26 जनवरी लॉन्ग वीकेंड ट्रैवल, जानें कब और कहां बर्फबारी देखने को मिलेगी सबसे ज्यादा

Snowfall In January 2026: 26 जनवरी के लॉन्ग वीकेंड पर अगर आप बर्फ से ढकी वादियों का मजा लेने का प्लान बना रहे हैं, तो ट्रिप से पहले जान लेना जरूरी है कि किन-किन पहाड़ी इलाकों में इस दौरान स्नोफॉल की संभावना है। सही डेस्टिनेशन चुनकर आपकी यात्रा और भी यादगार बन सकती है

अपडेटेड Jan 21, 2026 पर 8:14 AM
Story continues below Advertisement
Snowfall In January 2026: अगर हिमाचल जाने का प्लान है, तो मनाली आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।

इस साल रिपब्लिक डे को लेकर ट्रैवल लवर्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 26 जनवरी के आसपास पड़ रहे लॉन्ग वीकेंड की वजह से लोग शहरों की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताने की प्लानिंग कर रहे हैं। ठंड का मौसम, छुट्टियों का सही मेल और पहाड़ों की ओर खिंचता मन—इन सबने हिल स्टेशनों को फिर से चर्चा में ला दिया है। भले ही इस बार जनवरी में बर्फबारी उम्मीद से कम रही हो, लेकिन फिर भी लोग सफेद नजारों की तलाश में निकलने को तैयार हैं।

कई परिवार और युवा ट्रैवलर्स रिपब्लिक डे की छुट्टी को यादगार बनाने के लिए पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं। अगर आप भी इस खास मौके पर घूमने का मन बना रहे हैं, तो जान लेना जरूरी है कि इस दौरान कहां-कहां बर्फबारी देखने का मौका मिल सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज


मौसम विभाग के अनुसार 19 से 25 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके चलते मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के बाद ठंड बढ़ेगी, जबकि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। यही वजह है कि ऊंचाई वाले डेस्टिनेशन इस समय ज्यादा बेहतर विकल्प बन सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में इस बार केवल ऊपरी इलाकों में ही बर्फबारी की उम्मीद है। शिमला, कसौली और कुफरी जैसे लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट्स पर स्नोफॉल की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

मनाली

अगर हिमाचल जाने का प्लान है, तो मनाली आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। एक्यू वेदर के मुताबिक 26 से 28 जनवरी के बीच यहां बर्फबारी होने के आसार हैं।

स्पीति

स्पीति घाटी पहले से ही बर्फ से ढकी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार 26 और 27 जनवरी को यहां फिर से अच्छी बर्फबारी हो सकती है, जो एडवेंचर लवर्स को खासा पसंद आएगी।

मणिकरण

मणिकरण अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। एक्यू वेदर के अनुसार 26-27 जनवरी को यहां बर्फबारी संभव है, जो इस जगह को और भी जन्नत बना देगी।

उत्तराखंड

उत्तराखंड में भी इस बार बर्फबारी कम रही है। धनौल्टी, कौसानी और नैनीताल जैसे इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना नहीं है, हालांकि ठंड और बारिश के बाद मौसम सुहावना रहेगा।

औली

औली को बर्फबारी के लिए सबसे बेहतरीन जगह माना जाता है। यहां 26 और 27 जनवरी को स्नोफॉल के आसार हैं, साथ ही स्कीइंग जैसे स्नो स्पोर्ट्स का मजा भी लिया जा सकता है।

चोपता

रुद्रप्रयाग जिले में स्थित चोपता अपनी शांत वादियों के लिए मशहूर है। एक्यू वेदर के मुताबिक 26-27 जनवरी को यहां बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जो इसे परफेक्ट वीकेंड गेटवे बना देती है।

लॉन्ग वीकेंड पर कहां जाएं?

अगर जनवरी के आखिरी हफ्ते में बर्फबारी देखने का प्लान है, तो ऊंचाई वाले इलाके चुनना ज्यादा समझदारी होगी। मौसम की ताजा अपडेट्स पर नजर रखते हुए ट्रिप प्लान करें, ताकि आपकी यात्रा यादगार बन सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।