
बिहार के मोकामा से विधायक और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निष्कासित नेता अनंत सिंह की छोटी बेटी की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। दूल्हे को करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर देने से लेकर घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को SUV, मोटरसाइकिल और स्कूटर देने तक की व्यवस्था की गई है। शादी का आयोजन 10 बीघा से अधिक जमीन पर होगा जबकि घुड़दौड़ के लिए अलग से करीब 12 बीघा का मैदान तैयार किया जा रहा है। अनंत सिंह को छोटे सरकार के नाम से भी जाना जाता है। हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक उनकी बेटी की शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के साथ-साथ संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की छह मॉडल और देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन में करीब चार लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके लिए मेहमानों की संभावित संख्या को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही हैं।
25 नवंबर को शिवांगी सिंह की शादी, MBA कर चुके हैं दूल्हे
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। उनकी शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ये कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। दूल्हे ऋषिकेश कुमार ने MBA की पढ़ाई की है और वह करीब 11 साल तक अमेरिका में रह चुके हैं। शादी की तैयारियां बिहार के मोकामा स्थित अनंत सिंह के गांव लदमा में की जा रही हैं।
दूल्हे के लिए करीब 3 करोड़ की लैंड रोवर डिफेंडर
शादी में सबसे ज्यादा चर्चा दूल्हे को दिए जाने वाले महंगे तोहफे की है। अनंत सिंह ने अपने होने वाले दामाद के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर खरीदी है। यह लग्जरी SUV लदमा गांव पहुंच चुकी है। शादी समारोह के साथ अनंत सिंह अपने सबसे छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी कराने की तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने बेटे को BMW की लग्जरी कार उपहार में दी है। शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही ये महंगी गाड़ियां गांव में चर्चा का विषय बन गई हैं।
10 बीघा से ज्यादा जमीन पर शादी का आयोजन, घुड़दौड़ के लिए अलग मैदान
शादी समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करने के लिए लदमा गांव में 10 बीघा से अधिक जमीन पर आयोजन स्थल तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए करीब 12 बीघा में अलग मैदान बनाया जा रहा है। 25 नवंबर को होने वाली इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दूसरे राज्यों से घुड़सवारों के शामिल होने की उम्मीद है। इस प्रतियोगिता में जीतने वालों के लिए भी बड़े इनाम रखे गए हैं। अनंत सिंह के सहयोगी मनीष कुमार के मुताबिक प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को SUV दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटर मिलेगा।
शादी में चार लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
अनंत सिंह की बेटी की शादी में करीब चार लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। आयोजन से जुड़े लोग इससे भी अधिक मेहमानों के आने की संभावना को ध्यान में रखकर तैयारियां कर रहे हैं। अनंत सिंह ने शादी में अपने परिवार और उनसे जुड़े लोगों के अलावा उन सभी लोगों को आमंत्रित किया है जो उनसे स्नेह रखते हैं। उन्होंने कहा है कि उनके शुभचिंतक और उनसे जुड़े लोग कहीं से भी आएं, उनका स्वागत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता देने की इच्छा
अनंत सिंह से जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शादी का निमंत्रण देने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब दिया कि हां देंगे। इससे पहले अनंत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह शादी की तैयारियों पर चर्चा करते नजर आए थे। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनके परिवार को जिन लोगों ने प्यार और स्नेह दिया है, वे सभी शादी में आएंगे। उनके मुताबिक जनता उनके लिए भगवान की तरह है और कहीं से भी आने वाला हर व्यक्ति उनके लिए उपहार के समान होगा। अनंत सिंह ने कहा कि सभी को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। वह चाहते हैं कि उनके सभी दोस्त, शुभचिंतक और उनसे जुड़े लोग शादी में शामिल हों। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों के फोन नंबर उनके पास हैं, उनसे संपर्क किया जा रहा है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।