सिर्फ 700 रुपये, 3 घंटे में पहुंच जाएंगे कटरा से श्रीनगर! 7 जून से शुरू होगी वंदे भारत ट्रेन

Katra to Srinagar: कटरा से श्रीनगर सिर्फ 3 घंटे और 700 रुपये में पहुंच जाएंगे। कल शनिवार 7 जून 2025 से दो नई वंदे भारत ट्रेनें कटरा और श्रीनगर के बीच शुरू की जा रही हैं। ये ट्रेनें कश्मीर के लोगों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होंगी। खूबसूरत वादियों से गुजरती हुई, तेज रफ्तार और आरामदायक वंदे भारत ट्रेन..

अपडेटेड Jun 06, 2025 पर 10:31 AM
Story continues below Advertisement
Katra to Srinagar: कटरा से श्रीनगर सिर्फ 3 घंटे और 700 रुपये में पहुंच जाएंगे।

Katra to Srinagar: कटरा से श्रीनगर सिर्फ 3 घंटे और 700 रुपये में पहुंच जाएंगे। कल शनिवार 7 जून 2025 से दो नई वंदे भारत ट्रेनें कटरा और श्रीनगर के बीच शुरू की जा रही हैं। यानी, अब वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कटरा से श्रीनगर घूमने के लिए जाना बहुत आसान हो जाएगा। ये ट्रेनें कश्मीर के लोगों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होंगी। खूबसूरत वादियों से गुजरती हुई, तेज रफ्तार और आरामदायक वंदे भारत ट्रेन अब कश्मीर की नई पहचान बन सकती है। इन ट्रेनों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को करेंगे और 7 जून से आम लोग इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।

सिर्फ 3 घंटे में पहुंचे श्रीनगर

नई वंदे भारत ट्रेनों से कटरा से श्रीनगर का सफर सिर्फ तीन घंटे में पूरा होगा। ट्रेन नंबर 26401 सुबह 8:10 बजे कटरा से चलेगी और 11:08 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। बीच में केवल बनिहाल स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉप रहेगा। चेयर कार का किराया 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का 1,320 रुपये होगा। वापसी में ट्रेन नंबर 26402 दोपहर 2 बजे श्रीनगर से कटरा के लिए चलेगी और 4:58 बजे पहुंचेगी। इसका किराया 880 (चेयर कार) और 1,515 रुपये (एग्जीक्यूटिव) होगा। ये ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी। सिर्फ मंगलवार के दिन ये ट्रेनें नहीं चलेंगी।


दूसरी ट्रेन का टाइम और किराया

दूसरी ट्रेन नंबर 26403 दोपहर 2:55 बजे कटरा से रवाना होकर शाम 5:53 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। इसका सफर भी 2 घंटे 58 मिनट का होगा। इस ट्रेन का किराया चेयर कार के लिए 660 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 1,270 रुपये होगा। इसका किराया थोड़ा कम है क्योंकि इसमें केटरिंग चार्ज कम रखा गया है। वापसी की ट्रेन (26404) सुबह 8 बजे श्रीनगर से चलेगी और 10:58 बजे कटरा पहुंचेगी। इसका किराया 715 रुपये और 1,320 रुपये होगा। यह ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी।

कश्मीर को अब देश के रेल नेटवर्क से जोड़ा गया

इन वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत के साथ ही कश्मीर अब देश के बाकी हिस्सों से रेलवे नेटवर्क के जरिए जुड़ गया है। इससे पहले तक कश्मीर घाटी में ट्रेनें तो चलती थीं, लेकिन वो राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ी नहीं थीं। यह कनेक्टिविटी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट (USBRL) के पूरा होने के बाद संभव हो पाई है।

खास मौसम में भी बिना रुकावट चलेगी ट्रेन

कश्मीर में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी को देखते हुए इन ट्रेनों को खास तकनीक से तैयार किया गया है। इनमें पानी और बायो-टॉयलेट के पाइप जमने से रोकने के लिए सिलिकॉन हीटिंग पैड और सेल्फ-हीटिंग केबल्स लगाए गए हैं। कोच में हीटर, 360 डिग्री घूमने वाली सीटें और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं ताकि यात्रियों को हर मौसम में आरामदायक यात्रा मिल सके।

जल्द मिलेगी जम्मू से भी कनेक्टिविटी

फिलहाल ये ट्रेनें कटरा और श्रीनगर के बीच ही चलेंगी, लेकिन भविष्य में इन्हें जम्मू तक बढ़ाने की योजना है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार जम्मू रेलवे स्टेशन पर काम चल रहा है और जैसे ही यह पूरा होगा, वंदे भारत को वहां तक बढ़ा दिया जाएगा।

इंडियन्स को फिलीपींस में मिलेगी वीजा फ्री एंट्री, Air India ने शुरू की मनीला के लिए डायरेक्ट

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।