फ्लाइट बुक करते समय आपने प्रीमियम इकॉनमी का ऑप्शन जरूर देखा होगा। कई लोग इसे सिर्फ थोड़ी बड़ी सीट समझते हैं, लेकिन असल में यह इकॉनमी और बिजनेस क्लास के बीच का ऐसा ऑप्शन है, जो कम खर्च में ज्यादा आराम देने के लिए बनाया गया है। अगर आप भी अगली फ्लाइट में प्रीमियम इकॉनमी चुनने की सोच रहे हैं, तो पहले जान लें कि इसमें आपको कौन-कौन सी सुविधाएं मिल सकती हैं:
सिर्फ लेगरूम नहीं, बेहतर आराम
प्रीमियम इकॉनमी में सिर्फ पैरों के लिए ज्यादा जगह ही नहीं मिलती, बल्कि सीटें भी स्टैंडर्ड इकॉनमी क्लास से ज्यादा चौड़ी और आरामदायक होती हैं। इनमें सीट ज्यादा पीछे झुकती है और कई फ्लाइट्स में लेग रेस्ट या फुटरेस्ट भी मिलता है। लंबी फ्लाइट में इससे बैठना, सोना और काम करना काफी आसान हो जाता है।
इस क्लास का केबिन अक्सर मेन इकॉनमी सेक्शन से अलग होता है। यहां पैसेंजर की संख्या कम होने के कारण शोर-शराबा और लोगों की आवाजाही भी कम रहती है। इससे पूरी जर्नी ज्यादा शांत, आरामदायक और प्राइवेट महसूस होती है।
प्रीमियम इकॉनमी में एयरलाइंस अक्सर बेहतर मील, बड़े एंटरटेनमेंट स्क्रीन, चार्जिंग पॉइंट, एमिनिटी किट और कुछ रूट्स पर कॉम्प्लिमेंट्री ड्रिंक्स जैसी सुविधाएं देती हैं। ये छोटी-छोटी चीजें पूरी फ्लाइट के एक्सपीरियंस को ज्यादा आरामदायक और खास बना देती हैं।
बिना झंझट एयरपोर्ट एक्सपीरियंस
इस क्लास के पैसेंजर को कई एयरलाइंस प्राथमिकता वाला चेक-इन, जल्दी बोर्डिंग और एक्स्ट्रा बैगेज अलाउंस जैसी सुविधाएं देती हैं। कुछ जगहों पर तेज सिक्योरिटी लेन का ऑप्शन भी मिल सकता है। इससे सफर की शुरुआत ही ज्यादा आसान और कम स्ट्रेस वाली होती है।
कम कीमत में ज्यादा कम्फर्ट
लंबी फ्लाइट में अगर आप थोड़ा ज्यादा आराम चाहते हैं, लेकिन बिजनेस क्लास का भारी किराया खर्च नहीं करना चाहते, तो प्रीमियम इकॉनमी आपके लिए बेहतर ऑप्शन बन सकती है। इसमें इकॉनमी के मुकाबले ज्यादा स्पेस, कम्फर्टेबल सीट और कुछ एक्स्ट्रा फैसिलिटी मिलती हैं, जिससे बिना बहुत ज्यादा बजट बढ़ाए सफर का एक्सपीरियंस बेहतर बनाया जा सकता है।
हर एयरलाइन की प्रीमियम इकॉनमी एक जैसी नहीं होती। कहीं सिर्फ सीट बेहतर मिलती है, तो कहीं खाने, बैगेज और बोर्डिंग जैसी ज्यादा सुविधाएं भी शामिल होती हैं। इसलिए टिकट बुक करने से पहले उस एयरलाइन की प्रीमियम इकॉनमी में मिलने वाले सभी बेनिफिट्स जरूर पढ़ लें, ताकि आपको अपने पैसे की सही कीमत मिल सके।
Disclaimer: प्रीमियम इकॉनमी में मिलने वाली फैसिलिटी एयरलाइन, फ्लाइट रूट और टिकट के प्रकार के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइन की ऑफिशियल इनफार्मेशन जरूर चेक कर लें।