Get App

पंजाब के 24 साल के बढ़ई ने बेटी के जन्म के एक दिन बाद जीती 1.5 करोड़ की लॉटरी, खुश होकर बेटी का नाम रखा 'बरकत'

पंजाब में अपनी गर्भवती पत्नी को मेडिकल चेक-अप के लिए ले जाते समय बढ़ई ने लॉटरी का एक टिकट खरीदा था। 1.5 करोड़ रुपये जीतने के बाद उसने कहा कि वह इस इनामी राशि का इस्तेमाल अपनी नवजात बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कर सकेगा।

Manushri Bajpaiअपडेटेड Nov 12, 2026 पर 1:42 PM
पंजाब के 24 साल के बढ़ई ने बेटी के जन्म के एक दिन बाद जीती 1.5 करोड़ की लॉटरी, खुश होकर बेटी का नाम रखा 'बरकत'
सिंह ने 4 नवंबर को बुढलाडा में एक लॉटरी स्टॉल से यह टिकट खरीदा था। उस समय वह अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को मेडिकल जांच के लिए मानसा के एक अस्पताल ले जा रहे थे।

पंजाब के 24 वर्षीय बढ़ई (कारपेंटर) युद्धवीर सिंह के घर जब बेटी ने जन्म लिया तो कई रिश्तेदारों ने उनसे कहा- 'हमें तो लड़का चाहिए था।' उन्हें क्या पता था कि इस बच्ची का आना परिवार के लिए एक ऐसा मोड़ साबित होगा जो उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा। बच्ची के जन्म के ठीक एक दिन बाद सिंह ने राज्य लॉटरी में 1.5 करोड़ रुपये जीते। अब उनका मानना ​​है कि उनकी बेटी अपने साथ उनके घर में सौभाग्य लेकर आई है।

'द ट्रिब्यून' की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के मानसा जिले के बरेटा कस्बे में रहने वाले सिंह ने 'पंजाब स्टेट डियर 200 मंथली लॉटरी' में पहला इनाम जीता है। उनकी बेटी का जन्म 6 नवंबर को हुआ था, जबकि लॉटरी के नतीजों की घोषणा 7 नवंबर को की गई। इस जीत के बाद उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'बरकत' (जिसका अर्थ समृद्धि या खुशहाली होता है) रखने का फैसला किया।

पत्नी को अस्पताल ले जाते समय पंजाब के बढ़ई ने खरीदी थी लॉटरी टिकट

सिंह ने 4 नवंबर को बुढलाडा में एक लॉटरी स्टॉल से यह टिकट खरीदा था। उस समय वह अपनी गर्भवती पत्नी हरमन को मेडिकल जांच के लिए मानसा के एक अस्पताल ले जा रहे थे। यह टिकट खरीदने की कोई योजना नहीं थी। सिंह अपने मोबाइल फोन नंबर को पोर्ट (एक ऑपरेटर से दूसरे में बदलना) कराने के काम से निकले थे, तभी वे रास्ते में लॉटरी स्टॉल पर रुके और अपनी किस्मत आजमाने के लिए लॉटरी टिकट खरीद ली। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यही टिकट आगे चलकर उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का इनाम दिलाएगी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें