सोशल मीडिया पर मकान मालिक को लेकर किया गया पोस्ट चर्चा में हैं। किराएदार ने बताया कि, मकान मालिक ने फ्लैट की दूसरी चाबी मांगी और कहा कि वह बिना बताए कभी भी घर में आ सकता है। मकान मालिक ने अपनी इस मांग के पीछे तर्क दिया कि घर उसकी संपत्ति है, इसलिए वहां जाने के लिए उसे किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। इसके बाद से किराए पर रहने वाले लोगों की पाईवेसी और मकान मालिकों के अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
किराएदार ने Reddit के r/indianrealestate ग्रुप में अपनी आपबीती साझा की। उसने बताया कि, 'वह हाल ही में अपने भाई के साथ नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु आया था। दोनों अपने ऑफिस के पास बेलंदूर इलाके में दो बेडरूम वाला फ्लैट तलाश रहे थे। इसके लिए उन्होंने शुरुआत में कई स्थानीय प्रॉपर्टी ब्रोकरों से भी संपर्क किया था।' किराएदार ने बताया कि, 'उन्हें ज्यादातर फ्लैट या तो बहुत महंगे मिले या फिर उनकी ऑनलाइन तस्वीरें असली घर से मेल नहीं खाती थीं। इसके अलावा, ब्रोकर भी कमीशन के तौर पर एक महीने का किराया मांग रहे थे, जो उन्हें काफी ज्यादा लगा।'
काफी तलाश के बाद मिला फ्लैट
उन्होंने आगे कहा, "काफी तलाश के बाद दोनों भाइयों को एक रेंटल वेबसाइट पर मकान मालिक की ओर से सीधे दिया गया एक फ्लैट मिला। उन्हें यह घर पसंद आया, क्योंकि यह बड़ा था, अच्छी गेटेड सोसाइटी में था और उनके बजट में भी फिट बैठ रहा था। मकान मालिक से शुरुआती बातचीत भी अच्छी रही। इसके बाद उन्होंने किराए का समझौता किया और पिछले हफ्ते ही फ्लैट में रहने चले गए। लेकिन कुछ समय बाद मामला तब बिगड़ गया, जब मकान मालिक ने फ्लैट की एक एक्स्ट्रा चाबी मांगी। किराएदार को पहले लगा कि, मकान मालिक यह चाबी किसी इमरजेंसी के लिए मांग रहा है, इसलिए उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं हुई। लेकिन, जब उन्होंने पूछा कि क्या फ्लैट में आने से पहले मकान मालिक उन्हें इसकी जानकारी देगा, तो उन्हें चिंता होने लगी।
जब चाहे तो आ सकते हैं घर में?
किराएदार के मुताबिक, इस सवाल पर मकान मालिक नाराज हो गया। उसने कहा कि फ्लैट उसकी संपत्ति है और उसे जब चाहे वहां जाने के लिए किसी की इजाजत लेने की जरूरत नहीं है। किराएदार ने साफ किया कि, उसे मकान मालिक के समय-समय पर फ्लैट देखने से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इसके लिए पहले से सूचना देना जरूरी है। हालांकि, मकान मालिक अपनी बात पर अड़ा रहा। उसका कहना था कि वह पास में ही रहता है और जरूरत पड़ने पर कभी भी फ्लैट देखने आ सकता है। किराएदार ने बताया कि, फ्लैट में बिना पहले सूचना दिए आने की कोई बात न तो मकान मालिक ने शुरुआत में कही थी और न ही किराए के समझौते में इसका जिक्र था।
किराएदार ने बताया कि वे समय पर किराया दे रहे थे और उन्होंने कभी कोई परेशानी भी नहीं खड़ी की। उन्हें मकान मालिक के फ्लैट में आने से दिक्कत नहीं थी, लेकिन इसके लिए पहले बताना जरूरी था। किराएदार को इस बात की चिंता थी कि उनकी गैरमौजूदगी में कोई भी घर के अंदर आ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि पूरा किराया देने के बाद भी क्या उन्हें अपने घर में रहने की आजादी और निजता नहीं मिलनी चाहिए? हालांकि, उनके भाई का मानना था कि अतिरिक्त चाबी देने से विवाद खत्म हो सकता है, लेकिन किराएदार इसके लिए तैयार नहीं था।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद कई Reddit यूजर्स ने भी इस पर अपनी राय दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और किराएदार को इस परेशानी से निपटने के तरीके बताए। एक यूजर ने सलाह दी कि, "किराएदार को नया रेंट एग्रीमेंट बनवाना चाहिए, जिसमें मकान मालिक के बिना बताए घर में आने और किसी नुकसान की जिम्मेदारी से जुड़ी शर्तें साफ हों। उसने कहा कि बेहतर होगा कि किराएदार कोई दूसरी जगह तलाश लें। कई अन्य यूजर्स ने भी मकान मालिक के इस रवैये को गलत बताते हुए दूसरी जगह रहने की सलाह दी।"
एक अन्य यूजर ने बताया कि, "तीन साल पहले उसकी बुजुर्ग मकान मालकिन ने फ्लैट की अतिरिक्त चाबी मांगी थी। यह मांग उन्होंने किराए का समझौता और बाकी सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रखी थी। हालांकि, उनके बेटे ने समझाया कि ऐसा करना सही नहीं है और दोनों चाबियां किराएदार के पास ही रहने दीं।"