दोस्तों के साथ नहीं, परिवार संग छुट्टियां बिता रहे भारतीय युवा! 75% Gen Z और मिलेनियल्स कर रहे मल्टी-जनरेशनल ट्रैवल: सर्वे

Airbnb के सर्वे के मुताबिक, भारत में Gen Z और Millennials के 75% युवा अब परिवार की अलग-अलग जनरेशन के साथ घूमने जाना पसंद कर रहे हैं। जिससे पूरे घर, विला और अपार्टमेंट में ठहरने का ट्रेंड भी बढ़ रहा है।

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 12:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gen Z और Millennials के 75% युवा अब परिवार की अलग-अलग जनरेशन के साथ घूमने जाना पसंद कर रहे हैं।

नई दिल्ली, (PTI)। अब घूमने जाने का मतलब सिर्फ दोस्तों या पार्टनर के साथ छुट्टियां बिताना नहीं रह गया है। युवा अब अपने माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ भी घूमने जाना पसंद कर रहे हैं। यानी परिवार के सभी लोग एक साथ छुट्टियां बिताने और अच्छा समय गुजारने के लिए ट्रिप प्लान कर रहे हैं।

एयरबीएनबी (Airbnb) के एक नए सर्वे में यह बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, भारत में Gen Z और Millennials के 75% लोग परिवार की अलग-अलग पीढ़ियों के साथ घूमने जाना पसंद करते हैं। युवाओं का मानना है कि ऐसी यात्राओं से परिवार के साथ समय बिताने, नई यादें बनाने और रिश्ते मजबूत करने का मौका मिलता है।

परिवार के साथ घूमने की ये हैं वजहें


सर्वे के मुताबिक, परिवार के साथ घूमने की सबसे बड़ी वजह एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिताना है। इसके अलावा लोग साथ में मस्ती करना और अपने रिश्तों को और मजबूत बनाना चाहते हैं।

55% लोग: परिवार के साथ नई यादें बनाना चाहते हैं।

52% लोग: साथ घूमना और मस्ती करना पसंद करते हैं।

51% लोग: परिवार और दोस्तों के साथ अपने रिश्ते मजबूत करना चाहते हैं।

सर्वे में Gen Z के 70% लोगों ने माना कि अब वे कुछ साल पहले के मुकाबले परिवार की अलग-अलग पीढ़ियों के साथ घूमना ज्यादा पसंद करते हैं। इसी वजह से होटल के बजाय पूरा घर, विला या अपार्टमेंट लेने का चलन भी बढ़ रहा है। Airbnb के मुताबिक, भारत में 5 या उससे ज्यादा लोगों वाले ऐसे समूहों की घरेलू ठहरने की जगहों को लेकर खोज में सालाना 55% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है, जिनके साथ बच्चे भी होते हैं।

पहाड़ और गांव जैसी प्राकृतिक जगहें: 56%

समुद्र तट और तटीय इलाके: 47%

ऐतिहासिक और धार्मिक जगहें: 44%

पूरे परिवार के घूमने-फिरने के लिए अच्छी जगहें: 59%

सभी की जरूरतों के हिसाब से सही जगहें: 55%

Gen Z और Millennials का ट्रैवल ट्रेंड

सर्वे के मुताबिक, Gen Z के 60% से ज्यादा युवाओं ने बताया कि उन्होंने पिछले साल दोस्तों और माता-पिता, दोनों के साथ घूमने का प्लान बनाया था। वहीं, Millennials में 49% लोग दोस्तों और 46% लोग माता-पिता के साथ घूमने गए थे। Gen Z के करीब आधे युवा परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए पूरा घर, विला या अपार्टमेंट लेना पसंद करते हैं।

Airbnb के आंकड़ों के मुताबिक, 5 या उससे ज्यादा लोगों वाले समूहों ने ठहरने की जगहों के लिए 80% से ज्यादा खोज भारत में घूमने के लिए की, जबकि 15% से ज्यादा खोज विदेशों के लिए हुई। बेंगलुरु, गोवा, हैदराबाद, नीलगिरि और पुडुचेरी ऐसे बड़े समूहों की पसंदीदा जगहों में शामिल रहीं।

यह सर्वे Airbnb के लिए YouGov ने 28 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 के बीच किया था। इसमें दिल्ली-NCR, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, जयपुर और इंदौर के 18 से 45 साल के 2,012 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें 18 से 29 साल के Gen Z और 30 से 45 साल के Millennials की संख्या बराबर थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।