एक ही फ्लाइट, एक ही तारीख... फिर एक टिकट ₹1,500 और एक ₹5,000 का कैसे? जानिए असली वजह
क्या आपने कभी देखा है कि एक ही तारीख में एक ही फ्लाइट की दो सीटें अलग-अलग दाम में बिक रही हैं? एक सीट की कीमत 1,500 रुपये और दूसरी की कीमत 5,000 रुपये। पहली नजर में ये सिस्टम की गलती या अचानक बढ़ा किराया लग सकता है, लेकिन असल में ऐसा सरकार की UDAN योजना की वजह से होता है — जो छोटे शहरों को जोड़ने और आम आदमी को हवाई सफर का मौका देने के लिए बनाई गई है
UDAN फ्लाइट्स में 50% सीटों पर सरकार सब्सिडी देती है
क्या आपने कभी देखा है कि एक ही तारीख में एक ही फ्लाइट की दो सीटें अलग-अलग दाम में बिक रही हैं? एक सीट की कीमत 1,500 रुपये और दूसरी की कीमत 5,000 रुपये। पहली नजर में ये सिस्टम की गलती या अचानक बढ़ा किराया लग सकता है, लेकिन असल में ऐसा सरकार की UDAN योजना की वजह से होता है — जो छोटे शहरों को जोड़ने और आम आदमी को हवाई सफर का मौका देने के लिए बनाई गई है।
क्या है UDAN योजना?
UDAN का मतलब है “उड़े देश का आम नागरिक”। ये सरकार की एक क्षेत्रीय संपर्क योजना है, जिसका मकसद देश के छोटे शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ना और किफायती टिकट के जरिए आम लोगों को हवाई सफर का अनुभव देना है।
सरकार अब तक 619 रूट्स को UDAN स्कीम के तहत ऑपरेशनल घोषित कर चुकी है, जिन पर इंडिगो (IndiGo), स्पाइसजेट (SpiceJet), अलायंय एयर (Alliance Air), फ्लाई91 (Fly91), स्टार एयर (Star Air) जैसी प्रमुख एयरलाइंस उड़ान भर रही हैं।
कैसे तय होती है टिकट की कीमत?
UDAN फ्लाइट्स में 50% सीटों पर सरकार सब्सिडी देती है, जिन्हें वायबिलिटी गैप फडिंग (VGF) सीट्स कहा जाता है। एयरलाइंस इन रूट्स पर बोली लगाती हैं और जो सबसे कम किराया और सबसे कम सब्सिडी मांगे, उसे रूट मिल जाता है।
मान लीजिए कि कोई एयरलाइन 90 मिनट के रूट पर 70 सीटों वाला विमान उड़ाती है। तो इसमें से आधी सीट यानी कि 35 सीटों का सरकार UDAN स्कीम के तहत किराया फिक्स कर देती है और एयरलाइन कंपनी को उसके बदले में सब्सिडी देती है। बाकी बची 35 सीटें को एयरलाइन कंपनी मार्केट रेट पर बेचती हैं। यही वजह है कि एक ही फ्लाइट की और एक ही तारीख पर कीमतें इतनी अलग-अलग हो सकती हैं।
सरकार की ओर से तय किराया सीमा
सरकार ने UDAN स्कीम के तहत किराए की अधिकतम सीमा इस तरह तय किया है:
- 500 किमी तक की उड़ान: ₹3,948 प्रति सीट
- 800 किमी तक की उड़ान: ₹5,527 प्रति सीट
- हेलिकॉप्टर रूट्स: ₹2,579 से ₹5,169 तक (समय के आधार पर)
एयरलाइंस को क्या फायदे मिलते हैं?
UDAN रूट्स पर उड़ान भरने वाली एयरलाइंस को कई फायदे मिलते हैं:
- ATF (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) पर VAT सिर्फ 1%
- लैंडिंग और पार्किंग शुल्क नहीं
- नेविगेशन और टर्मिनल फीस माफ
- बिजली और पानी जैसी सुविधाएं रियायती दर पर
- सब्सिडी की वैधता: रूट शुरू होने के 3 साल तक
क्या सभी 619 रूट्स पर फ्लाइट्स चल रही हैं?
सरकार ने भले ही 619 रूट्स को ऑपरेशनल घोषित किया है, लेकिन सभी रूट्स पर फिलहाल उड़ानें नहीं चल रहीं। कुछ रूट्स जैसे सिंधुदुर्ग-हैदराबाद या वाराणसी-पटना को शुरू तो किया गया था, लेकिन बाद में कम डिमांड या संचालन से जुड़ी दिक्कतों के चलते रोक दिया गया।
फिर भी, इस योजना को कुछ हद तक सफलता मिली है। सरकार का कहना है कि इन रूट्स पर अब तक 1.5 करोड़ यात्री UDAN स्कीम के तहत सफर कर चुके हैं। अगले 10 सालों में इस संख्या को 4 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने और 120 नए रूट्स जोड़ने का लक्ष्य है।
तो अगली बार जब आप एक ही फ्लाइट में टिकट की कीमतों में भारी अंतर देखें, तो समझ जाइए कि यह UDAN योजना का हिस्सा है। अगर आप सस्ते में हवाई यात्रा करना चाहते हैं, तो जल्दी बुकिंग करें और सरकार की इस शानदार योजना का लाभ उठाएं।