सर्दिया शुरू होते ही भारत की खूबसूरती और बढ़ जाती है। देश के कई हिस्से और पहाड़ियां बर्फ ढक जाते हैं तो वहीं कहीं पर सुनहरे रेगिस्तानी टीले चमकते हैं। समुद्र किनारे की गर्म धूप और शांत मंदिरों का माहौल भी सर्दियों को खास बनाता है। अगर आप ठंडी पहाड़ों में घूमना चाहते हैं या धूप वाले बीच पर आराम करना चाहते हैं, तो भारत की इन जगहों पर जरुर घूमें। यहां पर आप खुद को नेचर के करीब पाएंगे। इन जगहों पर आप इस मौसम का पूरा मजा ले सकते हैं। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में
उत्तराखंड सर्दियों में बर्फीली खूबसूरती और शांत वातावरण का बेहतरीन अनुभव देता है। इस मौसम में औली सफेद बर्फ से ढक जाता है। यहां स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग का मजा लिया जा सकता है। पास का जोशीमठ ट्रेकिंग और शांत माहौल पसंद करने वालों के लिए अच्छा स्थान है। ऋषिकेश और हरिद्वार में गंगा किनारे योग, ध्यान और शाम की आरती मन को शांति देती है।
राजस्थान में सर्दियों का मौसम घूमने के लिए सबसे बढ़िया माना जाता है। इस दौरान आप जयपुर के खूबसूरत किले, जोधपुर की नीली गलियां और उदयपुर की चमचमाती झीलों का आनंद ले सकते हैं। जैसलमेर के रेगिस्तान में ऊंट सफारी शाम के समय बेहद आकर्षक लगती है। यहां के हेरिटेज होटल, लोक नृत्य और संगीत आपको रॉयल माहौल और पुराने जमाने की झलक देते हैं।
सर्दियों में केरल बेहद शांत और खूबसूरत दिखता है। इस समय बैकवाटर और समुद्र तट घूमने के लिए बिल्कुल सही रहते हैं। एलेप्पी में हाउसबोट की सवारी और मुन्नार के चाय बागानों में घूमना यहां का खास आकर्षण है। अगर आपको प्रकृति और वन्यजीव पसंद हैं, तो पेरियार वन्यजीव अभयारण्य में नाव सफारी का मजा भी ले सकते हैं।
सर्दियों में हिमाचल प्रदेश पूरी तरह बर्फ से ढक जाता है और यहां के पहाड़ और भी खूबसूरत दिखने लगते हैं। यह जगह अपने शानदार पर्यटन स्थलों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे शहर हर साल हजारों–लाखों सैलानियों आते हैं। इस मौसम में यहां हर तरफ सफेद बर्फ की चादर बिछी होती है, जो इसे सर्दियों की छुट्टियों के लिए एक बेहतरीन जगह बना देती है।
सर्दियों में उत्तर-पूर्व भारत बहुत ही शांत और खूबसूरत लगता है। यहां आप मेघालय के मशहूर लिविंग रूट ब्रिज देख सकते हैं, सिक्किम के बर्फीले मठों में समय बिता सकते हैं और अरुणाचल प्रदेश की शांत पहाड़ियों का आनंद ले सकते हैं। नागालैंड में इस मौसम में हॉर्नबिल फेस्टिवल होता है, जहां संगीत, नृत्य, कला और स्वादिष्ट खाना लोगों को आकर्षित करता है।