अगर आप सर्दियों में यूरोप घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो ये जगहें अपने ट्रैवल प्लान में जरूर शामिल करें

यूरोप घूमने का नाम आते ही पेरिस, रोम और लंदन जैसे मशहूर शहर याद आते हैं। इनके अलावा यूरोप में कई कम फेमस देश भी हैं, जहां सर्दियों में शांति, सुंदर नजारे और कम खर्च में अच्छा ट्रैवल अनुभव मिलता है। जानें इन जगहों के बारे में

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 5:46 PM
Story continues below Advertisement
अगर आप सर्दियों में यूरोप घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो ये जगहें अपने ट्रैवल प्लान में जरूर शामिल करें

जब भी कभी यूरोप घूमने की बात आती है, तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में पेरिस, रोम और लंदन जैसी कई फेमस शहर आते हैं। लेकिन इंटरनेशनल टूरिस्ट्स की बढ़ती भीड़ के कारण ये जगहें अब टूरिस्ट ट्रैप बनती जा रही हैं। इन जगहों पर अब काफी भीड़ होती है और काफी खर्चीला भी होता है। वहीं इन देशों के अलावा भी यूरोप में कई ऐसे कम फेमस देश भी हैं, जहां सर्दियों में शांति, खूबसूरती और कम खर्च में शानदार अनुभव मिल सकता है। अगर आप सर्दियों में यूरोप घूमने का मन बना रहे हैं, तो ये कम जानी-पहचानी जगहें आपके ट्रैवल प्लान में जरूर शामिल की जा सकती हैं।

यहां पर आपको यूरोप की असली और पुरानी खूबसूरती देखने को मिलेगी। इन जगहों पर आप बिना ज्यादा खर्च और शोर-शराबे के यूरोप की सर्दियों का असली मजा ले सकते हैं।

पुर्तगाल


उत्तर यूरोप के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड होती है। पुर्तगाल में सर्दियों का मौसम एक अलग और सुकून भरा अनुभव देता है। लिस्बन और पोर्टो जैसे शहरों में पैदल घूमना काफी आरामदायक होता है। बिना भीड़ के ट्राम राइड, कलरफुल टाइल्स वाली गलियां और सीफूड का मजा सर्दियों में और बढ़ जाता है। छोटे शहर जैसे कास्केस और तवीरा बजट ट्रैवल के लिए अच्छे हैं।

रोमानिया

रोमानिया में सर्दियों का मौसम किसी कहानी की दुनिया जैसा एहसास कराता है। ठंड के दिनों में ट्रांसिल्वेनिया के पुराने शहर, कोहरे से ढके जंगल और भव्य किले और भी ज्यादा खूबसूरत दिखने लगते हैं। यहां बुखारेस्ट, ब्रान कैसल और ब्रासोव भी सर्दियों में घूमने के लिए बेहतरीन जगहें मानी जाती हैं।

हंगरी

सर्दियों में हंगरी किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है। राजधानी बुडापेस्ट में थर्मल बाथ, डेन्यूब नदी और ऐतिहासिक इमारतें देखने लायक होती हैं। एगर और पेक्स जैसे शहर शांत और किफायती रहते हैं।

चेक रिपब्लिक

सर्दियों का मौसम चेक रिपब्लिक की कम जानी-पहचानी खूबसूरती को देखने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है। इस समय यहां भीड़ कम होती है और जगहें ज्यादा शांत लगती हैं। आप प्राग कैसल और चार्ल्स ब्रिज की सर्दियों वाली खूबसूरती देख सकते हैं, वहीं सेस्की क्रुमलोव का पुराना शहर किसी तस्वीर जैसा लगता है। कुटना होरा का बोन चर्च अपनी अलग पहचान रखता है, जबकि कार्लोवी वैरी का स्पा टाउन ठंड के मौसम में सुकून भरा अनुभव देता है।

पोलैंड

अगर आप कम बजट में यूरोपियन सर्दियों का असली मजा लेना चाहते हैं, तो पोलैंड बेहतरीन ऑप्शन है। क्राकोव, व्रोकला और ग्दान्स्क में हल्की बर्फ और खूबसूरत पुराने इलाके देखने को मिलते हैं। विलिज्का साल्ट माइन और टाट्रा पहाड़ भी खास आकर्षण हैं।

बुल्गारिया

बुल्गारिया में इतिहास, प्रकृति और संस्कृति का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है। सर्दियों में राजधानी सोफिया के गुंबददार चर्च और चौड़ी सड़कें बर्फ से ढके नजारों के साथ और भी आकर्षक लगती हैं। आसपास के पहाड़ इस मौसम में स्कीइंग और हल्की ट्रेकिंग के लिए बेहतरीन रहते हैं। प्लोवदिव जैसे शहर शांत, सस्ते और घूमने लायक होते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।