमस है। ये सीधा मार्ग जॉर्जिया के स्की रिसॉर्ट्स, ट्रेकिंग रूट्स और काला सागर के सुहावने समुद्री किनारों तक पहुंच को भी आसान बनाता है। भारतीयों के लिए यहां ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध है।

देश की पांच वर्ल्ड हेरिटेज साइट, जहां दिखती है भारत की अद्भुत कला, दुनियाभर से आते हैं लोग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।