फिल्मी स्टाइल में आए 5 शूटर, निकाली बंदूक और कर दी ठाएं ठाएं! पटना में पैरोल पर आए अपराधी की हत्या

Patna Murder: अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। SP ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव ने हमलावरों को 'सरकारी अपराधी' बताया

अपडेटेड Jul 17, 2025 पर 3:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Patna Murder: पटना में पैरोल पर बाहर आए अपराधी की दिनदहाड़े हत्या

पटना में गुरुवार को एक प्राइवेट अस्पताल में हथियारबंद कुछ लोगों ने गोलीबारी की। ये हमला पैरोल पर जेल से बाहर आए हत्या के दोषी पर किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बक्सर जिले के रहने वाले चंदन के रूप में हुई है और वह इलाज के लिए अस्पताल गया था। ये घटना पारस HMRI पटना में हुई। अस्पताल के अंदर लगे CCTV का एक फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हथियारबंद लोग अस्पताल की लॉबी में घुसते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही देर बाद, वे गोलीबारी करके भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

PTI के अनुसार, पटना (सेंट्रल) की SP दीक्षा ने बताया, "हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया गया यह व्यक्ति बेऊर जेल में बंद था और पैरोल पर बाहर आने के बाद इलाज के लिए अस्पताल गया था।"


उन्होंने कहा, "पुलिस को सूचना मिली कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पटना के एक निजी अस्पताल में कुछ हथियारबंद लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब वह अस्पताल में इलाज के लिए आया था। वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था।"

अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। SP ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर यह पुरानी रंजिश का मामला लगता है।

विपक्ष ने हमलावरों के बताया 'सरकारी अपराधी'

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने ‘X’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया, ‘‘सरकारी अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर मारी गोली। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था जी?’’

पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी आरोप लगाया कि इस गोलीबारी ने नीतीश कुमार सरकार की पोल खोल दी है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मैं राज्यपाल से मिलकर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करूंगा। अपराधियों को उनकी जाति के आधार पर मारा जा रहा है।’’

यादव अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।

घर में घुसकर एक शख्स की हत्या

एक और अधिकारी ने बताया कि एक अलग घटना में, बृहस्पतिवार सुबह पटना के शाहपुर इलाके में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान शुभम उर्फ बंटी के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि उस व्यक्ति की घर के बाहर कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। शुभम पर धारदार हथियारों से हमला किया गया।’’

पटना सिटी पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘शुभम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।’’

उन्होंने बताया कि हत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

'अप्रैल-जून में खाली होते हैं किसान, इसलिए ज्यादा होते हैं मर्डर' बिहार में बढ़ते क्राइम पर ADG का अजीबो गरीब बयान

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।