FIFA World Cup 2026 Prediction: पिछले 3 वर्ल्ड कप की सही भविष्यवाणी करने वाले अर्थशास्त्री ने चुना 2026 का विजेता, टीम का नाम चौंकाने वाला

फुटबॉल की दुनिया में 2026 फीफा वर्ल्ड कप को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच एक ऐसे अर्थशास्त्री की भविष्यवाणी चर्चा में आ गई है, जिसने पिछले तीन वर्ल्ड कप विजेताओं का नाम बिल्कुल सही बताया था। अब उन्होंने 2026 के चैंपियन को लेकर नया दावा किया है, जिसे सुनकर फुटबॉल फैंस हैरान रह गए हैं

अपडेटेड Jun 13, 2026 पर 12:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जोआचिम क्लेमेंट ने अब आगामी 2026 एडिशन के लिए अपनी भविष्यवाणी साझा कर दी है।

फीफा वर्ल्ड कप को लेकर फुटबॉल प्रेमियों का रोमांच चरम पर है। इसी बीच पिछले लगातार तीन वर्ल्ड कप के विजेताओं की बिल्कुल सटीक भविष्यवाणी करने वाले एक अर्थशास्त्री ने साल 2026 के विश्व कप विजेता के नाम का एलान कर दिया है। उन्होंने जिस देश को इस बार का चैंपियन चुना है, उसका नाम जानकर आपको हैरत होगी। खास बात यह है कि इस इकॉनमिस्ट की भविष्यवाणी आंकड़ों और मैथमेटिकल कैलकुलेशन पर आधारित होती है।

हैट्रिक लगा चुका है उनका यह अनोखा फॉर्मूला

इस अर्थशास्त्री ने साल 2014 में जर्मनी, 2018 में फ्रांस और साल 2022 में अर्जेंटीना के विश्व विजेता बनने की बिल्कुल सही भविष्यवाणी की थी। अब फुटबॉल फैंस यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि क्या साल 2026 को लेकर किया गया उनका यह नवीनतम दावा भी सच साबित होगा। इस अनोखे फॉर्मूले को तैयार करने वाले व्यक्ति जर्मनी के अर्थशास्त्री जोआचिम क्लेमें हैं। क्लेमेंट ने एक ऐसा गणितीय मॉडल विकसित किया है, जो किसी भी देश की जनसंख्या के आकार और टीम की रैंकिंग जैसे आंकड़ों का विश्वेषण कर वर्ल्ड कप जीतने की संभावनाओं का आकलन करता है।


शुरुआत में खुद ही हैरान रह गए थे क्लेमेंट

दिलचस्प बात यह है कि जोआचिम क्लेमेंट ने शुरुआत में इस मॉडल को यह साबित करने के लिए बनाया था कि वर्ल्ड कप के विजेता की भविष्यवाणी करना लगभग असंभव है। लेकिन जब उनके मॉडल ने 2014 के वर्ल्ड कप के लिए जर्मनी के नाम का इशारा किया और जर्मनी वाकई चैंपियन बन गया, तो वह खुद हैरान रह गए। एक इंटरव्यू में क्लेमेंट ने कहा था कि पहली बार मैं तब हैरान रह गया था जब ब्राजील में जर्मनी विश्व चैंपियन बना। ऐसा इसलिए भी था क्योंकि उस समय तमाम विशेषज्ञों का कहना था कि कोई भी यूरोपीय टीम दक्षिण अमेरिका की धरती पर कभी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है।

किस्मत के रोल को भी मानते हैं अहम

लगातार तीन सही भविष्यवाणियों के शानदार रिकॉर्ड के बावजूद, क्लेमेंट का मानना है कि उनका यह मॉडल बिल्कुल परफेक्ट नहीं है। DW News से बातचीत में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैंने वास्तव में इसे गलत साबित करने की कोशिश की थी, लेकिन लगातार तीन बार सही अनुमान लगाने के मामले में मैं दुनिया का सबसे भाग्यशाली अर्थशास्त्री होऊंगा। क्लेमेंट के अनुसार, उनका मॉडल टूर्नामेंट के दौरान होने वाली घटनाओं के केवल एक हिस्से को ही समझा सकता है, जबकि बाकी चीजें पूरी तरह से अप्रत्याशित कारकों पर निर्भर करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोग मुझसे बार-बार पूछते हैं कि मेरी 'क्रिस्टल बॉल' क्या कहती है, लेकिन सच तो यह है कि मेरे पास ऐसा कुछ नहीं है। मैं तो बस अब तक भाग्यशाली रहा हूं।

2026 वर्ल्ड कप के लिए चुना यह चौंकाने वाला नाम

जोआचिम क्लेमेंट ने अब आगामी 2026 एडिशन के लिए अपनी भविष्यवाणी साझा कर दी है। जोआचिम क्लेमेंट ने कहा कि एक जर्मन होने के नाते यह कहना मेरे लिए थोड़ा दुखद है, लेकिन मेरी भविष्यवाणी है कि इस बार नीदरलैंड्स अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतने में कामयाब रहेगा। इस चौंकाने वाली भविष्यवाणी ने फुटबॉल फैंस के बीच उत्सुकता और बहस को जन्म दे दिया है। अब दुनिया भर की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या यह जर्मन अर्थशास्त्री साल 2026 में अपनी भविष्यवाणियों की इस जादुई लय को बरकरार रख पाता है या नहीं।

डिलीवरी बॉय को फ्री पिज्जा दिया, लेकिन उसने जो कहा उसे सुनकर उड़ गए ग्राहक के होश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।