दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक खौफना घटना सामने आई है, जहां तौफीक नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नेहा नाम की एक लड़की को एक इमारत की पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल हुई नेहा को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। नेहा के पिता के अनुसार, तौफीक बुर्का पहनकर उनके घर में घुसा और झगड़े के दौरान उसे धक्का भी दिया।
उन्होंने दावा किया कि नेहा करीब तीन साल से तौफीक को जानती थी और उसे राखी बांधती थी, उसे भाई की तरह मानती थी। हालांकि, हाल ही में उसने उससे बातचीत बंद कर दी थी।
नेहा को शादी के लिए कर रहा था परेशान
नेहा के पिता ने बताया, "तौफीक बुर्का पहनकर आया था। मैंने बचाने की कोशिश की तो मुझे धक्का मारा और फिर नेहा को धक्का दे दिया।" परिवार का आरोप है वो उसे धमकी भी देता था।
नेहा की बहन का रो-रो कर बुरा हाल। उसने बताया, "एक महीने से आरोपी तौफीक उसकी बहन को शादी के लिए परेशान कर रहा था।"
मृतका की बहन ने कहा कि CCTV कैमरा देखने पर पता चला कि तौफीक आया था। हम तीनों बहनें उसे राखी बांधती थीं। नेहा ने कुछ दिन पहले मम्मी को बताया था तौफीक उसे परेशान कर रहा है।"
नेहा की बहन ने आगे बताया, "एक महीने से तौफीक मेरी बहन को परेशान कर रहा था और शादी करने का दबाव बना रहा था। मेरी बहन ने मना कर दिया था, लेकिन हमने सोचा भी नहीं था कि वो ऐसा करेगा।"
परिवार का दावा है कि नेहा के दूर रहने के बावजूद तौफीक उसे परेशान कर रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह धमकियां भी दे रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी मुरादाबाद का रहने वाला है और फिलहाल फरार है।