मेरिका में दो दोस्तों का अचार से जुड़े वीडियो बनाने का शौक करोड़ों के बिजनेस में बदल गया। दोनों पहले सोशल मीडिया पर अचार के वीडियो बनाकर शेयर करते थे। लोगों को उनके वीडियो पसंद आने लगे और धीरे-धीरे उनकी पहचान बढ़ गई। इसके बाद दोनों ने नौकरी छोड़कर अपना फूड स्टार्टअप शुरू किया। आज उनका अचार ब्रांड बड़े रिटेल स्टोर्स तक पहुंच चुका है और कंपनी अब अचार से आगे नए फूड प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की तैयारी में है। आज उनका यह कारोबार 80 करोड़ रुपये से ज्यादा का बन चुका है।
लीह मार्कस और यासमन बख्तियार ने 2023 में TikTok पर अचार से जुड़े वीडियो शेयर करना शुरू किया। लोगों की बढ़ती दिलचस्पी देखकर दोनों ने नौकरी छोड़कर अपना फूड ब्रांड शुरू करने का फैसला किया। आइए जानते हैं क्या है पूरी कहानी
कैसे शुरू किया अचार बिजनेस
लीह मार्कस और यासमन बख्तियार के स्टार्टअप ‘गुड गर्ल स्नैक्स’ ने फरवरी 2024 में ‘हॉट गर्ल पिकल्स’ नाम से अपना अचार ब्रांड शुरू किया। ‘हॉट गर्ल पिकल्स’ को फरवरी 2024 में बाजार में उतारा गया था। शुरुआत में कंपनी ने अपनी वेबसाइट के जरिए सीधे ग्राहकों तक अचार पहुंचाया। ब्रांड का नाम और उसकी पहचान बनाने में सोशल मीडिया पर चलने वाले ट्रेंड्स का भी असर रहा। सीधे ग्राहकों को ऑनलाइन अचार बेचने से फाउंडर्स को यह समझने का मौका मिला कि उनके प्रोडक्ट को लोग कितना पसंद कर रहे हैं। उनके पोडक्ट पर किस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस अनुभव के बाद कंपनी ने बड़े रिटेल स्टोर्स में विस्तार किया।
बड़े स्टोर तक पहुंच रहा कारोबार
लॉस एंजिल्स की यह कंपनी ऑनलाइन बिक्री से शुरू होकर अब बड़े स्टोर्स तक पहुंच गई है। कंपनी के कारोबार ने अब बड़ा विस्तार कर लिया है। ‘हॉट गर्ल पिकल्स’ की बिक्री वेबसाइट के अलावा होल फूड्स मार्केट और इरेवन जैसे स्टोर्स में भी होने लगी है। ग्राहकों की सुविधा के लिए कंपनी ने छोटे ग्रैब-एंड-गो पैक भी बाजार में उतारे हैं। अब लोग पारंपरिक जार के साथ इन छोटे पैकेट्स में भी अचार खरीद सकते हैं। कंपनी युवाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग फ्लेवर और आकर्षक पैकेजिंग पर फोकस कर रही है। CNBC Make It की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 30 लाख डॉलर की सीड फंडिंग जुटाई है और हाल ही में इसकी अनुमानित वैल्यू 85 लाख डॉलर यानी करीब 81.4 करोड़ रुपये आंकी गई।
अचार के कारोबार को शुरू करने के लिए लीह मार्कस और यासमन बख्तियार ने कई लोगों से मदद और सलाह ली। उन्होंने USC के कुछ दोस्तों से बिजनेस के बारे में सीखा और LinkedIn के जरिए इंडस्ट्री के लोगों से फंडिंग, कामकाज और सामान की सप्लाई की जानकारी जुटाई। शुरुआत में दोनों ने दोस्तों और परिवार की मदद से कंपनी के लिए पैसे जुटाए। लीह मार्कस और यासमन बख्तियार ने अपने परिवार और संस्कृति से जुड़े स्वाद को अचार में शामिल किया है। दोनों के परिवारों पर पर्शियन, इजिप्शियन और ट्यूनीशियाई खाने का असर रहा है। अब वे अचार के अलावा नए स्नैक्स और दूसरे फूड प्रोडक्ट्स भी लॉन्च करना चाहते हैं, जिन्हें युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।