Study Abroad Education Loan: विदेश जाकर पढ़ाई करना आज के समय में लाखों भारतीय युवाओं का सबसे बड़ा सपना है। लेकिन इस सुनहरे सपने के साथ एक कड़वी हकीकत और बड़ा सवाल भी जुड़ा है। क्या विदेश की डिग्री के लिए लाखों रुपये का एजुकेशन लोन लेना वाकई समझदारी है? क्या पढ़ाई पूरी होने के बाद मिलने वाली सैलरी उस कर्ज के बोझ को कम कर पाती है?
इस बीच, सोशल मीडिया पर 22 साल की एक लड़की का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने महज 20 साल की उम्र में विदेश से मास्टर्स करने के लिए ₹40 लाख का भारी-भरकम लोन लिया था। अब उसने अपनी पढ़ाई पर किए निवेश का रिटर्न (ROI) को लेकर एक ऐसा चौंकाने वाला नजरिया साझा किया है, जिसने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है।
कौन है यह लड़की और कहां से की है पढ़ाई?
वायरल वीडियो एकता अग्रवाल नाम की यूजर द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। वीडियो में एकता बताती हैं कि उन्होंने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित और टॉप बिजनेस स्कूलों में से एक, INSEAD से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
चूंकि ₹40 लाख का लोन एक बहुत बड़ी वित्तीय जिम्मेदारी है, इसलिए सोशल मीडिया पर हर कोई उनसे एक ही सवाल पूछ रहा था कि आखिर इस निवेश का रिटर्न क्या रहा? क्या उन्हें इसके बदले मोटी सैलरी वाली नौकरी मिली?
'पैसा जरूरी है, लेकिन...'
आमतौर पर लोग शिक्षा के फायदे को सिर्फ मिलने वाले पैकेज या सैलरी से तौलते हैं, लेकिन एकता का मानना इससे बिल्कुल अलग है। वीडियो में उन्होंने कहा, 'हर कोई मुझसे सिर्फ ROI के बारे में पूछता है, और मैं उनसे यही कहती हूं कि पैसा बेशक जरूरी है। लेकिन अगर आप एक बेहतरीन और नामी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट होते हैं, तो आपको मिलने वाले बड़े अवसरों के दम पर आप आसानी से अपना कर्ज चुका देंगे'।
नेटवर्क ही वास्तव में है आपकी असली नेटवर्थ
एकता ने स्पष्ट किया कि उनके लिए रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट का मतलब सिर्फ बैंक बैलेंस या जॉब ऑफर नहीं है। उन्होंने अपनी इस यात्रा में सबसे ज्यादा अहमियत ग्लोबल एक्सपोजर, लाइफ एक्सपीरियंस और रिश्तों को दी है। एकता ने बताया, 'आज 22 साल की उम्र में मेरे 33 अलग-अलग देशों में दोस्त हैं और दुनिया की टॉप कंपनियों में काम करने वाले 20000 से अधिक पूर्व छात्रों तक मेरी सीधी पहुंच है'।
उन्होंने आगे कहा कि जो अनुभव लोग 40 साल की उम्र में भी हासिल नहीं कर पाते, वो मुझे 22 साल में मिल गए हैं। मैंने जीवनभर के लिए सच्चे दोस्त कमाए हैं और यही मेरा असली रिटर्न है। आपका नेटवर्क ही वास्तव में आपकी असली नेटवर्थ होती है।
एकता के इस वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट दो धड़ों में बंट गया है। कुछ लोग उनके इस मैच्योर और प्रोग्रेसिव नजरिए की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे अव्यावहारिक बता रहे हैं। एक यूजर ने एकता से सहमति जताते हुए लिखा, 'बिल्कुल सच बात है, आपका नेटवर्क ही आपकी नेटवर्थ है'। वहीं दूसरे यूजर ने चिंता जताते हुए व्यावहारिक सवाल दागा, '33 देशों के लोग आपकी बैंक EMI नहीं भरने आएंगे! यह बताओ कि अभी आप हर महीने कितना कमा रही हो?'
Disclaimer: यह स्टोरी सोशल मीडिया पर शेयर किए गए यूजर-जेनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल हिंदी इस वीडियो या इसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि या समर्थन नहीं करता है।