जेल का मतलब ऊंची दीवारें, टाइट सिक्योरिटी और स्ट्रिक्ट रूल होते है। लेकिन दुनिया में कुछ ऐसी जेलें भी हैं, जहां कैदियों को इतनी अच्छी सुविधाएं मिलती हैं कि उन्हें देखकर किसी लग्जरी होटल की फीलिंग होती है। आइए जानते हैं दुनिया की उन सबसे लग्जरी जेलों के बारे में, जहां सजा के साथ-साथ बेहतर जीवन जीने का मौका भी मिलता है:
कहां हैं ये लग्जरी जेलें?
दुनिया की सबसे लग्जरी जेलें मुख्य रूप से नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड और डेनमार्क जैसे नॉर्डिक देशों में हैं। इनमें बास्टॉय जेल, हॉल्डेन जेल और सुकोवेनलिन्ना ओपन प्रिजन दुनिया भर में सबसे ज्यादा चर्चित हैं। इन देशों का मानना है कि जेल का पर्पस केवल सजा देना नहीं, बल्कि कैदियों को सुधारकर समाज में दोबारा सलीके का जीवन जीने के लिए तैयार करना भी है।
इन जेलों में कैदियों को साफ-सुथरे निजी कमरे, आरामदायक बिस्तर, अलग बाथरूम, टीवी, पढ़ने की सुविधा और कई जगहों पर छोटी रसोई तक दी जाती है। जिम, लाइब्रेरी, संगीत कक्ष, खेल के मैदान और खुले पार्क में घूमने की फैसिलिटी भी अवेलेबल होती है। यहां का माहौल सामान्य जेलों की तुलना में काफी शांत और अच्छा होता है, जिससे कैदियों को बेहतर महसूस हो।
पढ़ाई और नौकरी की ट्रेनिंग पर खास जोर
इन जेलों में कैदियों को खाली नहीं बैठाया जाता। उन्हें पढ़ाई पूरी करने, नई भाषा सीखने और कारपेंट्री, खेती, कंप्यूटर, खाना बनाने जैसे कई वोकेशनल स्किल सिखाए जाते हैं। इसका पर्पस यह है कि सजा पूरी होने के बाद वे आसानी से नौकरी पा सकें और दोबारा अपराध की ओर न लौटें।
मेंटल हेल्थ और अच्छा ट्रीटमेंट
इन देशों की जेलों में कैदियों के मेंटल हेल्थ पर भी स्पेशल ध्यान दिया जाता है। साइकोलॉजिस्ट से रेगुलर कंसल्टेशन, काउंसलिंग और स्ट्रेस कम करने वाली एक्टिविटी कराई जाती हैं। जेल कर्मचारी भी कैदियों के साथ अच्छा ट्रीटमेंट करते हैं, जिससे उनमें पॉजिटिव बिहेवियर बढ़ता है।
सिक्योरिटी के साथ खुला माहौल
इन जेलों में सुविधाएं अच्छी होती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि नियम नहीं होते। यहां सिक्योरिटी रहती है और हर कैदी को रूल फॉलो करना पड़ता है। कई ओपन जेलों में कैदियों को काम या पढ़ाई के लिए बाहर जाने की परमिशन भी मिलती है, लेकिन तय समय पर वापस लौटना जरुरी होता है।