हंता वायरस आजकल एक ट्रेंडिंग हेल्थ टॉपिक बन गया है क्योंकि हाल ही में इसके कुछ मामले सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। यह एक दुर्लभ लेकिन गंभीर संक्रमण है, जो मुख्य रूप से चूहों के जरिए फैलता है। खासकर उन जगहों पर इसका खतरा ज्यादा रहता है जहां साफ-सफाई की कमी होती है या चूहों की मौजूदगी अधिक होती है। इसी वजह से लोग इसे लेकर सतर्क हो गए हैं और इसकी तुलना कोरोना वायरस से भी करने लगे हैं। हालांकि दोनों वायरस अलग तरीके से फैलते हैं, लेकिन दोनों ही सेहत पर गंभीर असर डाल सकते हैं।
हंता वायरस को लेकर चर्चा इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि यह कम फैलता है, लेकिन संक्रमण होने पर खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि लोग इसके बारे में सही जानकारी रखें और सावधानी बरतें, ताकि किसी भी जोखिम से बचा जा सके।
हंता वायरस और कोरोना वायरस में अंतर
हंता वायरस और कोरोना वायरस दोनों ही RNA वायरस हैं, लेकिन इनका फैलने का तरीका बिल्कुल अलग है। कोरोना वायरस इंसान से इंसान में तेजी से फैलता है, जबकि हंता वायरस ज्यादातर चूहों के संपर्क से फैलता है और इंसानों के बीच इसका फैलाव बहुत कम होता है। इसी वजह से कोरोना ने महामारी का रूप लिया, लेकिन हंता वायरस सीमित मामलों तक ही रहता है।
हंता वायरस कैसे फैलता है?
यह वायरस सीधे एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता। ये तब फैलता है जब इंसान चूहों के मल, पेशाब या लार के संपर्क में आता है या फिर ऐसी जगहों की हवा सांस के जरिए शरीर में चली जाती है जहां यह वायरस मौजूद होता है। इसलिए यह ज्यादा तर बंद, गंदी या पुराने स्थानों में देखने को मिलता है।
इसके लक्षण क्या होते हैं?
हंता वायरस के शुरुआती लक्षण आम फ्लू जैसे होते हैं, जैसे बुखार, थकान और शरीर में दर्द। लेकिन जैसे-जैसे संक्रमण बढ़ता है, ये गंभीर रूप ले सकता है और सांस लेने में परेशानी, फेफड़ों में पानी भरना या किडनी से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार हंता वायरस कम फैलता है लेकिन अगर किसी को हो जाए तो यह ज्यादा घातक हो सकता है। इसकी मृत्यु दर काफी अधिक होती है। वहीं कोरोना वायरस कम घातक है लेकिन बहुत तेजी से फैलता है, जिसकी वजह से इसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया।
फिलहाल भारत में हंता वायरस को लेकर कोई बड़ा खतरा या अलर्ट नहीं है। यहां इसके मामले बहुत कम पाए जाते हैं और कई बार इसकी पहचान भी मुश्किल हो जाती है क्योंकि इसके लक्षण दूसरी सामान्य बीमारियों जैसे लगते हैं।
इससे बचाव के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। चूहों से दूर रहना, घर को साफ रखना और गंदे या बंद स्थानों की सफाई करते समय सावधानी बरतना बेहद महत्वपूर्ण है। कोरोना से बचाव के लिए हाथ धोना, मास्क पहनना और भीड़ से बचना जैसे उपाय अपनाने चाहिए।