बेंगलुरु में AI आधारित ट्रैफिक निगरानी से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान करने के साथ हंसने पर भी मजबूर कर दिया। एक शख्स अपनी बाइक पर अकेले सफर कर रहा था और उसने हेलमेट भी पहन रखा था। इसके बावजूद उसके घर चालान पहुंच गया। वजह बताई गई कि बाइक पर पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं पहना था। मामला तब दिलचस्प हो गया, जब चालान की तस्वीर सामने आई। तस्वीर में बाइक पर कोई दूसरा व्यक्ति नजर नहीं आ रहा था। दरअसल, शख्स ने अपना गिटार पीठ पर बांध रखा था और AI कैमरे ने उसे ही पिलियन राइडर समझ लिया।
इसके बाद ₹500 का चालान जारी कर दिया गया। शख्स ने सोशल मीडिया पर घटना शेयर करते हुए बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से चालान रद्द करने की अपील की। मामला वायरल हुआ तो पुलिस ने भी उनसे चालान रिवर्स कराने को कहा।
Souvik Dutta अपनी पत्नी का दोपहिया वाहन चलाकर जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था और बाइक पर वह अकेले थे। उनके साथ सिर्फ उनका गिटार था, जिसे उन्होंने पीठ पर सुरक्षित तरीके से बांध रखा था। कुछ समय बाद उनकी पत्नी के नाम ₹500 का ट्रैफिक चालान पहुंचा। उसमें आरोप था कि बाइक पर सवार दूसरी यानी पिलियन राइडर ने हेलमेट नहीं पहना था।
चालान की फोटो ने खोल दी पूरी पोल
Dutta ने जब चालान की तस्वीर देखी तो मामला और भी दिलचस्प हो गया। फोटो में वह खुद हेलमेट पहने नजर आ रहे थे, जबकि उनकी पीठ पर बंधा गिटार कैमरे को शायद दूसरी सवारी जैसा दिखाई दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर चालान की तस्वीर शेयर करते हुए बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से इसे रद्द करने की अपील की।
AI की नजर में गिटार बन गया इंसान
Dutta ने अपने पोस्ट में AI आधारित ट्रैफिक निगरानी पर सवाल उठाते हुए बताया कि वह बाइक पर अकेले थे। उनके मुताबिक, कैमरे ने गिटार को पिलियन राइडर समझ लिया और हेलमेट न पहनने का चालान जारी कर दिया। चालान 15 सितंबर की कथित घटना के लिए 16 सितंबर को जारी किया गया था। मामला ORR-Hebbal और Tin Factory के बीच का बताया गया।
पुलिस ने भी माना कि मामला देखना होगा
सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने Dutta के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी और उन्हें चालान रिवर्स कराने के लिए आगे की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। इससे Dutta की परेशानी तो कम हुई, लेकिन AI की तस्वीर पहचानने की क्षमता को लेकर लोगों के बीच चर्चा जरूर शुरू हो गई।
मामला सोशल मीडिया पर पहुंचा तो लोगों ने इसे गंभीर बहस के साथ-साथ मजाक का विषय भी बना दिया। किसी ने AI को “आर्टिफिशियल स्टुपिडिटी” कहकर चुटकी ली तो किसी ने मजाक में कहा कि गिटार का भी “बॉडी” और “नेक” होता है, इसलिए शायद AI ने उसका “हेड” भी मान लिया होगा। कुछ यूजर्स ने हालांकि गंभीर सवाल भी उठाया कि ट्रैफिक चालान पूरी तरह AI के भरोसे नहीं होने चाहिए और ऐसे मामलों में इंसानी जांच की गुंजाइश बनी रहनी चाहिए।