भारत में घूमने लायक कई जगहें है, इन जगहों पर जाकर आपको ऐसा लगेगा की आप एक अलग ही दुनिया में आ गए हैं। भारत अपनी परंपराओं, मंदिरों और रंग-बिरंगे त्योहारों के लिए फेमस है। इसकी खूबसूरती सिर्फ संस्कृति तक सीमित नहीं है। देश में ऐसी कई प्राकृतिक जगहें हैं जो किसी जादू जैसी लगती हैं। इन जगहों पर आप अपनी फैमली के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं। भारत की ये जगहें इतनी शांत हैं कि वहां पहुंचकर लगता है जैसे किसी दूसरी दुनिया में आ गए हों। ये नजारे दिखाते हैं कि भारत की प्राकृतिक सुंदरता भी उसकी संस्कृति जितनी ही खास है। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में
लद्दाख की जांस्कर घाटी में बना द्रांग द्रुंग ग्लेशियर एक बेहद खूबसूरत और बर्फ से ढका नजारा देखने को मिलता है। ये ऐसा लगता है जैसे पहाड़ों के बीच बर्फ की एक बड़ी नदी बह रही हो। इसकी ऊंची चोटियां, गहरी दरारें और चमकती सफेद बर्फ नीले आसमान के नीचे बहुत सुंदर दिखती हैं। चारों ओर की शांति और प्राकृतिक माहौल इसे और भी खास बनाते हैं। यहां ट्रेकिंग करने वालों के लिए सबसे यादगार पल सिर्फ ग्लेशियर देखना नहीं, बल्कि तारों भरे आसमान के नीचे बर्फीली ठंडी हवा में बिताई गई शांत रातें होती हैं।
कच्छ का सफेद रेगिस्तान, गुजरात
गुजरात का कच्छ के रण में सिर्फ एक रेगिस्तान नहीं, बल्कि एक अद्भुत प्राकृतिक नजारा देखने को मिलता है। सफेद नमक से ढकी ये विशाल धरती दूर तक फैली हुई है और दोपहर की धूप में चमकते क्रिस्टल जैसी लगती है। दिन में इसकी चमक आंखों को चकाचौंध कर देती है, जबकि रात में, खासकर पूर्णिमा के समय, यह पूरी तरह चांदी सी रोशनी में नहाया हुआ दिखता है। दिन से रात में इसका यह जादुई बदलाव ही इसे भारत के सबसे खूबसूरत और अनोखे प्राकृतिक अनुभवों में शामिल करता है।
नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर बसी ज़ुकोउ घाटी एक ऐसी खूबसूरत जगह है जो किसी रंगीन पेंटिंग जैसी लगती है। यहां फैले हरे-भरे मैदान दूर तक नजर आते हैं। मानसून में लिली, रोडोडेंड्रोन और तरह-तरह के जंगली फूल खिलकर इस घाटी को रंगों की चादर में बदल देते हैं। ये नजारा इतना सुंदर होता है कि किसी सपने जैसा लगता है। शहरों के शोर-शराबे से दूर, ज़ुकोउ घाटी एक शांत और जादुई जगह है।
हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी
हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में ऐसा नजारा देकने को मिलता है जैसे किसी दूसरी दुनिया में आ गए हों। यहां ऊंचे सूखे पहाड़, लाल-भूरी जमीन और हवा से घिसी चट्टानें इसे बेहद खास बनाती हैं। यहां पर पुराने मठ ऊंची पहाड़ियों पर बने हैं, जो इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ाते हैं। शांत और दूर-दराज ये घाटी अपने सूनेपन और अनोखी सुंदरता की वजह से सच में किसी और ग्रह जैसी महसूस होती है।
मणिपुर की लोकतक झील देखने में तो आम झील जैसी लगती है, लेकिन पास से देखने पर इसकी असली खूबसूरती सामने आती है। इस झील की खासियत हैं छोटे-छोटे तैरते हुए द्वीप, जिन्हें फुमदी कहा जाता है। ये घास, पौधों और मिट्टी से बने होते हैं और समय के साथ अपना आकार बदलते रहते हैं, जिससे झील हमेशा बदलती हुई सी लगती है। यहां केइबुल लामजाओ नेशनल पार्क भी है, जो दुनिया का एकमात्र तैरता हुआ राष्ट्रीय उद्यान है और दुर्लभ संगाई हिरणों का घर है। अपनी अनोखी बनावट और सुंदरता के कारण लोकतक झील किसी सपनों की जगह जैसी लगती है।