पंजाब के 24 साल के बढ़ई ने बेटी के जन्म के एक दिन बाद जीती 1.5 करोड़ की लॉटरी, खुश होकर बेटी का नाम रखा 'बरकत'

पंजाब में अपनी गर्भवती पत्नी को मेडिकल चेक-अप के लिए ले जाते समय बढ़ई ने लॉटरी का एक टिकट खरीदा था। 1.5 करोड़ रुपये जीतने के बाद उसने कहा कि वह इस इनामी राशि का इस्तेमाल अपनी नवजात बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कर सकेगा।

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 1:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सिंह ने 4 नवंबर को बुढलाडा में एक लॉटरी स्टॉल से यह टिकट खरीदा था। उस समय वह अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को मेडिकल जांच के लिए मानसा के एक अस्पताल ले जा रहे थे।

पंजाब के 24 वर्षीय बढ़ई (कारपेंटर) युद्धवीर सिंह के घर जब बेटी ने जन्म लिया तो कई रिश्तेदारों ने उनसे कहा- 'हमें तो लड़का चाहिए था।' उन्हें क्या पता था कि इस बच्ची का आना परिवार के लिए एक ऐसा मोड़ साबित होगा जो उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा। बच्ची के जन्म के ठीक एक दिन बाद सिंह ने राज्य लॉटरी में 1.5 करोड़ रुपये जीते। अब उनका मानना ​​है कि उनकी बेटी अपने साथ उनके घर में सौभाग्य लेकर आई है।

'द ट्रिब्यून' की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के मानसा जिले के बरेटा कस्बे में रहने वाले सिंह ने 'पंजाब स्टेट डियर 200 मंथली लॉटरी' में पहला इनाम जीता है। उनकी बेटी का जन्म 6 नवंबर को हुआ था, जबकि लॉटरी के नतीजों की घोषणा 7 नवंबर को की गई। इस जीत के बाद उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'बरकत' (जिसका अर्थ समृद्धि या खुशहाली होता है) रखने का फैसला किया।

पत्नी को अस्पताल ले जाते समय पंजाब के बढ़ई ने खरीदी थी लॉटरी टिकट


सिंह ने 4 नवंबर को बुढलाडा में एक लॉटरी स्टॉल से यह टिकट खरीदा था। उस समय वह अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को मेडिकल जांच के लिए मानसा के एक अस्पताल ले जा रहे थे। यह टिकट खरीदने की कोई योजना नहीं थी। सिंह अपने मोबाइल फोन नंबर को पोर्ट (एक ऑपरेटर से दूसरे में बदलना) कराने के काम से निकले थे, तभी वे रास्ते में लॉटरी स्टॉल पर रुके और अपनी किस्मत आजमाने के लिए लॉटरी टिकट खरीद ली। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यही टिकट आगे चलकर उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का इनाम दिलाएगी।

हालांकि उनकी पत्नी शुरू में उनके इस फैसले से खुश नहीं थीं। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उन्हें अपने दो कमरों के घर को बनाने के लिए लिया गया कर्ज भी चुकाना था। साथ ही उनके पहले बच्चे के जन्म का समय करीब आ रहा था, जिसके चलते उन्हें मेडिकल खर्चों भी उठाने थे।

सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी ने इस बात पर सवाल उठाया था कि जब उन्हें मेडिकल बिल चुकाने के लिए एक-एक रुपये की जरूरत है तो लॉटरी टिकट पर पैसे क्यों खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्राइवेट अस्पताल ने उनके बिल में 5000 रुपये की भी छूट देने से मना कर दिया था।

ऐसे परिवार के लिए, जो घर के खर्चों और मेडिकल बिलों को संभालने की कोशिश कर रहा हो, लॉटरी टिकट खरीदना कोई प्राथमिकता नहीं हो सकती थी। लेकिन इस फैसले से उन्हें एक ऐसा आर्थिक लाभ मिला जिसकी उन्होंने उम्मीद भी नहीं की थी।

1.5 करोड़ रुपये की लॉटरी के नतीजे आने से एक दिन पहले बेटी का जन्म हुआ

लॉटरी जीतने के समय ने इस मौके को सिंह के लिए और भी खास बना दिया। उनकी बेटी का जन्म 6 नवंबर को हुआ और अगले ही दिन लॉटरी के नतीजे घोषित किए गए। बेटी के जन्म पर रिश्तेदारों की जो कमेंट्स किए थे, वे भी नतीजे आने के बाद एक अलग ही अर्थ रखने लगें। जिस नवजात बच्ची के बारे में कुछ रिश्तेदारों ने शुरू में कहा था कि काश लड़का होता, वही बच्ची लॉटरी जीतने के बाद परिवार की खुशियों का केंद्र बन गई।

सिंह का मानना ​​है कि ये दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं और अपनी किस्मत बदलने का श्रेय वे अपनी बेटी को देते हैं। उन्होंने कहा- "मैंने उसका नाम 'बरकत' (समृद्धि) रखा है। वह हमारे घर में सौभाग्य लेकर आई है। फिर हम उसका कोई और नाम कैसे रख सकते थे?"

सिंह 1.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि का क्या करने की योजना बना रहे हैं?

लॉटरी जीतने से परिवार की आर्थिक स्थिति तो बदल गई है, लेकिन सिंह का कहना है कि उनकी प्राथमिकता अपनी बेटी की पढ़ाई और उसका भविष्य है। बढ़ई ने बताया कि "मेरी बेटी ने मेरी किस्मत बदल दी है। वह अपने साथ अपनी किस्मत लेकर आई है। मैं यह पैसा उसकी पढ़ाई और भविष्य पर खर्च करना चाहता हूं, ताकि वह अपने पैरों पर खड़ी हो सके और एक अच्छी नौकरी पा सके।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।