दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम में थोड़ा नरमी आई है। दिल्ली के लोग पिछले कुछ दिनों से आग के गोलों का सामाना कर रहे थे। लेकिन अब बारिश की फुहारों का मजा ले सकते हैं। दिल्ली के आसामान में बादलों ने डेरा जमा लिया है। सुबह से सुहावनी हवा चल रही है। जिससे दिल्ली वासियों को बड़ी राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान जताया है। जिससे लू से राहत मिलने की संभाववा जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान गरज के साथ छीटे पड़ सकते हैं। जिससे तापमान में और ज्यादा गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। दिन के समय में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में आज शाम आंधी की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक आज (29 अप्रैल 2025) देर शाम अचानक मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। यानी आंधी आएगी और इसके बाद बारिश भी हो सकती है। इस बारिश का असर यह होगा कि अधिकतम तापमान पूरे दिल्ली एनसीआर का 40 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा। न्यूनतम तापमान फिलहाल अभी स्थिर नजर आ रहा है। यानी यह तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लेकिन इसमें कल से गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है। कल 30 अप्रैल को भी बादल रहेंगे और कल हवाओं की गति और बढ़ जाएगी। लगभग 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कल तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शहर की वायु गुणवत्ता लगातार सातवें दिन भी 'खराब' श्रेणी में बनी रही. शाम चार बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 266 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।