सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसे पहली नजर में देखकर शायद आपको लगे कि सड़क पर सचमुच Coca-Cola का बड़ा हादसा हो गया है। वीडियो में एक Coca-Cola ट्रक खड़ा दिखाई देता है, जिसके एक हिस्से से बड़ी मात्रा में ड्रिंक सड़क पर बह रही है। पास में Mentos का एक ट्रक भी नजर आता है।
तभी कहानी में एंट्री होती है एक शख्स की, जो बड़ा-सा कंटेनर लेकर सड़क पर फैली Coca-Cola को जमा करने लगता है। लेकिन इसके बाद वीडियो अचानक ऐसी दिशा पकड़ लेता है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी।
Mentos की पेटियां निकलीं और मच गया 'धमाका'
शख्स पास खड़े Mentos ट्रक को खोलता है और उसमें से Mentos की कई पेटियां बाहर निकालने लगता है। जैसे ही कैंडी Coca-Cola के संपर्क में आती है, वहां अचानक धुआं और झाग का एक बड़ा गुबार उठता दिखाई देता है। इसके बाद वीडियो और भी फिल्मी हो जाता है। प्रतिक्रिया इतनी जबरदस्त दिखाई जाती है कि शख्स हवा में कई फीट ऊपर उछल जाता है। पूरा दृश्य इतना अतिरंजित है कि यह किसी कॉमेडी फिल्म के सीन जैसा लगता है।
असली सुराग Mentos नहीं, 'mentes' था
वीडियो को ध्यान से देखने वाले सोशल मीडिया यूजर्स ने एक छोटी लेकिन दिलचस्प गलती पकड़ ली। Mentos वाले ट्रक पर ब्रांड का नाम “Mentos” की जगह “mentes” लिखा दिखाई देता है। यही छोटी-सी गड़बड़ी उन संकेतों में शामिल है, जिससे पता चलता है कि वीडियो असली घटना की रिकॉर्डिंग नहीं, बल्कि AI से तैयार किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वीडियो TechHalla ने बनाया है। इसके लिए पहले तस्वीरें तैयार की गईं और फिर उन्हें AI की मदद से वीडियो में बदला गया। निर्माता ने वीडियो बनाने की प्रक्रिया भी सार्वजनिक की है। यानी जिस फुटेज को देखकर लोग सड़क पर हुए किसी अजीब हादसे की कल्पना कर रहे थे, उसके पीछे असल में AI की रचनात्मकता थी।
लोगों ने पकड़ ली AI की छोटी-छोटी गलतियां
वीडियो देखने वाले कई लोगों ने इसके अंदर मौजूद विजुअल गड़बड़ियों पर ध्यान दिया। एक यूजर ने बताया कि Coca-Cola इकट्ठा करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा कंटेनर एक अहम पल में शख्स के हाथ से गायब होता दिखाई देता है। कुछ लोगों ने इस तरह के AI वीडियो की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई। उनका कहना था कि इंटरनेट पर बेहद वास्तविक दिखने वाली लेकिन पूरी तरह काल्पनिक फुटेज की बाढ़ आ रही है।
वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे गंभीरता से लेने के बजाय इसकी बेतुकी कहानी का मजा लिया। एक टिप्पणी में कहा गया कि वीडियो जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, AI कहानी को और ज्यादा अजीब बनाता जाता है और यही इसकी सबसे मजेदार बात है।