गुरुग्राम को देश के सबसे आधुनिक और तेजी से विकसित होते शहरों में गिना जाता है। ऊंची-ऊंची इमारतें, कॉर्पोरेट ऑफिस, लग्जरी सोसायटी और शानदार लाइफस्टाइल इसे लाखों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाते हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग नौकरी और बेहतर अवसरों की तलाश में यहां पहुंचते हैं। लेकिन शहर की चमक-दमक के पीछे कुछ ऐसी चुनौतियां भी हैं, जिनका सामना यहां रहने वाले लोग रोजाना करते हैं। ट्रैफिक जाम, खराब सड़कें, बारिश के दौरान जलभराव और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है।
यही वजह है कि समय-समय पर सोशल मीडिया पर भी गुरुग्राम को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिलती है। हाल ही में एक कंटेंट क्रिएटर ने शहर को लेकर ऐसा मजेदार और अनोखा उदाहरण दिया कि उसका वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। उनकी तुलना ने न सिर्फ लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि कमेंट सेक्शन में भी शहर को लेकर दिलचस्प बहस शुरू हो गई।
'अदरक की तरह हर दिशा में फैल गया शहर'
वीडियो में साक्षी कहती हैं कि गुरुग्राम का नक्शा और विकास ऐसा लगता है, मानो शहर बिना किसी योजना के हर दिशा में फैल गया हो। उनके मुताबिक, बारिश होते ही हालात और बिगड़ जाते हैं। सड़कें पानी से भर जाती हैं, गड्ढों के कारण निकलना मुश्किल हो जाता है और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
'अमीर पिता के बिगड़े बेटे का प्रोजेक्ट लगता है'
साक्षी ने शहर के विकास पर तंज कसते हुए कहा कि गुरुग्राम ऐसा महसूस होता है जैसे किसी बेहद अमीर व्यक्ति के बिगड़े बेटे ने अपनी पसंद से शहर बसाया हो। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बिना सही प्लानिंग के सब कुछ इधर-उधर जोड़कर शहर खड़ा कर दिया गया।
रोज का सफर बना सबसे बड़ी परेशानी
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में रोजाना यात्रा करना बेहद थकाने वाला अनुभव है। खराब सड़कें, लंबा ट्रैफिक और लगातार चल रहे निर्माण कार्य लोगों की दिनचर्या को मुश्किल बना देते हैं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "अच्छी बात बस इतनी है कि यहां रहकर आपकी टॉलरेंस काफी बढ़ जाती है।"
वीडियो पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने कहा कि "गुरुग्राम अदरक की तरह हर जगह उग आया है" वाली तुलना शहर की सबसे सटीक तस्वीर पेश करती है। कुछ लोगों ने खराब सड़कों, धूल और स्ट्रीट लाइट की कमी का जिक्र किया, जबकि एक यूजर ने लिखा कि वह इस शहर में हमेशा के लिए फंस गया है। वहीं, बेंगलुरु के एक यूजर ने मजाक में कहा कि "एक बार बेंगलुरु आ जाओ, फिर गुरुग्राम अच्छा लगने लगेगा।"